Category: Himachal>Una

  • कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा पहुंचे बगलामुखी मंदिर

    कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा पहुंचे बगलामुखी मंदिर

    ऊना/ सुशील पंडित : हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व विधायक सतपाल रायजादा माता बगलामुखी के चरणों में शीश नवाकर प्रचार करने के उद्देश्य से अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जिला ऊना मुख्यालय से रवाना हुए। ऊना से जिला कांग्रेस अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ विजय डोगरा सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी और जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों सहित रायजादा माता बगलामुखी के लिए रवाना हुए। हालांकि चुनाव प्रचार का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को किया गया, लेकिन इससे पूर्व मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद से ही सतपाल रायजादा समूचे संसदीय क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें करते रहे हैं।

    वहीं इस दौरान रायजादा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हिमाचल देवी-देवताओं की भूमि है और हर कार्य से पहले भगवान के दर्शनों की रीति को ही आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अपने प्रचार का शुभारंभ माता बगुलामुखी में शीश नवाकर करने का निर्णय लिया है। 

    रायजादा ने भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती द्वारा कांग्रेस के मजबूरी में लोकसभा चुनाव लड़ने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस एक योद्धा संगठन है जब-जब देश और प्रदेश पर कोई संकट आया है कांग्रेस ने मजबूती के साथ उसका मुकाबला किया है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी भी कांग्रेस ने ही दिलाई थी और ऐसे में कांग्रेस को कम करके आंकना बीजेपी की बड़ी भूल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के साथ लगातार विश्वासघात किया है और आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को वोट के माध्यम से उस का जवाब दे देगी।
  • ऊना जिले में मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित मिलेंगे मतदान केंद्र

    ऊना जिले में मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित मिलेंगे मतदान केंद्र

    डीसी ने बताया…सभी मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित कर ली गई हैं शत प्रतिशत न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं


    ऊना/ सुशील पंडित : जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि ऊना जिले में सभी मतदान केंद्रों पर शतप्रतिशत न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। जिले में 516 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहां चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मतदान केंद्रों पर लोगों की सुविधा के लिए छायादार स्थान, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर, सभी के लिए पेयजल, शौचालय, मेडिकल किट समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर लोगों की सहायता के लिए वालंटियर भी तैनात रहेंगे।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग द्वारा शुक्रवार को शिमला से वीडियो कांफ्रेंस से ली गई बैठक में जतिन लाल ने यह जानकारी दी। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलावार व्यवस्थाओं का ब्यौरा लिया। इस दौरान सभी निर्वाचन अधिकारियों को डाक मत पत्रों से मतदान के संबंध में तैयार मानक संचालन प्रक्रिया को लेकर भी विस्तार से बताया गया।

    बता दें, ऊना जिले में 516 मतदान केंद्रों में से 25 मतदान केंद्र महिला कर्मी संचालित होंगे। इनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5-5 मतदान केंद्र महिला कर्मी संचालित करेंगी। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में 1 मतदान केंद्र का संचालन युवा कर्मियों द्वारा किया जाएगा, उनके संचालन का जिम्मा 30 साल से कम आयु के युवा कर्मी संभालेंगे। इसके अलावा जिले में कुल 20 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें विधानसभा वार 4-4 आदर्श मतदान केंद्र होंगे।

    जमा किए जा चुके 4243 लाइसेंसी हथियार
    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऊना जिले में चुनावों के दृष्टिगत लाइसेंसी हथियार जमा करने के कार्य में आशातीत प्रगति पर जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पिछली बैठक में प्रस्तुत जिले के 60 प्रतिशत के आंकड़े से आगे बढ़कर इसमें करीब 85 फीसदी लक्ष्य प्राप्त करने पर संतोष जताया।

    उपायुक्त ने बताया कि जिले में गत दिनों में तेजी से काम करते हुए कुल 5122 लाइसेंसी हथियारों में से 4243 हथियार जमा किए जा चुके हैं, शेष को जमा करने के लिए कार्य जारी है। इनमें से कुछ शस्त्र लाइसेंस धारक छूट की श्रेणी में आते हैं, जबकि कुछ ऐसे मामले भी हैं जिनमें लाइसेंस धारक जिले से बाहर रहते हैं।

     

    डाक विभाग प्राथमिकता पर करे वोटर पहचान पत्रों का वितरण
    बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने डाक विभाग के अधिकारियों से एपिक कार्ड वितरण का ब्यौरा लेते हुए उन्हें वोटर पहचान पत्रों के वितरण कार्य को प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए। जिले में गत दिनों में फॉर्म 6 और 8 के तहत कुल 19590 वोटर पहचान पत्र बनाए गए हैं। इनमें से अधिकतर का वितरण डाक विभाग के माध्यम से कराया जा चुका है। उन्होंने इसमें शेष कार्य को समयबद्ध करने तथा शत प्रतिशत वितरण लक्ष्य पाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। इसके लिए डाक विभाग को एक नोडल अधिकारी तैनात कर कार्य को गति देने के निर्देश दिए। वीडियो कॉंफ्रेंस के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर के अलावा तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर समेत अन्य अधिकारी वीसी कक्ष में उपस्थित रहे।
  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र जतिन कंवर का हुआ लेफ्टिनेंट के लिए चयन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र जतिन कंवर का हुआ लेफ्टिनेंट के लिए चयन

    ऊना सुशील पंडित : भारतीय सेना तकनीकी प्रवेश योजना के अंतर्गत लेफ्टिनेंट के पद के लिए वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र जतिन कंवर का चयन हुआ है। टेक्निकल एंट्री स्कीम के तहत जतिन कंवर ने पूरे भारतवर्ष में ऑल इंडिया रैंक -11 हासिल किया है। भारतीय सेना में इस रैंक को हासिल करना बहुत बड़ी उपलब्धि है।यह स्कूल के लिए बड़े गौरव की बात है। जतिन कंवर ,जाने-माने समाज सेवी स्वर्गीय कंवर हरि सिंह का पौत्र है। उसका बचपन से ही सपना था कि वह देश की सेवा करे। जतिन कंवर के पिता जितेंद्र कंवर तथा माता रमा कंवर ने इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल के स्टाफ तथा सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को दिया। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस उपलब्धि के लिए जतिन कंवर तथा उसके अभिभावकों को बधाई दी।
  • चैतन्य शर्मा ने किये +2 के टॉपर्स सम्मानित 

    चैतन्य शर्मा ने किये +2 के टॉपर्स सम्मानित 

    ऊना/सुशील पंडित : गगरेट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने दस जमा दो के परीक्षा परिणाम में टॉप टेन जगह बनाने वाले टॉपर्स से मुलाक़ात करके उनसे अनुभव साँझा किये, बेहतर प्रदर्शन के दम पर गगरेट क्षेत्र को गौरवान्वित करने के लिए उन्हें शाबाशी दी, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गुरुवार को चैतन्य शर्मा ने एक विशेष अभियान के अंतर्गत टॉपर्स एवम उनके परिजनों से मुलाक़ात की, उनके अनुभव साँझा किये, साथ ही अपने वाशिंगटन डीसी और वर्ल्ड बैंक के अनुभवों के आधार पर उन्हें सही करियर चुनने के टिप्स भी दिए।

    इस दौरान टॉपर्स भी खूब प्रसन्नचित एवम गौरवान्वित दिखे कि उनकी प्रतिभा, उनके बढ़िया प्रदर्शन के चलते उनका एवम उनके परिवारजनो का मनोबल बढ़ाया जा रहा है । गौर रहे हाल ही में घोषित किये गये हिप्र स्कूल शिक्षा बोर्ड के दस जमा दो के परीक्षा परिणाम में मेरिट सूची में सेंट डी आर स्कूल गगरेट के तीन विद्यार्थियों क्रमशः अर्पिता राणा ने 500 में से 490 अंक लेकर चतुर्थ स्थान,485 अंकों के साथ वंशिका सोहल ने नौवा और 484 अंकों के साथ आरुषि ठाकुर ने दसवा स्थान अर्जित कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    जबकि राजकीय मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल मुबारिकपुर कार्तिक शर्मा और एएनएस राजकीय सीसे स्कूल बढ़ेडा राजपूतां की कोमल ने संयुक्त रूप से 486 अंकों के साथ आठवा स्थान मेरिट सूची में झटका है। उधर चैतन्य शर्मा ने टॉपर्स को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया और भविष्य में ऊँची बुलंदियों को छूने की प्रेरणा दी। चैतन्य शर्मा ने बताया कि किसी भी देश का उज्जवल उसके विद्यार्थियों से है क्योंकि आज के विद्यार्थी कल के शहरी है जो देश को सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, प्रशासनिक क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करेंगे और टॉपर्स विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना उनके के लिए भाग्यशाली पल है।

    भविष्य में भी वह विद्यार्थियों का इसी तरह मनोबल बढ़ाते रहेंगे, ताकि इस क्षेत्र के विद्यार्थी शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों से किसी भी तरह से अपने आपको गौण महसूस न करें।इससे पहले चलेट में पन्ना प्रमुख सम्मेलन के लिए भाजपा चलेट कार्यलय में मंडल अध्यक्ष राजीव राजू की अध्यक्षता में बैठक कर बनाई रणनीति। इस बैठक में महामंत्री अजय ठाकुर, महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनिता जरियाल, महामंत्री नमिता ठाकुर, पवन लंबरदार, सह प्रभारी सुशील कालिया, संगठन प्रभारी विनोद तिवारी, आलोक तिवारी, विनीत शर्मा, नरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

  • कांग्रेस को हिमाचल से नहीं मिल रहे प्रत्याशी, कांगड़ा में उतार दिया अंबाला वासी: सत्ती

    कांग्रेस को हिमाचल से नहीं मिल रहे प्रत्याशी, कांगड़ा में उतार दिया अंबाला वासी: सत्ती

    कुटलैहड़ के कोटला कला में कार्यकर्ता बैठक के बाद बोले चुनाव प्रभारी सतपाल सत्ती
    ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ विस क्षेत्र के कोटला कलां में देवेंद्र भुट्टो के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान ऊना सदर से विधायक और कुटलैहड़ चुनाव प्रभारी सतपाल सत्ती ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद भाजपा की एक नहीं बल्कि दो सरकारें बनेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मोदी सरकार बनने के साथ ही हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनेगी। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता बोलते फिर रहे हैं कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार को कोई खतरा नहीं है, क्योंकि कांग्रेस के पास 34 विधायक हैं। और भाजपा के पास सिर्फ 25 विधायक हैं।  सत्ती ने कहा कि जब कांग्रेस राज्यसभा सीट हारी थी, तब भी हमारे पास 25 विधायक ही थे। उन्होंने प्रदेश सरकार पर विकास कार्य ठप्प करने के भी आरोप लगाए। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में सैंकड़ों सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए। पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नोकरी देने का वायदा करने वाली सरकार 15 महीनों में एक भी रोजगार नहीं दे पाई। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ सरकार ने धोखा दिया है।   

    सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी  अनुराग ठाकुर से पूछ रहे हैं कि अनुराग ने क्या कार्य किए हैं। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी यह बताएं कि यदि उन्होंने अपने इलाके में एक भी ईंट लगाई है तो वह बताएं कि यहां पर लगाई है। अनुराग ठाकुर ने इस इलाके में नौ रेलें, पीजीआई सेटेलाइट सेंटर ट्रिपल आईटी , बल्क ड्रग समेत बड़े बड़े कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पक्की गारंटी है। जो मोदी बोलते हैं वह करते हैं। भाजपा सरकार ने जम्मू कश्मीर से 370 धारा हटाई, राम मंदिर का निर्माण करवाया और मुस्लिम महिलाओं के लिए तीन तलाक को खत्म किया। जब अफगानिस्तान में सिख भाइयों पर अत्याचार हुए तो मोदी सरकार ने अपने विमान भेजकर वहां से सिखों को सुरक्षित निकाला। तब कोई देश सामने नहीं आया कि सिख उनके देश में आकर बसें।

    तब कनाडा में बैठे खालिस्तान की मांग करने वाले भी चुप्पी साध कर बैठ गए। उन्होंने कहा की कश्मीर में अब हमारे जवान बिलकुल सुरक्षित हैं। अब कोई भी हमारे जवानों पर पत्थर मारने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। सत्ती ने अपील की कि देश के विकास और देश की सुरक्षा के लिए भाजपा के लिए वोट करें और देश को समृद्ध बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर रवि सैनी, बलबीर सेठ, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, दर्शन सैनी, अशोक कुमार, कोटला कलां की प्रधान राज सैनी, अश्वनी कुमार, अनिल सैनी, लवनीश राणा, उप प्रधान अजनोली मंगल सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
  • चिंतपूर्णी पुलिस ने 42400 के नकली नोट पकड़े , जालंधर के तीन काबू

    ऊना/ सुशील पंडित : जिला ऊना के भरवाईं के चार्ट मोड पर नकली नोट चला रहे पंजाब के तीन युवकों को चिंतपूर्णी पुलिस ने पकड़ा और 42400 के नकली नोट बरामद किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना जिला के चिंतपूर्णी थाना के अधीन बुधवार शाम को गुप्त सूचना के आधार पर चिंतपूर्णी पुलिस ने एक गिफ्ट सेंटर में नकली नोट चला रहे पंजाब के तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़ा । उनकी कार इंडिका संख्या (पीवी 29 एल 6830)की तलाशी लेने पर पुलिस ने 42400 के नकली नोट बरामद किए हैं जिसमें 500 और 200 के नोट थे। तीनों आरोपी जालंधर (पंजाब) के रहने वाले हैं।

    इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने जाली नोट चलाने का मामला चिंतपूर्णी थाना में दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आरोपितों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
  • 13.13 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    13.13 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    ऊना/ सुशील पंडित : जिला पुलिस ने 13.13 ग्राम चिट्टे सहित मंडी के दो युवकों को काबू किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना मैहतपुर के मुलाजिम मैहतपुर सत्संग भवन के पास यातायात चैकिंग पर थे तो गुप्त सूचना के आधार पर एक बाइक सख्या (एचपी 82 ए 1713)जिस पर दो युवक सवार थे, जांच के लिए रोका।उन की तलाशी लेने पर 13.13 ग्रांम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपित युवकों की पहचान उदय कुमार  पुत्र खेम चन्द मलवाना, डा. टिक्कर, तहसील बल्ह, जिला मंडी व अन्य के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना मैहतपुर में मामला दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
  • अभिनव पहल – ऊना जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता के लिए करवा रहा ‘लोगो डिजाइन’ प्रतियोगिता

    अभिनव पहल – ऊना जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता के लिए करवा रहा ‘लोगो डिजाइन’ प्रतियोगिता

    डीसी की अपील…प्रतियोगिता में भाग लें सभी जिलावासी

    शीर्ष तीन प्रतिभागियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता की एक अभिनव पहल करते हुए ‘लोगो डिजाइन’ प्रतियोगिता आयोजित करवा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य चुनाव के पर्व में सबकी भागीदारी तय बनाने के साथ ही लोगों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता का लाभ लेकर मतदाता जागरूकता के लिए एक आकर्षक लोगो डिजाइन करना है।

    जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल ने सभी ऊना जिला वासियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। बता दें, चयनित ‘लोगो’ का उपयोग इस बार के चुनावी जागरूकता कार्यक्रमों, इलेक्शन के दौरान सरकारी पत्राचार, फाइलों समेत जिला प्रशासन के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

    10 मई है प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि

    प्रथम पुरस्कार पर 5 हजार
    लोगो रचनात्मक एवं मतदान के महत्व को दर्शाती थीम के अनुरूप होना चाहिए। इसे लेकर लोग अपनी प्रविष्टि वाट्सऐप नंबर 9816607082 पर भेज सकते हैं। इसके अलावा प्रविष्टि व्यक्तिगत तौर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय में भी जमा कराई जा सकती है। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 10 मई, 2024 तय की गई है।

    स्वीप के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता के शीर्ष तीन प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पहले स्थान पर रहने वाले को 5 हजार, दूसरे स्थान के लिए 3 हजार तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले को 2 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

    ये हैं लोगो डिजाइन प्रतियोगिता की नियम एवं शर्तें
    लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता में ऊना जिले के सभी आयु वर्ग के लोग और संस्थान भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के नियम एवं शर्तों के मुताबिक लोगो डिज़ाइन पूर्ण रूप से मौलिक होना चाहिए साथ ही रचनात्मक एवं चुनावी थीम के अनुकूल होना चाहिए। आपका ‘लोगो’ डिजाईन क्या दर्शाता है, इस पर जानकारी 40 से 60 शब्दों में जानकारी अवश्य दें। सर्वश्रेष्ठ लोगो डिज़ाइन का चयन उपायुक्त कार्यालय द्वारा गठित विशेषज्ञ पैनल द्वारा किया जाएगा। यदि कोई व्यक्तिगत तौर पर कार्यालय में प्रविष्टियां जमा करा रहा है तो अपना नाम, पता, आयु और संपर्क नंबर अवश्य दे ताकि चयनित प्रविष्टि के लिए संपर्क किया जा सके।
  • ईवीएम-वीवीपैट का पहले चरण का ऑनलाईन रेंडमाइजेशन पूर्ण

    ईवीएम-वीवीपैट का पहले चरण का ऑनलाईन रेंडमाइजेशन पूर्ण

    जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न कराया कार्य


    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना जिले में लोकसभा चुनाव तथा 2 विधानसभा चुनावों में प्रयोग में आने वाली ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का पहले चरण का ऑनलाईन रेंडमाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉंफ्रेंस सभागार में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट मशीनों (वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) रेंडमाइजेशन का कार्य पूरा कराया। लोकसभा चुनावों में उपयोग होने वाली ईवीएम मशीनें उप मोहाल बाग नजदीक ट्रक यूनियन और विधानसभा उप चुनावों की ईवीएम मशीनें कौशल विकास केंद्र पालकवाह में रखी गई थी जिन्हें रेंडमाईजे़शन के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संबंधित एसडीएम को सौंपा गया।

    इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर के जरिए ईवीएम एवं वीवीपैट की पूरी पारदर्शिता के साथ रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया ऑनलाईन की गई है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50 से 60 प्रतिशत ईवीएम व वीवीपैट अतिरिक्त रूप से रखनी अनिवार्य है ताकि मतदान केन्द्रों में मतदान के दौरान ईवीएम में किसी भी प्रकार की खराबी आने के कारण तुरन्त दूसरी ईवीएम बदली जा सके ।

    जतिन लाल ने कहा कि अगली रेंडमाइजेशन चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में की जाएगी। आवंटित की गई ईवीएम मशीनों को उपमंडल स्तर पर स्ट्रॉग रूमों में सुरक्षित रखा जाएगा। ईवीएम मशीनों से संबंधित अगली प्रक्रिया उपमंडल अधिकारी अपने स्तर पर करेंगे। ऊना जिले में लोकसभा निर्वाचन तथा 2 विधानसभा उपचुनावों के मतदान के लिए 951 ईवीएम तथा 1102 वीवीपैट मशीनें प्रयोग में लाई जाएंगी।

    कहां कितनी ईवीएम-वीवीपैट
    चुनावों को लेकर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 118 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वहां लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए 131 ईवीएम (131 सीयू, 131 बीयू) तथा 157 वीवीपैट तथा विधानसभा उपचुनाव के लिए 165 ईवीएम (165 सीयू, 165 बीयू) और 177 वीवीपैट मशीनें दी गई हैं। गगरेट में 91 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वहां लोकसभा मतदान के लिए 120 ईवीएम (120 सीयू, 120 बीयू) तथा 144 वीवीपैट और विधानसभा उपचुनाव के लिए 127 ईवीएम (127 सीयू,127 बीयू) तथा 136 वीवीपैट मशीनें प्रदान की गई हैं। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए 102 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहां के लिए 135 ईवीएम (135 सीयू, 135 बीयू) और 162 वीवीपैट मशीनें दी गई हैं। वहीं हरोली विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा निर्वाचन के लिए 106 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहां के लिए 142 ईवीएम (142 सीयू, 142 बीयू) और 169 वीवीपैट मशीनें दी गई हैं। इस अवसर पर तहसीलदार सुमन कपूर, राजनैतिक दल कांग्रेस की ओर से वरूण पुरी व शुभम सैणी, बीजेपी की ओर से विजय शर्मा और चरण सिंह मौजूद रहे।
  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल में वन्य जीवन के प्रति जागरूकता लाने के लिए वर्कशॉप का आयोजन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल में वन्य जीवन के प्रति जागरूकता लाने के लिए वर्कशॉप का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित : वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में वन्य जीवन के प्रति जागरूकता लाने के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशाप का नेतृत्व सुशील कुमार राणा (डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर, ऊना ) व उनकी टीम के द्वारा किया गया। उन्होंने  वन और वन्य जीवन के  बारे में बताया कि जंगल क्यों जरूरी है? जंगलों में आग लगने के कारणों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि आजकल मानव की गलतियों की वजह से जंगलों में आग लग रही है । मनुष्य जानबूझकर अपने हित के लिए जंगलों को काटकर व आग लगाकर हानि पहुंचा रहा है , जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है तथा ग्लोबल वार्मिंग से पृथ्वी के तापमान में वृद्धि हो रही है।

    यह धरती के साथ-साथ इंसानों के लिए भी हानिकारक है। भारत में सांपों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में भी बच्चों को बताया गया।  सांप के काटने पर क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। अंधविश्वास में न पड़कर डॉक्टरी इलाज करवाना चाहिए । डीएफओ सुशील कुमार राणा ने बच्चों को अनुरोध  किया कि यह जानकारी वे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक  पहुंचाएं व  फॉरेस्ट एंबेसडर बनकर लोगों को जागृत करें।इस अवसर पर स्कूल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राज वशिष्ट, निदेशक अनुज वशिष्ट ,प्रधानाचार्य दीपक कौशल व स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे। स्कूल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राज वशिष्ट ने सुशील कुमार राणा का धन्यवाद किया। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट ने कहा कि ऐसी वर्कशॉप के आयोजन से बच्चों को प्रकृति के संरक्षण के बारे में पता चलता है तथा बच्चों के ज्ञान में वृद्धि होती है।