ऊना,सुशील पंडित: कुटलैहड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में गुरुवार को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिससे विद्यालय परिसर में रचनात्मक वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता के परिणामों में याशिका और जसमीत ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुहक शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि नैंसी और पंशुल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई तथा भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सुनील शर्मा (प्रवक्ता जीव विज्ञान), सोमलता (प्रवक्ता), विवेकशील शर्मा, यशवंत परमार (डीपी) तथा अनुपमा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है। विद्यालय के प्रिंसीपल राजपाल सरोही ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला, साहित्य और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है ताकि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया, विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी आने वाले समय में भी शिक्षा, कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply