Category: Himachal>Una

  • वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर गिरी बिजली, देखें चौंकाने वाला वीडियो

    वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर गिरी बिजली, देखें चौंकाने वाला वीडियो

    हॉलीवुड की मॉरवेल फिल्मों के सुपर हीरो थॉर से हम सब परिचित है और दुनिया में मॉरवेल फिल्मों के कईं फैन हैं। खास तौर पर बच्चों को तो यह फिल्में काफी पसंद हैं। तूफान का देवता थॉर जब आसमान से धरती पर उतरता है और जिस प्रकार से बिजली कड़कती है, यह देखने में काफी रोमांचक होता है ।

    फिल्मों में तो यह नजारा देख लोग दांतो तले उंगली दबा लेते हैं लेकिन कुछ ऐसा ही नजारा हाल ही में शाम के समय न्यूयॉर्क सिटी में देखने को मिला। न्यूयॉर्क के वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर ऐसी ही बिजली गिरती दिखाई दी, जिसने सभी को काफी हैरान कर दिया।

    अर्थ कैम ने आसमान से कड़कने वाली इस चमकती बिजली की फुटेज को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। इस वीडियो को देखने के बाद से न्यूयॉर्क ही नहीं बल्कि दुनिया भर में लोग हैरान हो रहे हैं। वीडियो को लेकर लोगों के मन में कईं सवाल उठ रहे हैं। हर कोई यही बात कर रहा है कि क्या उस रात न्यूयॉर्क शहर में वाकई में तूफान का देवता थॉर उतरा था!

    बता दें कि यह बिजली इसी सप्ताह में न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में करीब सात बजे गिरी। आसमान में तेज गड़गड़ाहट हुई जिसके बाद यह बिजली मैनहट्टन के वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर गिरी। जिस वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर यह बिजली गिरी, वह शहर की सबसे ऊंची इमारतों में से एक है। यह 104 मंजिला इमारत है जिसे 2014 में खोला गया था। ऐसी ऊंची इमरातों को विशेष तकनीक से बनाया जाता है और शायद यही कारण रहा कि ईमारत को कोई नुक्सान नहीं पहुंचा। एनबीसी न्यूयॉर्क द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस घटना के बाद न्यूयॉर्क में एक बड़े तूफान की चेतावनी जारी की गई है। बता दें कि बीते दिनों ऐसा ही एक नजारा ब्राजील की ऐतिहासिक यीशु प्रतिमा पर भी देखने को मिला था।

  • जानें क्यों हॉलीवुड अभिनेत्री लेडी गागा ने सरेआम एक महिला को किया किस, वीडियो वायरल

    जानें क्यों हॉलीवुड अभिनेत्री लेडी गागा ने सरेआम एक महिला को किया किस, वीडियो वायरल

    न्यूयॉर्कः हॉलीवुड अभिनेत्री-गायिका लेडी गागा को हाल ही में अपनी आगामी फिल्म ‘जोकर: फोली ए ड्यूक्स’ की शूटिंग के दौरान एक महिला को किस करते देखा गया। ग्रैमी-विजेता गायक ने हार्ले क्विन के रूप में  जोआक्विन फीनिक्स के विपरीत अभिनय किया, जो फिल्म में जोकर की भूमिका निभाते हैं।

    ट्विटर पर साझा किए गए एक नए वायरल वीडियो में, द इंडिपेंडेंट के अनुसार, गागा और फीनिक्स को न्यूयॉर्क के सिटी हॉल में फिल्म की शूटिंग के दौरान गागा दर्शकों की भीड़ के बीच सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी। उसके बाद उन्हें एक सेकंड के लिए रुकते हुए और दाहिनी ओर खड़ी एक महिला को एक बड़े चुंबन करते हुए देखा गया। वीडियो को लेडी गागा के फैन पेज द्वारा माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर साझा किया गया है। उसने कैप्शन में लिखा है “लेडी गागा आज न्यूयॉर्क शहर में” जोकर: फोली ए ड्यूक्स “के सेट पर।” इस छोटी वीडियो क्लिप में, जोकिन फीनिक्स – अपने पूरे जोकर मेकअप और प्रतिष्ठित लाल और सफेद सूट में दिखाई दे रहे हैं।

    खास बात यह है कि यह सीन फिल्म का हिस्सा है। द इंडिपेंडेंट के अनुसार, विभिन्न डीसी कॉमिक्स ने गागा के चरित्र, हार्ले क्विन बाइसेक्सुअल और सेक्सुअल फ्लुडिटी की पुष्टि की हैष यहां तक कि साथी प्रतिपक्षी पॉइजन आइवी के साथ उसके संबंधों को भी दर्शाया है। हालांकि, कई लाइव-एक्शन रीमेक ने केवल जोकर के साथ क्विन के संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया है।

    इस बीच, गागा के प्रशंसक यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि अभिनेता-गायक हार्ले क्विन के रोमांचक चरित्र में कैसे जान फूंकेंगी। जोकर सीक्वल के सेट से तस्वीरों की एक श्रृंखला भी सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें गागा को हार्ले क्विन पहनावा पहने देखा गया था।

  • बकरी को ढूंढने 800 किमी. तक गई पुलिस, मिलते ही पकाकर खा गए लोग!

    बकरी को ढूंढने 800 किमी. तक गई पुलिस, मिलते ही पकाकर खा गए लोग!

    कैलिफोर्नियाः चोर-पुलिस की पकड़ा-पकड़ी तो अक्सर चलती ही रहती है। कभी पुलिस अपराधियों को एक झटके में पकड़ लेती है तो कभी अपराधी पुलिस के छक्के छुड़ा देते हैं। वो ऐसी जगह छुप जाते हैं कि पुलिस लाख ढूंढने की कोशिश करती है, पर उसे ढूंढ नहीं पाती। ऐसा सिर्फ फिल्मों में ही नहीं होता बल्कि हकीकत में भी ऐसा ही होता है। कई बार तो ऐसा भी होता है कि पुलिस खतरनाक अपराधियों की तलाश में लंबी दूरी भी तय कर लेती है। आजकल इसी से जुड़ा एक अजीबोगरीब मामला चर्चा में है, जहां पुलिस किसी अपराधी की तलाश में नहीं बल्कि एक बकरी की तलाश में सैकड़ों किलोमीटर दूर चली गई। मामला कैलिफोर्निया का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते दिनों एक पालतू बकरी की तलाश में कैलिफोर्निया पुलिस ने करीब 800 किलोमीटर का सफर तय किया और बकरी को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन बाद में कुछ ऐसा हुआ कि लोग उस बकरी को ही पकाकर खा गए। यह मामला अमेरिका मीडिया की वजह से चर्चा में आ गया है।

    क्या है पूरा मामला?

    पूरा मामला कुछ यूं है कि जेसिका लॉन्ग नाम की महिला ने एक बकरी खरीद कर अपनी छोटी सी बेटी को दी थी, जिसके साथ वह काफी घुल-मिल गई थी। उसे बकरी से इतना लगाव हो गया था कि एक पल के लिए भी खुद से अलग नहीं करती थी। हालांकि इसी बीच एक दिन जेसिका ने खुद उस बकरी को बेच दिया, जिसकी वजह से उसकी बेटी काफी निराश हो गई। यहां तक कि उसने खाना-पीना भी छोड़ दिया और गुमसुम रहने लगी। इसके बाद जेसिका ने उस बकरी को वापस अपने पास लाने का फैसला किया।

    बकरी को लाने 800 किमी दूर गई पुलिस

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेसिका ने उस बकरी को चुरा लिया और अपने पास ले आई। फिर क्या, जिन लोगों ने बकरी को खरीदा था, उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने करीब 800 किलोमीटर का सफर तय किया और जेसिका के पास से बकरी को लेकर चली गई और फिर उसे नए मालिक को सौंप दिया, लेकिन उसके बाद तो उन्होंने बकरी को मार ही डाला और पकाकर खा गए। जब ये बात जेसिका को पता चली तो उन्होंने पुलिस में एक अलग ही मामला दर्ज करवा दिया। अब जेसिका का कहना है कि अगर उनकी बेटी को कुछ भी होता है तो उसके लिए पुलिस की जिम्मेदार होगी, क्योंकि उन्होंने ही बकरी को उनलोगों के पास पहुंचाया था, जहां उसे मार दिया गया।

  • शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 3000 दुकानों में लगी आग, देखें वीडियो

    शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 3000 दुकानों में लगी आग, देखें वीडियो

    ढाकाः बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के करीब 3000 दुकानों में मंगलवार को आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई लेकिन आग इतनी भयानक तरीके से लगी है कि थोड़ी देर में ही सेना को घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा। फिलहाल, सेना के जवान और करीब 600 फायर ब्रिगेड कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। न्यूज एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश की वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने आग को बुझाने के लिए बाजार पर पानी का छिड़काव किया। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन सेवा और नागरिक रक्षा की मीडिया शाखा के प्रभारी शाहजहां शिकदर ने बताया कि बंगबाजार में सुबह छह बजकर करीब 10 मिनट पर आग लगी थी। 

    बताया जा रहा है कि राजधानी के बंगबाजार इलाके में आग लगी है जो काफी तंग इलाका माना जाता है। यहां कपड़ों का बाजार लगता है जो काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। आग लगने के बाद आग के तेजी से फैलने के बाद मदद के लिए सेना के जवानों को बुलाना पड़ा। दमकल विभाग के प्रवक्ता रकीबुल इस्लाम ने एएफपी को बताया, “करीब 600 दमकलकर्मी…आग पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं।” एक सैन्य प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर आग बुझाने के प्रयास में शामिल हो गया है। हेलिकॉप्टर के हवाई फुटेज में पास के एक ओवरपास से सैकड़ों लोगों को आग देखते हुए दिखाया गया है।

    जानकारी के मुताबिक, आग से ज्यादातर दुकानें जलकर राख हो गईं, लेकिन इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा है या नहीं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में धुआं भर गया और परिसर से आग की लपटें उठती देखी गईं, जिससे राहत और बचाव कार्य में बाधा आई। द डेली स्टार अखबार ने बताया कि बंगबाजार में ज्यादातर कपड़े की दुकानें हैं। यहां दुकानदारों ने ईद के त्योहार की तैयारी के लिए स्टॉक जमा कर रखा था और उनका ज्यादातर सामान आग में जलकर खाक हो गया। एक कारोबारी ने बताया कि मैंने ईद में कारोबार के लिए 1.5 मिलियन टका ($14,100) उधार लिया था और इस रकम से कपड़े खरीदे थे लेकिन आग ने सबकुछ बर्बाद कर दिया।

    बंगबाजार देश के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। इसमें टिन और लकड़ी से बने सैकड़ों गोदाम हैं। इस महीने आने वाले ईद के त्योहार के मद्देनजर कपड़ों की दुकानों में नया माल भरा हुआ था। रमजान के दौरान कपड़ों की दुकानों के कई कर्मचारी अपनी दुकानों में ही रात बिताते हैं। खबरों में कहा गया है कि व्यापारी और उनके कर्मचारी आग से माल को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे थे। इससे पहले 1995 में बंगबाजार में आग लगी थी और यह राख में तब्दील हो गया था। इसे फिर से बनाया गया था। ढाका साउथ सिटी कारपोरेशन के पास इस बाजार का स्वामित्व है और यह चार भागों, बंगबाजार कॉप्लेक्स, गुलिस्तान इकाई, मोहननगर इकाई और अदरशा इकाई में विभक्त है।

  • इस भारतीय कंपनी के Eye Drop से 8 लोगों की गई रोशनी, 3 की मौत

    इस भारतीय कंपनी के Eye Drop से 8 लोगों की गई रोशनी, 3 की मौत

    वॉशिंगटन : भारतीय कंपनी के आई ड्रॉप को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिका में भारचीय कंपनी के आई ड्राप ने हड़कंप मच दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके इस्तेमाल से 3 लोगों की मौत हो चुकी है और 8 को अपनी रोशनी गंवानी पड़ी। यूएस के टॉप मेडिकल वाचडॉग ने इस ड्रॉप में दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया होने की संभावना जताई है।

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसके इस्तेमाल से इंफेक्शन के दर्जनों मामले भी सामने आए हैं। चेन्नई स्थित ग्लोबल फार्मा हेल्थकेयर की ओर से यह दवा ब्रांड नाम एज़्रीकेयर आर्टिफिशियल टीयर्स के तहत बनाई गई है।

    मालूम हो कि चेन्नई से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण में ग्लोबल फार्मा हेल्थकेयर स्थित है। इसने फरवरी में ही अमेरिकी बाजार से जुड़े आई ड्रॉप्स का प्रोडक्शन बंद कर दिया था। साथ ही कस्टमर लेवल पर EzriCare आर्टिफिशियल टीयर्स और डेलसम फार्मा के आर्टिफिशियल टीयर्स के सभी बचे हुए लॉट को भी वापस ले लिया गया।

  • चिड़िया उड़ा कर Elon Musk ने Twitter पर बिठाया कुत्ता

    चिड़िया उड़ा कर Elon Musk ने Twitter पर बिठाया कुत्ता

    नई दिल्ली : Tech जगत से आज सुबह ही बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. Twitter के CEO Elon Musk ने Twitter का नीली चिड़िया वाला लोगो बदल दिया है. अब Twitter पर नीली चिड़िया की जगह कुत्ते ने ले ली है और यदि अब आप अपना Twitter अकॉउंट देखेंगे तो चिड़िया की जगह आपको कुत्ता नज़र आएगा. इस बदलाव से ट्विटर यूज़र्स  काफी हैरान हैं यहाँ तक कि उनके द्वारा ट्विटर पर इस बदलाव को लेकर लगातार बहुत से ट्वीट्स किए जा रहे हैं. 

    Elon Musk ने पिछले कुछ समय से Twitter में कई बड़े बदलाव किए, ट्विटर में नौकरी कर रहे कईं लोगों की छंटनियां भी हुईं और इसमें कईं बड़े नाम शामिल थे. इसके बाद ब्लू टिक पर सब्सक्रिप्शन का टैग लगा दिया गया. लेकिन इस बार तो Elon Musk ने ट्विटर की पहचान ही बदल डाली है. यहाँ तक कि ट्विटर पर #DOGE टॉप ट्रेंड करने लगा है. पहले लोगों को इस पर विश्वास नहीं हुआ लेकिन एलन मस्क के द्वारा किए गए ट्वीट्स से Twitter  logo को बदलने की पूरी बात साफ़ हो गई.

    यह कुत्ता dogecoin जैसा नजर आ रहा है जो कि एक क्रिप्टोकरेंसी है और इसी वजह से dogecoin की कीमत में जबरदस्त उछाल देखा गया है. Elon Musk काफी लंबे समय से dogecoin को प्रमोट करते आ रहे हैं. Twitter के लोगो में बदलाव के बाद dogecoin में 20 परसेंट का उछाल देखा गया है. 

  • बड़ा हादसाः मेडिकल हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, 2 की मौत

    बड़ा हादसाः मेडिकल हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, 2 की मौत

    बर्मिंघमः अमेरिका के बर्मिंघम में एक मरीज को लेने जा रहा मेडिकल हेलिकॉप्टर रविवार को अलबामा शहर के दक्षिण पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में हेलिकॉप्टर में सवार चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने द एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को एक ईमेल में बताया कि यूरोकॉप्टर ईसी130 में चालक दल के तीन सदस्य थे। शेल्बी काउंटी में चेल्सी समुदाय के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

    शेल्बी काउंटी शेरिफ के कार्यालय उप प्रमुख क्ले हैमैक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान एक मेडिकल हेलीकॉप्टर था जो सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द से पीड़ित एक मरीज को लेने जा रहा था। खबर के अनुसार, अधिकारियों ने विमान हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई और कहा कि घटनास्थल पर ही चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई थी। दो अन्य को अस्पताल ले जाया गया जहां उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया। तीसरे व्यक्ति की स्थिति के बारे में तत्काल को जानकारी उपलब्ध नहीं है।

    जिस मरीज को लेने के लिए यह हेलीकॉप्टर जा रहा था, उसे दूसरे वाहन से अस्पताल ले जाया गया। हैमेक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह मरीज एक पर्वतारोही है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि जो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें आग लग गई थी।

  • बवंडर ने मचाई भारी तबाही, 2 लोगों की मौत, इमरजेंसी लागू, देखें वीडियो

    बवंडर ने मचाई भारी तबाही, 2 लोगों की मौत, इमरजेंसी लागू, देखें वीडियो

    अरकंसासः अमेरिका में भीषण बवंडर और तूफान की आपदाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर से अमेरिका के लिटिल रॉक, अरकंसास और पड़ोसी शहरों में शुक्रवार को एक भयंकर बवंडर आया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि कम से कम दो लोग और दर्जनों घायल हो गए हैं। वहीं, बंवडर से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मकानों की दीवारें और छत गिर गई हैं।इसके अलावा बंवडर से खड़े वाहन पलट गए और पेड़ और बिजली के तार गिर गए।

    मलबे में फंसे लोग

    बंवदर से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दो बवंडर ने दक्षिणी अमेरिका के अरकंसास राज्य के कुछ हिस्सों को बुरी तरह प्रभावित किया। इससे राज्य की राजधानी लिटिल रॉक में विनाशकारी क्षति हुई। पुलास्की काउंटी में आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय ने कहा कि तूफान के बाद एक कई व्यक्तियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस भीषण बंवडर से दर्जनों लोग मलबे में फंस गए थे।

    अरकंसास में इमरजेंसी लागू

    अरकंसास के गवर्नर सारा हुकाबी सैंडर्स ने देर रात समाचार सम्मेलन में बताया कि तूफान ने टेनेसी सीमा के पास लिटिल रॉक के पूर्व में लगभग 100 मील (160 किमी) विने में कम से कम दो लोगों की जान ले ली। तूफान के बाद हरकत में आए गर्वनर के कार्यालय ने राज्य में इमरजेंसी लगा दी। पुलिस ने कहा कि शहर के पश्चिमी छोर के कई इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

    कई इलाकों में बंवडर ने मचाई भारी तबाही

    राजधानी से अरकंसास नदी के पार उत्तरी लिटिल रॉक के निकटवर्ती शहर में, बैपटिस्ट हेल्थ मेडिकल सेंटर ने तूफान से 11 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर थी। प्रशासक केविन बर्टन ने कहा कि पास के जैक्सनविले में यूनिटी हेल्थ अस्पताल के आपातकालीन विभाग में पांच से 10 अन्य मरीजों का इलाज किया गया। द वेदर चैनल द्वारा पोस्ट किए गए एरियल फुटेज में लिटिल रॉक का एक भारी क्षतिग्रस्त क्षेत्र दिखाया गया है, जिसमें कई घरों की छतें और दीवारें गायब हैं, जिनमें से कुछ ढह गए हैं, और सड़कों पर खड़े वाहन पलट गए।

  • बाइक सवार हमलावारों ने सिख दुकानदार का गोली मारकर किया कत्ल

    बाइक सवार हमलावारों ने सिख दुकानदार का गोली मारकर किया कत्ल

    पेशावरः पाकिस्तान के पेशावर में सिख दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान दयाल सिंह के रूप में हुई है। वारदात के वक्त दयाल सिंह अपनी दुकान के अंदर बैठे हुए थे। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना शुक्रवार दोपहर क़रीब 3 बजे की बताई जा रही है।

    घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि हत्या टारगेट कर की गई है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। दयाल सिंह की उम्र 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। घटना पेशावर के दिर कॉलोनी की है। इससे पहले इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासान ने इलाके में हमलों का दावा किया है।

  • सरकार के सामने आई नई मुसीबतः आटा, प्याज के बाद अब दवाओं की आई भारी कमी

    सरकार के सामने आई नई मुसीबतः आटा, प्याज के बाद अब दवाओं की आई भारी कमी

    नई दिल्ली: आर्थिक बदहाली का सामना कर रहे पाकिस्तान के सामने अब एक नई मुसीबत आ खड़ी हुई है। बढ़ती मंहगाई, आवश्यक वस्तुओं की किल्लत, बढ़ते विदेशी कर्ज और विदेशी मुद्रा भंडार की कमी के बीच अब पाकिस्तान को जीवन-रक्षक दवाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी रूपये का मूल्य डॉलर के मुकाबले इतना गिर गया है कि देश को जरूरी दवाओं के आयात में भी दिक्कतें आ रही हैं।

    दवा आपूर्तिकर्ताओं द्वारा आपूर्ति बंद करने के कारण सार्वजनिक और निजी दोनों स्वास्थ्य सुविधाएं आयातित टीकों, कैंसर उपचार में काम आने वाली दवाओं और अन्य जीवन रक्षक दवाओं की भारी कमी से जूझ रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान के दवा कारोबारी पाकिस्तान की दवा नियमितता प्राधिकरण (DRAP) की मूल्य निर्धारण नीति को इस समस्या का मुख्य कारण बता रहे हैं। 

    बता दें कि पाकिस्तान इस समय अपने सबसे खराब आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महंगाई दर 30 फीसदी से ज्यादा हो गई है। पाकिस्तान आमतौर पर रमजान के महीने के दौरान राहत पैकेज देता है, लेकिन इस साल नकदी की तंगी से जूझ रही सरकार के पास देने के लिए कुछ नहीं है। पाकिस्तान सांख्यिकी ब्यूरो (पीबीएस) के अनुसार, संवेदनशील मूल्य संकेतक (एसपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति 22 मार्च को समाप्त सप्ताह में 47 प्रतिशत दर्ज की गई है। यहां आटा-दाल समेत खाने पीने एवं दैनिक उपयोग चीजों में भारी मात्रा में वृद्धि हुई है, जिससे जनता त्रस्त है।  

    एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में प्याज की कीमत में 228.28 फीसदी, सिगरेट में 165.88 फीसदी, गेहूं के आटे में 120.66 फीसदी, गैस शुल्क में पहली तिमाही में 108.38 फीसदी और लिप्टन चाय में 94.60 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ट्रैक की गई 51 वस्तुओं के अनुसार, डीजल की कीमत में 102.84 प्रतिशत, केले की 89.84 प्रतिशत, पेट्रोल की 81.17 प्रतिशत और अंडों की कीमत में 79.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।