ऊना,सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा चलाए जा रहे हिमाचल ‘चिट्ठा नशा मुक्त अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल में चिट्ठा नशे के खिलाफ आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूल के विद्यार्थियों एनसीसी की टुकड़ी द्वारा निकाली गई चिट्ठा विरोधी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो प्रदेश का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल होगा। बहीं साथ कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका जिला पार्षद सुमित शर्मा एसएमसी प्रबंधन समिति स्कूल स्टाफ अभिभावक के साथ अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय, सरकारी एवं निजी कर्मचारी, धार्मिक, सामाजिक तथा राजनीतिक संस्थाओं को इस अभियान से जुड़कर समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में कुटलैहड़ क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में चिट्ठा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी,जिनमें स्कूल के विद्यार्थी,शिक्षक तथा अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उनका कहना कि युवाओं को नशे की ओर नहीं बल्कि शिक्षा, खेल कूद,संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश भी दिया।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में चिट्ठा या अन्य प्रकार का नशा बेचे जाने की जानकारी मिले तो लोग बिना किसी डर के सीधे उन्हें 98160-40054 पर सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा संबंधित मामले में प्रशासन और पुलिस के माध्यम से तुरंत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply