Category: Himachal>Una

  • प्रदेश भर में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है: सत्ती 

    ऊना/सुशील पंडित :ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर फिर से जोरदार हमला बोला है। शुक्रवार यहां जारी बयान में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जिला के साथ-साथ प्रदेश भर में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। हालत यह है कि पुलिस विभाग पीड़ित लोगों को इंसाफ दिलाने की बजाय सत्तारूढ़ दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के निजी काम करने में लगा हुआ है।

    उन्होंने कहा कि जिला भर में अवैध खनन माफिया को एस्कॉर्ट करने के लिए पुलिस के पास पर्याप्त समय है, लेकिन यदि कोई फरियादी पुलिस के पास अपना दुख लेकर जाता है तो पुलिस उल्टा उसी को प्रताड़ित करने लग जाती है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय के मुख्य चौराहे पर एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह करने का प्रयास करने की घटना प्रमाणित करती है कि कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है और पुलिस केवल मात्र माफिया की कठपुतली बनकर रह चुकी है।

    उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र से एक ही दिन में दो ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जहां पुलिस पीड़ित वर्ग को ही प्रताड़ित करने में लगी है। इसके अतिरिक्त जिला भर के अन्य थाने और चौकियों में भी पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है। विधायक ने कहा कि पुलिस के आला अधिकारी भी छात्र-छात्राओं पर गलत तरीके से फिर दर्ज करने से गुरेज नहीं कर रहे। जबकि पुलिस कर्मचारियों को बंधक बनाने वाले लोग खुलेआम घूम रहे हैं।

  • सख्ती से लागू हों सड़क सुरक्षा कानून – उपायुक्त जतिन लाल

    बोले…सड़कों को बनाएं अतिक्रमण मुक्त, अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने के दिए निर्देश


    ऊनासुशील पंडित: उपायुक्त जतिन लाल ने ऊना जिला में सड़क सुरक्षा कानूनों को सख्ती से लागू करने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि ओवर स्पीड और लापरवाही से ओवरटेक दुर्घटना का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसा करने वालों से कड़ाई से निपटें। वे शुक्रवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जतिन लाल ने जिले में सड़कों को सुरक्षित, अतिक्रमण मुक्त तथा यातायात को जोखिम रहित बनाने के लिए एकीकृत दृष्टिकोण से काम करने को कहा। उन्होंने दुर्घनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को पूर्व सुधारात्मक कदम उठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।


    ब्लैक स्पॉट सुधारें
    उपायुक्त ने जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान करके उन्हें सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकतानुरूप सीसीटीवी कैमरे तथा क्रैश बैरियर, पैरापेट, लाइट रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को अगली बैठक में सुधार कार्यों की रिपोर्ट लेकर आने को कहा। उन्होंने हाल ही में टाहलीवाल में हुए तेल टैंकर के भीषण हादसे का जिक्र करते हुए दुर्घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा, साइनेज तथा स्पीड ब्रेकर लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृति ना हो। उपायुक्त ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा अवैध रेहड़ी-फड़ी को हटाने को कहा। बंगाणा तथा लठियाणी समेत सभी महत्वपूर्ण बाजारों, चौक-चौराहों को बाधा मुक्त बनाने के लिए वहां सड़कों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।


    स्कूली वाहनों में अनिवार्य तौर पर हों कंडक्टर
    जतिन लाल ने स्कूली वाहनों की फिटनेस तथा चालकों द्वारा यातायात नियमों का अनुपालन तय बनाने को कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हर स्कूली वाहन में अनिवार्य तैार पर कंडक्टर हो। इसकी अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्हों सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में प्राइवेट स्कूल संचालकों से बैठक कर यह व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को कहा।


    एमसी तथा रोटरी चौक में तड़के सड़क पर ना लगे हुजूम
    उपायुक्त ने ऊना में एमसी पार्क के सामने तथा रोटरी चौक में हर रोज तड़के बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों के सड़क पर लगने वाले हुजूम के मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को इसे लेकर व्यवस्था बनाने को कहा। वहां तड़के लोगों को खड़ा होने के लिए सड़क से हट कर स्थान तय करने के निर्देश दिए, ताकि सुबह सड़क पर एक साथ बड़ी संख्या में लोग न खड़े हों और दुर्घटना की किसी भी आशंका को टाला जा सके।


    ये रहे उपस्थित
    बैठक में एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, अतिरिक्त एसपी (लीव रिर्जव) सुरेंद्र शर्मा, आरटीओ अशोक धीमान, उप निदेशक उच्च शिक्षा राजिन्द्र कौशल, तहसीलदार अम्ब प्रेम लाल धीमान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • धर्मशाला महंतां और बधमाणा में लोगों को बताया वोट का महत्व

    ऊनासुशील पंडित: लोकसभा चुनावों में लोगों की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार नए युवा मतदाताओं और आम लोगों को वोट के प्रति जागरूक करने में जुटा है। इसी के दृष्टिगत जिला की समस्त निर्वाचन क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से स्वीप कार्यक्रम किए जा रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाता जागरूक हो सके और मतदान में लोगों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित हो सके। स्वीप कार्यक्रम के तहत आज शुक्रवार को आईआरबीएन बनगढ़ के एकलव्य कलामंच के कलाकारों ने चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत धर्मशाला महंतां और बधमाणा में लोगों को उनके वोट के महत्व बारे अवगत करवाया।


    इस मौके पर कलाकारों ने सभी को लोकतांत्रिक देश का जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवा हो तुम देश की शान, जागो उठो करो मतदान स्लोगन के जरिए भी मतदाताओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यदि किसी का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो उसे बीएलओ के माध्यम से या वोटर हेल्पलाईन ऐप के माध्यम से बना सकते हैं। कलाकारों ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं। साथ ही अपने घरों और आस पड़ोस के लोगों को मतदान के लिए जागरूक करें।

  • बस और कार में हुई टक्कर, मौत

    ऊना/ सुशील पंडित:  बीती रात करीब साढ़े दस बजे जिला ऊना मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर ऊना -अम्व सड़क पर पड़ते गांव धुसाड़ा में एचआरटीसी चम्वा की बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में कार चालक की मौत हो गई। 

    कार सवार मृतक की पहचान विनोद कुमार(41) पुत्र बंसीलाल निवासी गांव टकारला के रूप में हुई है। विनोद कुमार निजी बैंक कर्मी था।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भिजवाया। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस संख्या (एचपी 73ए 5041) हरिद्वार से चंबा की तरफ जा रही थी। जव यह बस धुसाड़ा पहुंची तो सामने से आ रही कार बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी की कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

    वहीं बस में सवार चालक-परिचालक सहित घायल यात्रियों को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस को दी गई शिकायत में बस चालक निगेश कुमार ने बताया कि कार चालक विनोद कुमार की लापरवाही की वजह से यह हादसा पेश आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • ऊना: पुलिस ने कार से 3 लाख 23 हजार की नकदी बरामद की

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना में फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने संतोषगढ़ में एक कार चालक से 3 लाख 23 हजार रुपए की संदिग्ध राशि बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनावों को लेकर लगी आचार संहिता में फ्लाइंग स्क्वायड की टीम पूरी तरह से सतर्क है। वीरवार को फ्लाइंग स्क्वायड इंचार्ज डॉ. दिनेश परमार की टीम ने एएसआई भगवान दास, एएसआई राम गोपाल व कांस्टेबल अनीता राणा ने चैकिंग के दौरान एक कार संख्या (एचपी 20 जी-3905) की तलाशी ली। तो कार की तलाशी लेने पर चालक विशाल कुमार पुत्र बसंत सिंह निवासी चांदपुर से 3 लाख 23 हजार रुपए बरामद हुए ।जिस के संबंध में विशाल कोई भी सबूत पेश न कर सका तो इन पैसों को सरकारी खजाने में जमा करवा दिए गया।
  • ऊना पुलिस ने पंजाब से पकड़े बाइक चोर

    ऊना/ सुशील पंडित : जिला ऊना के धार्मिक स्थल पीरनिगाह से दो बाईक चुराने वाले शातिर पुलिस ने काबू किए हैं। पुलिस ने आरोपित संदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी सूजों सूरापुर थाना तहसील व जिला शहीद भगत सिंह नगर पंजाब व अमृतपाल सिंह उर्फ मनी पुत्र कुलवन्त सिंह निवासी शाहपुर तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चुराई गई दोनो बाईक भी बरामद कर ली हैं। बता दें कि धार्मिक स्थल पीरनिगाह में 22 अप्रैल को ऊना के जतनप्रीत निवासी ऊना व बसोली के सुभाष चंद्र की बाईक चोरी की थी।
  • मुख्य सचिव ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा

    बोले…मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूकता गतिविधियों पर करें फोकस

    ऊना/ सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने ऊना जिले में लोकसभा चुनाव तथा 2 विधानसभा उपचुनावों में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के लिए कारगर योजना बनाने तथा उसे सटीकता से क्रियान्वित करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव गुरुवार को ऊना जिले में अधिकारियों के साथ बैठक में जिले में चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने चुनावों में मतदाताओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने को जागरूकता गतिविधियों पर अधिक फोकस करने को कहा। उन्होंने इसमें स्वीप कार्यक्रमों के साथ-साथ जन जागरूकता में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों के उपयोग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सीमावर्ती जिला होने के चलते यहां निगरानी टीमों को अधिक सतर्कता और सजगता से कार्यरत रहने के निर्देश दिए। हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने, नाके लगाने के साथ-साथ औचक निरीक्षण तथा चेकिंग अभियान को सही तालमेल से चलाने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित बनाने को भी कहा कि चेकिंग अभियान से आम जनता को अनावश्यक परेशानी ना हो।

    मुख्य सचिव ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चत बनाने को कहा। उन्होंने जिले में सुरक्षा प्रबंधन, मतदान केन्द्रों पर मतदाता सुविधाओं, चुनावी कर्मियों की रिहर्सल समेत चुनाव प्रबंधन से जुड़े हर पहलू पर बारीकी से जानकारी ली तथा आवश्यक मार्गदर्शन किया।

    उन्होंने मतदाताओं के बीच सी-विजिल ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इस दौरान जिला निर्वाचन निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने मुख्य सचिव को पीपीटी के जरिए बताया कि चुनावों के दृष्टिगत जिला में 516 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला में अब तक 4 लाख 28 हजार 589 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2 लाख 11 हजार 684 महिला मतदाता और 2 लाख 16 हजार 901 पुरुष मतदाता और 4 तीसरे लिंग के मतदाता हैं। जतिन लाल ने बताया कि जिले 516 से 377 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऊना जिले में लोकसभा और गगरेट तथा कुटलैहड़ में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।

    इस मौके पर एसपी राकेश सिंह, एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर, सहायक आयुक्त वरिंदर शर्मा, समस्त एसडीएम, तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
  • मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने सौर ऊर्जा संयंत्र पेखुबेला का किया दौरा

    ऊना/ सुशील पंडित : पेखुबेला में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 220 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 32 मैगा वॉट सौर ऊर्जा संयंत्र का आज गुरूवार को मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सौलर पॉवर प्लांट में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द लोगों को इस परियोजना का लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हरिकेश मीणा ने मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों को सौलर पॉवर प्लांट से संबंधित चल रहे सभी निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। इसके अलावा उन्होंने अघलोर और भंजाल में भी स्थापित किए जा रहे सौर ऊर्जा संयंत्र की विस्तृत जानकारी दी।

    मुख्य सचिव ने बल्क ड्रग पार्क को लेकर संबंधित अधिकारियो के साथ की बैठक
    मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बाथू के कॉरपोरेट ऑफिस में बल्क ड्रग पार्क को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग व बिजली विभाग के अधिकारियों से बल्क ड्रग पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा यदि निर्माण कार्यों मे किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो उन्हें इस संबंध में अवगत करवाया जाए ताकि निर्माण कार्याें को सुगमता व समयबद्ध तरीके से किया जा सके। बल्क ड्रग पार्क में 15 एमएलडी जलापूर्ति योजना का 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है इस योजना पर 31.05 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने जलापूर्ति योजना के शेष बचे कार्य को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    बल्क ड्रग पार्क साईट व प्रशासनिक ब्लॉक का भी किया दौरा
    बैठक के उपरांत मुख्य सचिव ने पोलियां बीत में बन रहे बल्क ड्रग साईट, पंजुआना में बनने वाले प्रशासनिक ब्लॉक तथा प्रशासनिक ब्लॉक से बल्क ड्रग पार्क तक बनने वाली सड़क का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, डीसी जतिन लाल, एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान, एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • स्वीप के जरिए मतदान प्रतिशतता बढ़ाने पर जोर

    ऊना/ सुशील पंडित : लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी अधिक से अधिक करने व प्रथम बार मतदान करने वाले नये पंजीकृत मतदाताओं को मताधिकार के महत्व बारे जागरुक करने के उद्देश्य से ज़िला ऊना में संचालित स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत आज चिंतपूर्णी विस क्षे़त्र के गांव खरोह व हाई स्कूल भरेड़ में कार्यक्रम आयोजित किये गये।

    इसी कड़ी में आईआरबीएन बनगढ़ के एकलब्य कलामंच के जत्थे ने गीत, संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरुकता संदेश व मतदान के लिए प्रेरित किया। इन कार्यक्रमों के ज़रिये कलाकारों ने ज़िला के विभिन्न सरकारी व निजी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में विद्यार्थियों के माध्यम से आम जनमानस तक मतदाता जागरूकता संदेश पहुंचाने और उनके मत को सही ढंग से प्रयोग करने की अपील की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूक रैली निकाली जिसमें स्लोगन पट्टियों और नारों के जरिए स्थानीय लोगों को मतदान के प्रति जागरुकता संदेश दिया।

    पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित
    राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में चुनावी साक्षरता क्लब के अंतर्गत शिक्षा विभाग के प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह पटियाल के दिशानिर्देशों द्वारा यह कार्यक्रम संपन्न किया गया। प्राचार्य द्वारा कार्यक्रम के उद्बोधन में सभी को मतदान करने के महत्व के बारे में बताया गया एवं सभी को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की स्थापना के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान आवश्यक है तथा सभी को अपनी विशेष जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
  • ऊना: व्यक्ति ने कचहरी चौक पर किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर धक्के शाही का आरोप

    ऊना/ सुशील पंडित : एक व्यक्ति ने ऊना के कचहरी चौक (बचत भवन) में अपने उपर पैट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह एक व्यक्ति स्कूटी पर आया और उसने चौक में ही स्कूटी रोकी, और अपने साथ लाई बोतल से पैट्रोल अपने ऊपर छिड़क लिया। उसने जैसे ही स्वयं को आग लगाने के लिए माचिस जलाई तो वहां तैनात ट्रैफिक कर्मी और एक दुकानदार ने उसे पकड़ लिया और उसे साइड ले गए जहां उस पर पानी डाला गया। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सिटी पुलिस चौकी ऊना ले गई। वहीं आत्मदाह का प्रयास करने वाला व्यक्ति उपमंडल हरोली के टाहलीवाल निवासी दुकानदार राजीव कौशल थे। कचहरी चौक में आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई है।
    राजीव कौशल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एक लड़ाई-झगड़े के मामले में पुलिस द्वारा उससे और परिवार के साथ धक्के शाही की जा रही है, इसी से तंग आकर उसने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। वहीं टाहलीवाल पुलिस थाना के एसएचओ अशोक चौधरी ने बताया कि कल पुलिस थाना में दोनों पक्षों ने बहसबाजी होने पर कार्रवाई की मांग की थी जिसमें कुछ लड़कों पर वाशिंग मशीन चोरी होने का आरोप लगाया गया था। चुंकि मामला पुराना था। तो बीते कल पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बातचीत के लिए बुलाया जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों तक भी मामला जा पहुंचा है और पुलिस आलाधिकारियों ने भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।