Category: Himachal>Una
-

सड़क निर्माण में बाधा डालने का मामला दर्ज
ऊना/सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब में एचपीपीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सुखविंद्र सिंह की शिकायत पर ठठल में सड़क निर्माण के लिए भूमि कब्जा दिलाने गई प्रशासनिक टीम का विरोध करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, नारेबाजी, गाली-गलौज और रास्ता अवरुद्ध करने के आरोप में राज कुमार व अन्य स्थानीय लोगों के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।• फैक्ट्री कर्मी पर मोबाइल चोरी का आरोपपुलिस थाना टाहलीवाल में भीम कुमार की शिकायत पर उसी कंपनी में कार्यरत अमरजीत उर्फ अमन निवासी पालकवाह के खिलाफ मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।• गलत दिशा से आई कार ने बाइक को मारी टक्करटाहलीवाल थाना क्षेत्र में चंडीगढ़ निवासी सुमित झा पर तेज रफ्तारी और लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का आरोप है। हादसे में बाइक चालक अभय अग्निहोत्री घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

पिपलू मेला संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
ऊना सुशील पंडित : जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का तीन दिवसीय आयोजन शुक्रवार को संपन्न हो गया। 24 से 26 जून तक आयोजित मेले में ऊना सहित विभिन्न जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा अन्य आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। तीन दिनों तक मेले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोग के सदस्य विजय डोगरा भी उनके साथ रहे। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।अपने संबोधन में कुलदीप कुमार ने कहा कि पिपलू जैसे ऐतिहासिक मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संवाहक हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा अनाथ एवं निराश्रित बच्चों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं संवेदनशील और जनहितैषी शासन की मिसाल हैं। उन्होंने ऊना में राज्य अनुसूचित जाति आयोग का कार्यालय स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जिला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिली है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों को बधाई दी और बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का धन्यवाद भी किया।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि मेले को अधिक भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के प्रयास किए गए हैं तथा आने वाले वर्षों में इसका आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में अंतिम दिन सायंकाल बंगाणा के भलेत में कुटलैहड़ महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्य निरंतर जारी हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आह्वान पर प्रदेश में आयोजित एंटी चिट्टा डे के अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा विशेष रूप से युवाओं से नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मेला समिति, प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पिपलू मेला प्रतिवर्ष निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित होता है। भगवान नरसिंह नारायण की पावन स्थली पर लगने वाले इस मेले में श्रद्धालु नई फसल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। समापन समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली गायक ईशांत भारद्वाज, मोहित गर्ग तथा स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देशराज मौदगिल, मेला समिति के अध्यक्ष एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित शर्मा, बीडीओ केएल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
-

एंटी चिट्टा दिवस पर ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
ऊना सुशील पंडित : “एंटी चिट्टा दिवस” के अवसर पर जिला पुलिस ऊना द्वारा जिले भर में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगर निगम कार्यालय ऊना सहित कई स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। जिला पुलिस ऊना के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यार्थियों, अध्यापकों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर नुकसान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” भी दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प करवाया गया।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी आमजन विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। पुलिस का मानना है कि नशे जैसी सामाजिक बुराई पर नियंत्रण केवल जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। -

किराना दुकान से अवैध शराब बरामद, आरोपी पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना टाहलीवाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव सेरी के पास एक किराना दुकान से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार एसआई राजमल के नेतृत्व में टीम ने गुलाम अली निवासी बाथू की किराना दुकान की तलाशी ली, जहां से देसी शराब ‘मोटा संतरा’ की 8 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

रायपुर सहोड़ा में दड़ा-सट्टा लगाते व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा
ऊना : पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रायपुर सहोड़ा के रेलवे फाटक के पास कार्रवाई करते हुए सागर मलिक निवासी नंगल (रूपनगर, पंजाब) को दड़ा-सट्टा लगाते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,010 रुपये की नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। -

एसडीएम कोर्ट के बाहर मारपीट, तीन लोगों पर मामला दर्ज
ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब में एसडीएम कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता प्रकाश चंद निवासी पोलियां पुरोहितां ने आरोप लगाया कि 25 जून को कोर्ट में केस की सुनवाई के बाद बाहर निकलते समय नरेंद्र कुमार, उसकी पत्नी सुषमा शर्मा और बेटे रिधम शर्मा ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-

अवैध निर्माण को लेकर विवाद, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब में अवैध निर्माण को लेकर मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। सुषमा शर्मा निवासी पोलियां पुरोहितां ने शिकायत दी कि 20 जून की शाम प्रकाश चंद शर्मा निवासी तलमेहड़ा अपने कर्मचारियों के साथ कथित अवैध निर्माण कर रहा था। विरोध करने पर उसने अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-

सिद्धचानो मंदिर की मूर्ति खंडित, धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज
ऊना : हरोली क्षेत्र के अपर बढ़ेड़ा स्थित बाबा श्री सिद्धचानो मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राज कुमार ने पुलिस को बताया कि 25 जून की सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रवि कुमार निवासी अपर बढ़ेड़ा ने मंदिर में स्थापित बाबा श्री सिद्धचानो की मूर्ति को नुकसान पहुंचाकर खंडित कर दिया। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

बस चालक पर दराट से हमला, कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज
ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना टाहलीवाल में निजी बस चालक पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दयाशंकर निवासी बाथू ने बताया कि 25 जून की शाम वह ‘सत करतार’ बस चला रहा था। मनुवाल (नंगल खुर्द) पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े तीन युवकों ने बस रुकवाई और उसे नीचे उतार लिया। इसी दौरान ‘धन लक्ष्मी’ बस के चालक रोहित राणा निवासी सलोह ने कथित तौर पर दराट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

डंगोली में बच्चों के मानसिक विकास पर विशेष कार्यक्रम, पंचायत प्रधान लवनीश राणा ने किया शुभारम्भ रहे
ऊना/ सुशील पंडित : बाल विकास परियोजना ऊना के अंतर्गत शुक्रवार को डंगोली के आंगनबाड़ी केंद्र में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के आकलन हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डंगोली के प्रधान लवनीश राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा बच्चों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर पंचायत उपप्रधान गुरमुख सिंह भुल्लर, बीडीसी जय सिंह ठाकुर, पंचायत सदस्य तृप्ता ठाकुर भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पर्यवेक्षक कुलवीर कौर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नरेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के मानसिक विकास, सीखने की क्षमता, स्मरण शक्ति, पहचान क्षमता तथा व्यवहारिक प्रतिक्रियाओं का मूल्यांकन करना है। इसके तहत बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में शामिल कर उनकी समझ और विकास स्तर का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अभिभावकों को भी गतिविधियों में शामिल किया गया, ताकि वे अपने बच्चों की क्षमताओं और विकास की स्थिति को बेहतर ढंग से समझ सकें। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की निर्देशों का पालन करने की योग्यता, एकाग्रता तथा सीखने की क्षमता का परीक्षण किया गया और आवश्यक जानकारियां दर्ज की गईं।
उन्होंने बताया कि एक माह बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों को दोबारा वही गतिविधियां करवाई जाएंगी। इससे उनके विकास में आए बदलाव और प्रगति का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें समय रहते आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है, ताकि उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य अतिथि प्रधान लवनीश राणा ने इस प्रयोग की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का प्रारंभिक मानसिक विकास उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और विकास संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संतोष कुमारी, मनप्रीत कौर, सोमा देवी, सुमन देवी, मीनू, पूजा, सुरजीत कौर, शुभलता, नीलम, बबली, सीमा राठौर तथा अन्य लोग भी मौजूद रहे।