Category: Himachal>Una

  • उप मुख्यमंत्री ने बनौड़े महादेव मंदिर में टेका माथा, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना  

    उप मुख्यमंत्री ने बनौड़े महादेव मंदिर में टेका माथा, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना  

    ऊना,सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को सावन मास के पावन अवसर पर चताड़ा स्थित प्राचीन बनौड़े महादेव शिव मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगल कामना की। इस अवसर पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा तथा वन विभाग के रेंज अधिकारी अंकुश ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति एवं ग्राम पंचायत चताड़ा के प्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्राम पंचायत प्रधान अश्वनी कुमार, उप प्रधान चंचल कुमार, दिनेश शर्मा, मंदीप संघ, रिदम ठाकुर, रितेश शर्मा, जीवन सिंह, दीपक बग्गा, राजीव धीमान सहित अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पूजा-अर्चना संपन्न करवाई।

    उन्होंने कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक महत्व वाला समय है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण बना रहे तथा प्रत्येक नागरिक का जीवन स्वास्थ्य, आनंद और खुशहाली से परिपूर्ण हो। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में बिल्व (बेल) का पौधा भी रोपित किया।

    इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने बनौड़े महादेश्री बनौड़े महादेव गऊशाला के निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है तथा इस प्रकार की सुविधाओं के विकास से धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से आत्मीय भेंट की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण बातचीत की।

     

     

  • भटोली कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, चालक PGI चंडीगढ़ रेफर

    भटोली कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, चालक PGI चंडीगढ़ रेफर

    ऊना,सुशील पंडित:  जिला ऊना के तहत पुलिस थाना सदर ऊना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 27 जुलाई 2026 को दिन के समय अजौली स्थित भटोली कॉलेज के नजदीक हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अज्ञात ट्रक चालक ने अपने ट्रक को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।

    इस दुर्घटना में स्कूटी चालक तुषार कुमार निवासी अजौली, तहसील व जिला ऊना घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए CHC संतोषगढ़ ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

    पुलिस थाना सदर ऊना ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

     

     

  • एडीसी ऊना ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर की समीक्षा बैठक

    एडीसी ऊना ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर की समीक्षा बैठक

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों, ग्रामीण विकास विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

    बैठक में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित जारी निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति पर चर्चा की गई। एडीसी ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल स्वच्छता तक सीमित विषय नहीं है, यह पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और सतत विकास से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वित एवं उत्तरदायी ढंग से कार्य करना होगा।

    उन्होंने जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कम्पोस्ट प्लांट, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों, अपशिष्ट प्रसंस्करण केंद्रों तथा वैज्ञानिक लैंडफिल स्थलों की उपलब्धता एवं संचालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, प्रत्येक शहरी निकाय एवं खंड विकास कार्यालय द्वारा उत्पन्न कचरे की मात्रा, संग्रहण दक्षता, परिवहन व्यवस्था, प्रसंस्करण क्षमता तथा अंतिम निस्तारण व्यवस्था का भी आकलन किया गया।
    एडीसी ने स्रोत स्तर पर चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण (फोर-वे सेग्रीगेशन) को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक एवं सैनिटरी अपशिष्ट के पृथक संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। इसके साथ ही बल्क वेस्ट जनरेटर्स (बीडब्ल्यूजी) की पहचान, पंजीकरण तथा स्थल पर ही अपशिष्ट प्रसंस्करण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

    एडीसी ने लीगेसी (पुराने) कचरा स्थलों की स्थिति तथा बायो-रिमेडिएशन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को सुनिश्चित करने तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीपीसीबी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पोर्टल पर समयबद्ध रिपोर्टिंग, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित समर्पित वेबपेज विकसित करने के विषय पर भी चर्चा की।

    एडीसी ने निर्देश दिए कि प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ तथा आवश्यक सूचनाएं नियमित रूप से अपलोड की जाएं।
    ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए खंड विकास कार्यालयों को संग्रहण केंद्रों एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, प्रतिबंधित एकल-उपयोग प्लास्टिक (एसयूपी) के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान, निरीक्षण, चालान, जब्ती तथा वसूली गई पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने आईईसी गतिविधियों, जन-जागरूकता अभियानों, नागरिक सहभागिता तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों की भागीदारी को बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण और अपशिष्ट में कमी लाने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

    उन्होंने जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति तथा जिला स्तरीय विशेष प्रकोष्ठ के गठन एवं कार्य संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की। एडीसी ने सभी संबंधित विभागों को नियमित समन्वय, सतत निगरानी तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण कुमार, नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, बीडीओ अम्ब ओमपाल डोगरा सहित सभी निकायों के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे।

     

  • गुरु का सम्मान ही नहीं, उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा: संत बाबा बाल जी महाराज

    गुरु का सम्मान ही नहीं, उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा: संत बाबा बाल जी महाराज

    गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, हजारों भक्तों ने किए दर्शन और लिया आशीर्वाद

    ऊना,सुशील पंडित:  श्री राधा कृष्ण मंदिर, कोटला कलां में गुरु पूर्णिमा एवं व्यास पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु राष्ट्रीय संत परमश्रेष्ठ श्री श्री 1008 संत बाबा बाल जी महाराज के पावन दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण भजन-कीर्तन, सत्संग एवं गुरु महिमा के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

    श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए थे। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन करवाए, जिससे पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनी रही। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक गुरु महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

    अपने प्रेरणादायक प्रवचनों में संत बाबा बाल जी महाराज ने गुरु पूजा के विशेष महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही मनुष्य के जीवन से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा या उत्सव नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन को गुरु के आदर्शों, संस्कारों और उपदेशों के अनुरूप ढालने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गुरु के बताए मार्ग पर चलता है, उसके जीवन में सुख, शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक उन्नति स्वतः प्राप्त होती है।

    संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि केवल गुरु का सम्मान करना या उनके चरणों में शीश नवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बताए हुए सत्य, सेवा, सदाचार, प्रेम और मानवता के मार्ग को अपने जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धा और वास्तविक गुरु भक्ति है। गुरु के उपदेशों को व्यवहार में उतारने वाला व्यक्ति स्वयं भी सफल जीवन जीता है और समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।

    उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य का संबंध विश्वास, समर्पण और आत्मीयता का संबंध होता है। गुरु अपने शिष्य को केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही निर्णय लेने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। गुरु का सान्निध्य मनुष्य के चरित्र का निर्माण करता है तथा उसे समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नशामुक्त, संस्कारवान और सेवा भाव से युक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का भी आह्वान किया।

    इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से सत्संग, भजन-कीर्तन एवं गुरु वंदना में भाग लिया। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और गुरु महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

    राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के सचिव किशोर चंद ने बताया कि गुरु पूजा महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा बाल जी महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा उनके ठहरने, भोजन और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर निरंतर चल रहा है, जहां सभी भक्त प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। स्वयंसेवकों की टीमें पूरी निष्ठा और सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन भी श्री राधा कृष्ण मंदिर, कोटला कलां पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। महोत्सव में प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा, विश्वास और आस्था का जीवंत प्रमाण बन रही है।

     

     

  • स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा का प्रेरक संगम

    स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा का प्रेरक संगम

    पद्मश्री विजय चोपड़ा ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया राशन

    ऊना,सुशील पंडित:  हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद (पंजी.) के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को होटल नटराज पैलेस, ऊना में श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति वितरण समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा रहे। जबकि समारोह में ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक ओपी रत्न,मार्किट कमेटी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी,नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में 44 पात्र विधवाओं को 99000 रुपए का तीन माह का राशन दिया गया। जबकि 27 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को 109622 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वर्गीय कंवर हरिसिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

    मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि हिमोत्कर्ष परिषद शिक्षा, स्वास्थय,महिला उत्थान और समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर उन्हें आगे बढऩे का अवसर देना सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है। उन्होंने स्वर्गीय कंवर हरिसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिषद की जनसेवा की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंवर हरिसिंह ने समाज सेवा के क्षेत्र को नया आयाम दिया तथा हिमोत्कर्ष का ऐसा वटवृक्ष लगाया जो पीडि़तों व वंचितों को सहारा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमोत्कर्ष संस्था ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेकों कदम उठाए। ऊना जिला में बच्चियों के लिए स्कूल तथा लड़कियों के लिए अलग से कन्या कॉलेज कंवर हरि सिंह की सोच का नतीजा रहे।        ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कंवर हरि सिंह की सेवाओं को नमन करते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि कंवर हरि सिंह ने सामाजिक उत्थान के लिए धरातल पर कार्य किया। वह न सिर्फ एक अच्छे समाज सेवक रहे,बल्कि एक निर्भीक पत्रकार व प्रखर लेखक भी थे। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि कंवर हरिसिंह ने अनेकों युवाओं को समाज सेवा के क्षेत्र में उतरने के लिए प्रेरित किया।

    कार्यक्रम को हिमोत्कर्ष प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर,महासचिव यशपाल सिंह ठाकुर,नरेश सैणी,कामरेड जगत राम शर्मा, कर्णपाल मनकोटिया व अन्य  वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

    इस अवसर पर हिमोत्कर्ष प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर, ठाकुर यशपाल सिंह, नरेश सैणी, कर्नल डीपी वशिष्ठ, करणपाल मनकोटिया, रजनीश डोगरा, कृष्णपाल शर्मा, वीरेंद्र धर्माणी,डा.जागृति दत्ता, सुरेश कुमार, नरेंद्रजीत सिंह राणा, सुरेश कुमार शर्मा, कृष्ण ठाकुर, पीएस जसवाल, डा.सतीश शर्मा, अशोक ऐरी, ईशान ऐरी, रजनीश लूंबा, इंद्रजीत सिंह, रविंद्र मेहता, रविंद्रनाथ शारदा, केपी सूद, रमा कंवर, मनीषी ठाकुर, मंजू मनकोटिया, अनूपा ठाकुर, कविता गोयल,पूनम रघुवंशी,मीनाक्षी,डा.जागृति दत्ता,अजय ठाकुर,रंजू, मीना, निशा,कमला, सुधीर कुमार,मणि कुमार,विकास कौंडल,राजकुमार,संदीप,रोटरी क्लब ऊना के पूर्व प्रधान ब्रजिंद्रजीत सिंह गोल्डी, भारत विकास परिषद के सचिव संजीब अग्रिहोत्री, डा. शिवपाल कंवर, शिव शशि कंवर, नवदीप कश्यप,ममता कश्यप, डा. मोनिका सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रिंस राजपूत,महासचिव रघु पुरी,महेंद्र वर्मा,अजय शर्मा,राकेश कैलाश,सूरज डडवाल,सुरेंद्र शर्मा,सरोज मोदगिल,विजय साहनी,युवा सेवा क्लब प्रधान मोहन लाल मोहनी,रामपाल धीमान,रविंद्र डोगरा,शेषपाल सिंह,विनोद आंनद,अभिनव धीमान,सोमनाथ कौशल,अभिनव धीमान,राजीव भनोट,रमा कालिया,रंजना जसवाल,हरमेश राणा,पूर्व सैनिक राजेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

    सामाजिक संस्थाओं ने कंवर हरिसिंह को दी श्रदाजंलि

    कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष परिषद,हिमोत्कर्ष महिला मंच,भारत विकास परिषद,रोटरी क्लब ऊना,युवा सेवा क्लब,समता आंदोलन, व्यापार मंडल ऊना के पदाधिकारियों ने हिमोत्कर्ष संस्थापक स्व.कंवर हरिसिंह के चित्र पर पुष्प भेंट कर अपने श्रद्वासुमन अर्पित किए।

    समीक्षा को 21 हजार रुपये छात्रवृति

    समारोह में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्र छात्रवृत्ति-2025 के अंतर्गत थाना कलां निवासी समीक्षा, पुत्री स्वर्गीय विपिन कुमार, जिसने नीट यू जी 2026 में अनुसूचित जाति वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 449वीं रैंक प्राप्त की है, को 21,000 रूपए की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    8 छात्राओं को स्वर्गीय शांति देवी शर्मा व स्व.वीना रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्वर्गीय शांति देवी शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटला खुर्द की बीसीए,बीबीए,बीए व बीकाँम की छात्राओं कोमल देवी, नेहा देवी, सिया रानी, अदिति, अनीता देवी एवं शिवानी चौधरी को कुल 28,344 की छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। स्वर्गीय वीणा रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत शिवानी एवं तमन्ना को कुल 15,278 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

    8 विद्यार्थियों को स्वर्गीय मदन शर्मा व दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्वर्गीय मदन शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदोली के अदिति, प्रीति कपूरिया, अंशिका बाला एवं मोहित को 2,500-2,500 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। स्वर्गीय दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजावर के जसप्रीत कौर, अंशिका, रिया एवं ईशिका को भी 2,500-2,500 की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।

    10 नर्सिंग छात्राओं को स्व.डाँ.हरेकृष्ण गोयल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्व.डॉ. हरे कृष्ण गोयल स्मारक मेधावी नर्सिंग छात्रा हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत रवि शर्मा, कोमल, रूबी, वनी कपिला, छवि, हरसमृत कौर, शालू, साक्षी गुलेरिया, कोमल धीमान एवं दीपिका शर्मा को 2,500 प्रति छात्रा छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

    अमोदिनी योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मिला राशन

    समारोह के दौरान परिषद की अमोदिनी राशन वितरण योजना के अंतर्गत चयनित जरूरतमंद परिवारों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के करकमलों से नि:शुल्क राशन वितरित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि यह योजना लंबे समय से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से संचालित की जा रही है और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

    अतिथियों का किया सम्मान

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन परिषद के जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने किया तथा हिमोत्कर्ष महिला मंच द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

     

     

     

  • न्यू क्लस्टर सिस्टम से प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर संकट

    न्यू क्लस्टर सिस्टम से प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर संकट

    ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में लागू किए जा रहे न्यू क्लस्टर सिस्टम पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय केवल प्रशासनिक एडजस्टमेंट के माध्यम से काम चलाने का प्रयास कर रही है, जिसका सबसे अधिक नुकसान प्राथमिक शिक्षा और छोटे बच्चों के भविष्य को होगा।

    विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि इस नई व्यवस्था से प्राथमिक शिक्षकों के प्रमोशन का पूरा चैनल लगभग समाप्त होने की स्थिति में पहुंच जाएगा। अब जेबीटी शिक्षक भविष्य में हेड टीचर, सेंटर हेड टीचर और ब्लॉक एलीमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर जैसे पदों तक नहीं पहुंच पाएंगे। इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित होगा और उनके कैरियर की प्रगति के अवसर सीमित हो जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि पहले प्राथमिक विद्यालयों की ग्रांट सीधे संबंधित हेड मास्टर या सेंटर हेड मास्टर के माध्यम से स्कूलों के विकास कार्यों पर खर्च होती थी, लेकिन अब यह अधिकार प्रिंसिपल के पास केंद्रित कर दिया गया है। इससे प्राथमिक विद्यालयों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य प्रभावित होंगे और छोटे विद्यालयों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाएगा।

    विधायक सतपाल सत्ती ने आरोप लगाया कि सरकार रिक्त पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरने के बजाय शिक्षकों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजकर केवल एडजस्टमेंट की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि कई प्राथमिक विद्यालयों में जेबीटी शिक्षकों के स्थान पर टीजीटी, सी एंड वी तथा लेक्चरर स्तर के शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेजा जा रहा है। यह व्यवस्था प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों की मनोवैज्ञानिक एवं शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है, क्योंकि इन शिक्षकों का प्रशिक्षण उच्च कक्षाओं के विषयों के अनुरूप होता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि एक-एक प्रिंसिपल को आठ से दस विद्यालयों की जिम्मेदारी सौंपना व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में प्रिंसिपल अधिकांश समय विभिन्न विद्यालयों के दौरे पर रहेंगे, जिससे उनके अपने विद्यालय का प्रशासन और शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित होगी तथा अन्य विद्यालयों में भी नियमित निगरानी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना कठिन हो जाएगा।

    सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार को न्यू क्लस्टर सिस्टम की समीक्षा कर प्राथमिक शिक्षा से जुड़े शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा विशेषज्ञों की राय लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरना चाहिए तथा ऐसी व्यवस्था लागू करनी चाहिए जिससे शिक्षकों के हित सुरक्षित रहें और प्रदेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाले किसी भी निर्णय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों के लिए पर पूर्ववर्ती व्यवस्था को लागू नहीं किया तो भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश भर में शिक्षकों के आंदोलन के साथ खड़ी होगी।

     

     

  • नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: उपायुक्त

    नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: उपायुक्त

    हिमकैप्स इंस्टीट्यूट बढ़ेड़ा में जिला स्तरीय नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत महोत्सव आयोजित, 350 युवाओं ने लिया भाग

    ऊना,सुशील पंडित:  युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत ऊना द्वारा हिमकैप्स इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन, बढ़ेड़ा में जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत महोत्सव” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने भाग। कार्यक्रम में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बतौर मुख्य अतिथि तथा पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

    युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी: जतिन लाल

    उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा सकारात्मक सोच ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार होगा।

    उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इस लड़ाई में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रस्तुतियां केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम भी हैं।

    नशे के विरुद्ध जनआंदोलन बनाना होगा: पुलिस अधीक्षक

    वहीं,  पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कानून ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की सामूहिक जागरूकता और युवाओं की सकारात्मक सोच भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर रहा है, वहीं युवाओं की जागरूक भागीदारी इस अभियान को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का उपयोग समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने तथा नशामुक्त भारत के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

    महोत्सव के अंतर्गत समूह नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक/मूक अभिनय, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, स्लैम पोएट्री, लघु फिल्म/रील तथा स्लोगन लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ एवं जागरूक समाज का संदेश दिया।

    पारदर्शी मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ निर्णायक मंडल

    प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों, प्रशासनिक विभागों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया।

    इस मौके पर उपायुक्त ऊना ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इस बारे जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर हिमकैप्स कॉलेज बढेड़ा के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह, जिला युवा स्पोर्ट्स अधिकारी प्रदीप कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेंद्र शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

     

  • ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए जिला की सभी पंचायतों में लगेंगी विशेष बैठकें, शेडयूल जारी

    ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए जिला की सभी पंचायतों में लगेंगी विशेष बैठकें, शेडयूल जारी

    ऊना,सुशील पंडित: ग्रामीण विकास को अधिक प्रभावी, सहभागी एवं योजनाबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला ऊना की सभी पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास योजना(जीपीडीपी) तैयार करने के लिए विशेष बैठक आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्धारित शेडयूल के अनुसार बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

    विशेष बैठकों का शेडयूल

    जारी आदेशों के मुताबिक विकास खंड गगरेट के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुगलैहड़ बढ़ेड़ा राजपूतां, जाडला कोयड़ी और लोहारली में 1 अगस्त को विशेष बैठकें आयोजित होंगी। कुठेड़ा जसवालां, मवा सिंधियाए टटेहड़ा व ओयल में 2 अगस्त, बडोह, कलोह, गगरेट व गगरेट अप्पर में 3 अगस्त, संघनेई, दियोली, घनारी, नंगल जरियाला में 4 अगस्त, अम्बोआ, मवा कोहलां, चलेट व बबेहड़ में 5 अगस्त, मरवाड़ी, गणु मंदवाड़ा, सलोह वैरी व जोह में 6 अगस्त, डंगोह खुर्द, पिरथीपुर, डंगोह खास व अभयपुर में 7 अगस्त, भद्रकाली, रायेपुर, गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर व ब्रह्मपुर में 8 अगस्त, गोंदपुर बनेहड़ा लोअर, कुनेरन, भंजाल लोअर व कैलाश नगर में 9 अगस्त तथा रामनगर, नकडोह, अमलैहड़, भंजाल अप्पर व चतेहड़ में 10 अगस्त को विशेष बैठकें आयोजित होंगी।

    इसी तरह विकास खंड हरोली के तहत ग्राम पंचायत नगनोली, लोअर पंजावर, पंडोगा व भदसाली में 1 अगस्त को, हीरानगर, घालूवाल, कांगड़ व गोंदुपर बुल्ला में 2 अगस्त, पोलिया बीत, बालीवाल, हरोली व खड्ड में 3 अगस्त, पंजावर, बढ़ेड़ा, सलोह व बढ़ेड़ा लोअर में 4 अगस्त, कंुगड़त, पालकवाह, बीटन व हीरा में 5 अगस्त, कुठारबीत, ललड़ी, पंडोगा निचला व लोअर ललड़ी में 6 अगस्त, सिंगा, हिलेड़ा बिलना, बाथड़ी व धर्मपुर में 7 अगस्त, भदसाली हार, भदौड़ी, रोड़ा व बाथू में 8 अगस्त, समनाल, भैणी खड्ड, ईसुपर टांडा व नंगल खुर्द में 9 अगस्त, दुलैहड़, पूबोवाल, छेत्रां व ईसुपर में 10 अगस्त, सैंसोवाल, बटकलां, भडियारां व चंदपुर में 11 अगस्त तथा गोंदपुर जयचंद, जखेवाल, मल्लूवाल व कर्मपुर में 12 अगस्त को विशेष बैठकें लगेंगी।

    विकास खंड अंब की ग्राम पंचायत बेहड़ जस्वां, चरूडू, टकारला व बधमाणा में 1 अगस्त, सपौरी, छपरोह, धंदड़ी व लोहारा लोअर में 2 अगस्त, अंदौरा लोअर, लडोली, नंदपुर व मैड़ी खास में 3 अगस्त, शिवपुर, भटेड, धर्मशाला महंता खास व मुबारिकपुर में 4 अगस्त, लोहारा अप्पर, जबेहड़, चैआर व ज्वार में 5 अगस्त, डूहल बटवालां, घंघरेट, भगड़ा व ज्वाल में 6 अगस्त, अंब टिल्ला, कटोहड़ कलां, घेबट-बेहड़ व बदाऊं में 7 अगस्त, कुठेड़ खैरला, कटौहड़ खुर्द, कलरूही व प्रम्ब में 8 अगस्त, रिपोह मिसरां, स्थोत्तर, हम्बोली व सूरी में 9 अगस्त, राजपुर जस्वां, सिद्ध चलेहड़, खरोह व धर्मशाला महंता में 10 अगस्त, त्याई, भैरा, सारड़ा व दिलवां में 11 अगस्त, डूहल बंगवाला, अंदौरा अप्पर, गिंदपुर मलौन व कुठियाड़ी में 12 अगस्त, धुसाड़ा, नैहरी नौरंगा, दियाड़ा व नारी चिंतपूर्णी में 13 अगस्त तथा पोलियां पुरोहितां, ठठल, मंदोली, सेरी व कोहाड़छन में 14 अगस्त को विशेष बैठकें आयोजित होंगी।

    विकास खंड ऊना में ग्राम पंचायत अबादा वराना, बीनेवाल, फतेहपुर व जनकौर में 1 अगस्त, झूडोवाल, खानपुर, लमलैहड़ा व मजारा में 2 अगस्त, मलूकपुर, नंगड़ां, सनोली व सुनेहरां में 3 अगस्त, अजौली, बडैहर, बनगढ़ व बहडाला में 4 अगस्त, भड़ोलियां कलां, छतरपुर, भटोली व चड़तगढ़ में 5 अगस्त, चताड़ा, देहलां लोअर, देहलां अप्पर व जखेड़ा में 6 अगस्त, रायपुर सहोड़ां, टब्बा, मैहतपुर व उदयपुर में 7 अगस्त, सासन, अप्पर बहडाला, बरनोह व बसोली में 8 अगस्त, डंगोली, झम्बर, कुरियाला व लमलैहड़ी में 9 अगस्त, मदनपुर, समूरकलां, त्यूड़ी व टक्का में 10 अगस्त, ठाकुर दवारा, बदोली, बडसाला व बसाल अप्पर में 11 अगस्त, बटूही, चलोला, डठबाड़ा, धमांदरी व बसाल लोअर में 12 अगस्त तथा नंगल सलांगड़ी, नारी, पनोह, डंगेहड़ा व बारसड़ा में 13 अगस्त को विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी।

    इसके अलावा विकास खंड बंगाणा की ग्राम पंचायत अरलू खास, चंगर, बडूही व बल्ह में 1 अगस्त, बैरियां, बोहरू, बुधान व बुढवार में 2 अगस्त, चमियाड़ी, टीहरा, कठोह व चुल्हड़ी में 3 अगस्त, छपरोह कलां, चैली, धनेत व मंदली में 4 अगस्त, ढियूंगली, धुंदला, सिहाणा व तनोह में 5 अगस्त, हटली केसरू, रायपुर, पल्लियां व धतोल में 6 अगस्त, मोमन्यार, जसाणा, चैकी खास व लठियाणी में 7 अगस्त, मलांगड़, सुकडियाल, थहड़ा व पिपलू में 8 अगस्त, परोइयां कलां, बल्ह खालसा, डोहक व अम्बेहड़ा धीरज में 9 अगस्त, खरयालता, डीहर, डोहगी व टकोली में 10 अगस्त, करमाली, थानाकलां, जोल व पलाहटा में 11 अगस्त तथा सोहारी, दोबड़, घुघन, ककराना, टांडा व बौल में 12 अगस्त को विशेष बैठक लगेंगी।

  • ज़िला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक संपन्न, विकास कार्यों में समन्वय, पारदर्शिता और जनहित पर दिया विशेष बल

    ज़िला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक संपन्न, विकास कार्यों में समन्वय, पारदर्शिता और जनहित पर दिया विशेष बल

    ऊना,सुशील पंडित: ज़िला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक सोमवार को ज़िला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ज़िला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा विकास खंड अधिकारियों (बीडीओ) ने भाग लिया।

    बैठक के दौरान ज़िला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार ने जनहित एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं एवं योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पहुँच सके। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा जनसहभागिता को भी प्राथमिकता देने पर बल दिया।

    बैठक में जिला परिषद के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए पाँच स्थायी समितियों का गठन किया गया। इनमें साधारण स्थायी समिति, वित्त, संप्रेक्षण एवं योजना समिति, सामाजिक न्याय समिति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति तथा कृषि एवं उद्योग समिति शामिल हैं। इन समितियों के माध्यम से विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े विषयों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

    बैठक के दौरान ज़िला परिषद के उपाध्यक्ष अविनाश मनन ने जिले में बेसहारा गौवंश के संरक्षण, देखभाल एवं आश्रय व्यवस्था को लेकर विस्तार से अपने सुझाव रखे। उन्होंने इस दिशा में दीर्घकालिक एवं सकारात्मक कदम उठाने की बात रखी। इस विषय पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी इशांत जसवाल ने सभी विकास खंड अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित गौसदनों का विस्तृत विवरण शीघ्र उपलब्ध करवाएं, ताकि आवश्यकतानुसार समुचित योजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

    बैठक में जिला परिषद के अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने ज़िला परिषद से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक विषयों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने ज़िला परिषद की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ 16वें वित्त आयोग से संबंधित प्रावधानों, योजनाओं तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

  • जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अनमोल शर्मा विजेता

    जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अनमोल शर्मा विजेता

    ऊना,सुशील पंडित: हिमकेप्स कॉलेज फॉर लॉ एंड नर्सिंग में सोमवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत के थीम पर युवा सेवा एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस भाषण प्रतियोगिता में जिले के 30 से ज्यादा प्रतिभागयों ने हिस्सा लिया। जिसमें अनमोल शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। अनमोल शर्मा ने नशे के खाते में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार दिए तथा अपनी जिंदगी का अनुभव भी साझा किया। अब अनमोल शर्मा आगे चलकर जिला ऊना का प्रतिनिधितव राज्य स्तर पर करेंगे। किस उपलब्धि पर उन्होंने अपनी माताजी, अपने गुरुजनों तथा अपने साथियों का धन्यवाद किया है।