Category: Himachal>Una

  • चिट्ठा मुक्त अभियान का कुटलैहड़ की सभी संस्थान बनें भागीदार: विवेक शर्मा

    चिट्ठा मुक्त अभियान का कुटलैहड़ की सभी संस्थान बनें भागीदार: विवेक शर्मा

    ऊना,सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा चलाए जा रहे हिमाचल ‘चिट्ठा नशा मुक्त अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल में चिट्ठा नशे के खिलाफ आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूल के विद्यार्थियों एनसीसी की टुकड़ी द्वारा निकाली गई चिट्ठा विरोधी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो प्रदेश का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल होगा। बहीं साथ कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका जिला पार्षद सुमित शर्मा एसएमसी प्रबंधन समिति स्कूल स्टाफ अभिभावक के साथ अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय, सरकारी एवं निजी कर्मचारी, धार्मिक, सामाजिक तथा राजनीतिक संस्थाओं को इस अभियान से जुड़कर समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में कुटलैहड़ क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में चिट्ठा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी,जिनमें स्कूल के विद्यार्थी,शिक्षक तथा अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उनका कहना कि युवाओं को नशे की ओर नहीं बल्कि शिक्षा, खेल कूद,संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

    कार्यक्रम के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश भी दिया।

    विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में चिट्ठा या अन्य प्रकार का नशा बेचे जाने की जानकारी मिले तो लोग बिना किसी डर के सीधे उन्हें 98160-40054 पर सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा संबंधित मामले में प्रशासन और पुलिस के माध्यम से तुरंत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

     

     

     

  • बंगाणा के हटली स्कूल में संस्कृति और रचनात्मकता का संगम, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

    बंगाणा के हटली स्कूल में संस्कृति और रचनात्मकता का संगम, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित:  कुटलैहड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में गुरुवार को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिससे विद्यालय परिसर में रचनात्मक वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता के परिणामों में याशिका और जसमीत ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुहक शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि नैंसी और पंशुल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई तथा भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया।

    इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सुनील शर्मा (प्रवक्ता जीव विज्ञान), सोमलता (प्रवक्ता), विवेकशील शर्मा, यशवंत परमार (डीपी) तथा अनुपमा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है। विद्यालय के प्रिंसीपल राजपाल सरोही ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला, साहित्य और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है ताकि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें।

    कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया, विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी आने वाले समय में भी शिक्षा, कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

     

     

     

     

  • समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य : विवेक शर्मा

    समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य : विवेक शर्मा

    ऊना,सुशील पंडित: विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड ऊना की पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। वे गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ऊना के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों, मनरेगा, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों तथा अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, पार्क, श्मशान घाट तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं।

    विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संपर्क मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाई गई है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिली है। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत लंबित सभी कार्यों को 31 मार्च, 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण रास्तों का निर्माण, वर्षा जल संरक्षण, भूमि सुधार, जल निकासी व्यवस्था तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

    विवेक शर्मा ने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का साझा दायित्व है। उन्होंने विधायक निधि के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुख-आश्रय योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को मकान उपलब्ध करवाने तथा गरीब परिवारों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

    उन्होंने आपदा प्रबंधन के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को मकान, आर्थिक सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को पूरा करने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से पंचायतवार विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर कुटलैहड़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक मिंका, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, संबंधित पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • 6 से 8 अगस्त तक जिले में होंगी विशेष ग्राम सभाएं : उपायुक्त जतिन लाल

    6 से 8 अगस्त तक जिले में होंगी विशेष ग्राम सभाएं : उपायुक्त जतिन लाल

    ऊना,सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले में 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में चरण-I से चरण-VII तक चयनित बीपीएल परिवारों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। परिवारों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनकी वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

    उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित बीपीएल परिवारों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जा सके। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत प्रधान, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चयनित परिवारों को समय पर सूचना देने, बैठक स्थलों पर बैठने की व्यवस्था, आवश्यक अभिलेख, विभागीय समन्वय तथा अन्य सभी तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    इस प्रकार रहेगा विशेष ग्राम सभाओं का कार्यक्रम

    विकास खंड अंब के अंतर्गत 6 अगस्त को ग्राम पंचायत डूहल बटवाला, घंघरेट, भगडा, ज्वाल, बेहड़ जस्वा, चरूड़, टकारला, बधमाना, सपौरी, छपरोह, धन्दड़ी, लोहारा लोअर, राजपुर जस्वां, सिद्ध चलेहड़, खरोह, धर्मशाला महंता, पोलीयां पुरोहितां, ठठल, मन्दौली, सेरी व कोहड़छन में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी । 7 अगस्त को अम्बटिल्ला, कटौहड़ कलां, घेवट बेहड़, बदाऊं, अंदौरा लोअर, लडोली, नन्दपुर, मैड़ी खास, त्याई, सारडा, भैरा, दिलवां, डूहल बंगवाला, अंदौरा अप्पर, गिंडपुर मलोन व कुठियाड़ी तथा  8 अगस्त को कुठेड़ा खैरला, कटौहड़ खुर्द, कलरूही, प्रंभ, शिवपुर, भटेड़, धर्मशाला महत्ता खास, मुबारिकपुर, लोहारा अप्पर, जबेहड़, चौआर, ज्वार, धुसाडा, नैहरी नौरंगा, दियाड़ा व नारी चिंतपूर्णी में विशेष ग्राम सभा की बैठकें  होंगी।

    वहीं, विकास खंड बंगाणा के तहत 6 अगस्त को ग्राम पंचायत हटली केसरू, रायपुर, पल्लियाँ, धतोल, अरलूखास, चंगर, बडूही, बल्ह, बैरियां, बोहरू, बुधान, बुढबार, खरयालता, डीहर, डोहगी, टकोली, सोहारी, दोबड़  में बैठकें आयोजित होंगी। 7 अगस्त को ग्राम पंचायत मोमन्यार, जसाणा, चौकी खास, लठियाणी, चमियाडी, टीहरा, कठोह, चुल्हड़ी, ढियुंगली, धुंधला, सिहाना, तनोह, करमाली, थानाकलां, जोल, पलाहटा, घुघन ककराना, टांडा व बौल तथा 8 अगस्त को मलांगड़, सुकड़ियाल, थहडा, पिपलू, छपरोह कलां, चौली, धनेत, मंदली, परोइयां कलां, बल्ह खालसा, अंबेहड़ा-धीरज व डोहक में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी।

    विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत मरवाड़ी, गणु मन्दवाड़ा, सलोह बैरी, जोह, गुगलैहड़, बढ़ेडा राजपूतां, जाडला कोयडी, लोहारली, संघनई, दियोली, घनारी व नंगल जरियाला में 6 अगस्त को ग्राम सभाएं लगेंगी। ग्राम पंचायत डंगोह खुर्द, पीरथीपुर, डंगोह खास, अभयपुर, कुठेड़ा जसवालां, मवा सिंधिया, टटेहड़ा, ओयल, अम्बोआ, मवां कहोलां, चलेट, बबेहड़, रामनगर व नकड़ोह में 7 अगस्त को तथा भद्रकाली, रायपुर, गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर, ब्रह्मपुर, बड़ोह, कलोह, गगरेट अप्पर, अम्बोटा, मरवाड़ी, गणु मन्दवाड़ा, सलोह बैरी, जोह, अमलैहड़ व भंजाल अप्पर में 8 अगस्त को विशेष सभाएं आयोजित होंगी।

    इसके अतिरिक विकास खंड हरोली के तहत कुठारबीत, ललड़ी, पंडोगा निचला, लोअर ललड़ी, नगनोली, लोअर पंजावर, पंडोगा, भदसाली, पंजावर, बढेडा, सलोह, बढेड़ा लोअर, दुलेहड़, पबोवाल, छेत्रां व ईसापुर में 6 अगस्त को, ग्राम पंचायत सिंगा, हलेड़ा बिलना, बाथड़ी, धर्मपुर, हीरानगर, घालुवाल, कांगड़, गोन्दपुर बुल्ला, कुंगड़त, पालकवाह, हीरा, बीटन, सैंसोवाल, बटकलां, भंडियारा व चन्द्रपुर में 7 अगस्त को तथा ग्राम पंचायत भदसाली हार, भदौड़ी, रोडा, बाथू, पोलियां बीत, बालीबाल, हरोली, खड, समनल, भैणी खड, ईसपुर टांडा, नंगलखुर्द, गोन्दपुर जयचन्द, जखेवाल, मल्लूवाल, कर्मपुर में 8 अगस्त को ग्राम सभाएं आयोजित होंगी।

    विकास खंड ऊना के तहत ग्राम पंचायत चताड़ा, देहलां लोअर, देहलां अप्पर, जखेड़ा, अवादा बराना, बीनेवाल, फतेहपुर, जनकौर, डंगोली, झम्बर, कुरियाला, लमलैहड़ी, नंगल सलांगड़ी, नारी, पनोह, डंगेडा, बारसड़ा  में 6 अगस्त को, रायपुर सहोड़ा, टब्बा, मैहतपुर, उदयपुर, झुडोवाल, खानपुर, लमलैहड़ी, मजारा, भडोलियां कलां, छतपुर, भटोली, चड़तगढ़, बटुही, कमोला, डठवाड़ा, धमान्द्री व बसल निचला में 7 अगस्त को तथा सासन, अप्पर बड़डाला, बरनोह, बसोली, मलूकपुर, नंगडा, सनौली, सुनेहरा, अजौली, बडैहर, बनगढ़, बड़डाला, मदनपुर, समुरकलां, त्युडी, टक्का, ठाकुर द्वारा, बदौली, बडसाला, व बसल अप्पर में 8 अगस्त को विशेष ग्राम सभाएं लगेंगी।

  • सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

    सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला ऊना में उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य वस्तुओं के वितरण, पारदर्शिता तथा विभागीय निरीक्षणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

    एडीसी इशांत जसवाल ने कहा कि जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र परिवारों को नियमित एवं पारदर्शी तरीके से आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो तथा व्यवस्था की पारदर्शिता और गुणवत्ता लगातार बनी रहे। उन्होंने बताया कि जिला में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 1,45,944 राशन कार्ड धारकों को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें एपीएल श्रेणी के 3,04,998, बीपीएल के 72,095, अंत्योदय अन्न योजना के 37,449 तथा प्राथमिक गृहस्थियों के 1,26,533 उपभोक्ता शामिल हैं।

    उन्होंने बताया कि जनवरी से जून 2026 की अवधि के दौरान जिला में 43,282 क्विंटल आटा, 29,480 क्विंटल चावल, 13,025 क्विंटल चीनी, 1,720 क्विंटल नमक, 5,322 क्विंटल चना दाल, 2,331 क्विंटल मल्का दाल, 3,585 क्विंटल उड़द दाल, 6,62,598 लीटर सरसों का तेल तथा 22,810 लीटर रिफाइंड ऑयल का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि जनवरी से जून 2026 के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग ने 1,533 निरीक्षण किए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 3,69,404 रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई गई।

    उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश व्यापार लेख आदेश, 1981 के अंतर्गत 34 निरीक्षण किए गए तथा अनियमितता पाए जाने पर एक मामले में कार्रवाई करते हुए 4,424 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पॉलीथीन के उपयोग पर 182 दुकानदारों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

    द्रवित पेट्रोलियम गैस अधिनियम के अंतर्गत 44 निरीक्षण किए गए तथा 9 मामलों में कार्रवाई करते हुए 28,000 रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश ब्रिक्स (कंट्रोल) ऑर्डर, 1970 के तहत 21 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया और दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 21,597 रुपये का जुर्माना लगाया गया और दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 21,597 रुपये का जुर्माना लगाया गया। आवश्यक वस्तु वितरण विनियमन के अंतर्गत 715 निरीक्षण किए गए तथा एक मामले में कार्रवाई करते हुए 8,000 रुपये का जुर्माना किया गया।

    जसवाल ने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण तथा सतत निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

     

  • नशे के खिलाफ ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, विद्यार्थियों को दिलाई एंटी चिट्टा शपथ

    नशे के खिलाफ ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, विद्यार्थियों को दिलाई एंटी चिट्टा शपथ

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान” के तहत युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रमों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव कुमार भाटिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगडां में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों को संबोधित किया।

    कार्यक्रम के दौरान एएसपी संजीव कुमार भाटिया ने विद्यार्थियों को NDPS Act के तहत मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी से जुड़े दुष्परिणामों तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया।

    इसके अलावा विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालनसाइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के सही उपयोग और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपाय भी बताए।

    कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और उपस्थित प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई। सभी ने नशामुक्त, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

    जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशा मुक्त ऊना” अभियान के तहत जागरूकता और प्रभावी कानून प्रवर्तन दोनों स्तरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी या भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

     

     

  • ऊना में कचरा पृथक्करण अनिवार्य, चार श्रेणियों में कचरा एकत्रित करने के दिए  निर्देश

    ऊना में कचरा पृथक्करण अनिवार्य, चार श्रेणियों में कचरा एकत्रित करने के दिए निर्देश

    ऊना,सुशील पंडित: ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ शहरी वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम ऊना में कचरा पृथक्करण को अनिवार्य रूप से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने सफाई शाखा तथा घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने वाले सभी सफाई कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे प्रत्येक घर, दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान से कूड़े-कचरे को निर्धारित चार अलग-अलग श्रेणियों में ही एकत्रित करें।

    संयुक्त आयुक्त ने बताया कि ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के अनुसार कचरे का पृथक्करण जैसे गीला कचरा, सूखा कचरा,  घरेलू हानिकारक कचरा, सैनिटरी कचरा श्रेणीवार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्रोत पर कचरे का पृथक्करण ठोस कचरा प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित चार श्रेणियों में अलग-अलग करके ही सफाई कर्मचारियों को सौंपें। संयुक्त आयुक्त ने कहा कि निर्धारित नियमों का पालन न करने तथा मिश्रित कचरा देने की स्थिति में ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त ऊना के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम ऊना इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि कचरे का सही पृथक्करण केवल नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।

     

     

     

  • उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ब्लक ड्रग पार्क परियोजना का किया निरीक्षण, समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

    उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ब्लक ड्रग पार्क परियोजना का किया निरीक्षण, समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

    ऊना,सुशील पंडित: उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज(मंगलवार) को हरोली विधानसभा के पोलियां में निर्माणाधीन ब्लक ड्रग पार्क परियोजना स्थल का दौरा कर परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    बैठक में जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग तथा हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि ब्लक ड्रग पार्क प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन से हिमाचल प्रदेश देश के ब्लक ड्रग निर्माण क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा तथा औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

    चौहान ने कहा  कि परियोजना के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा वित्तीय बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए हर स्तर पर आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नियमित समीक्षा, प्रभावी निगरानी तथा त्वरित निर्णय प्रक्रिया के माध्यम से कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो सके।इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

    इस मौके पर उद्योग विभाग के अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा, संयुक्त निदेशक उद्योग ऊना अंशुल धीमान, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग ऊना नरेश धीमान,  अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग दर्शन सिंह, डीएफओ ऊना विकल्प यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

     

     

  • उपमंडल बंगाणा में स्कूलों के साथ अन्य स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, बीडीओ बंगाणा ने जारी किए कड़े निर्देश

    उपमंडल बंगाणा में स्कूलों के साथ अन्य स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, बीडीओ बंगाणा ने जारी किए कड़े निर्देश

    ऊना,सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के विकास खंड बंगाणा अधिकारी के एल वर्मा के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अब सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी। खंड विकास अधिकारी बंगाणा ने इस संबंध में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रमुखों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के इस कदम का उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल माहौल तैयार करना, विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना तथा विकास खंड बंगाणा को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान को गति देना है।जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाए और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों का मानना है कि यदि बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ेगा।

    सूखा और गीला कचरा अलग करना होगा अनिवार्य, परिसर में प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध

    बीडीओ बंगाणा के एल वर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी विद्यालयों में कचरे का सूखा एवं गीला पृथक्करण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। विद्यालय परिसर में अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था कर जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित किया जाएगा, ताकि उसके निस्तारण की प्रक्रिया सरल और प्रभावी बन सके। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्लास्टिक की थैलियां, डिस्पोजेबल कप, प्लेट, चम्मच, स्ट्रॉ, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस संबंध में नियमित निगरानी रखें और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन होता है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। प्रशासन का कहना है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इससे मिट्टी, जल स्रोत और वन्यजीव प्रभावित होते हैं। ऐसे में विद्यालयों को प्लास्टिक मुक्त बनाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

    बिकास खंड बंगाणा अधिकारी द्वारा निर्देशों में विद्यालयों को केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति नियमित रूप से जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए समय-समय पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण समारोह, भाषण प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों को विद्यार्थियों को यह समझाने के निर्देश दिए गए हैं कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और जैव विविधता के लिए कितना नुकसानदायक है। साथ ही बच्चों को कपड़े के थैले, स्टील की बोतलें, टिफिन बॉक्स तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालयों में प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अभिभावकों को भी इस मुहिम से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश केवल स्कूल तक सीमित न रहकर घर-घर तक पहुंचे।

    बीडीओ बंगाणा के एल वर्मा द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्यालय परिसर में उत्पन्न होने वाले प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट का अलग-अलग संग्रहण किया जाए तथा अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार का कचरा खुले में फेंकने या जलाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही विद्यार्थियों को भोजन लाने के लिए प्लास्टिक की जगह स्टील, कांच अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन से अपेक्षा की गई है कि वे इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ें, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।

    पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी सरकारी अथवा निजी शिक्षण संस्थान में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित विभाग अपने नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगा। प्रशासन ने सभी विद्यालयों से इन निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा है कि स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त विकास खंड बंगाणा का लक्ष्य तभी सफल होगा, जब शिक्षण संस्थान इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि विद्यालयों से शुरू होने वाली यह पहल भविष्य की पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति अधिक संवेदन शील बनाएगी और स्वच्छ हिमाचल के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

     

     

     

     

  • सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 80 पदों के लिए साक्षात्कार 3 व 4 को

    सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 80 पदों के लिए साक्षात्कार 3 व 4 को

    ऊना,सुशील पंडित: सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 80 पद अधिसूचित किए गए हैं, जिसके लिए साक्षात्कार 3 अगस्त को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय बंगाणा और 4 अगस्त को उप रोजगार कार्यालय अंब में आयोजित किए जा रहे हैं।

    जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और वेतन 18 हज़ार से 24 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगी।

    उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। प्रमाण पत्र मूल रूप से प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।