Category: Himachal>Una

  • जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4000 पद भरे जाएंगे : मुकेश अग्निहोत्री

    जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4000 पद भरे जाएंगे : मुकेश अग्निहोत्री

    कार्यशाला में बोले उपमुख्यमंत्री, कर्मचारियों के हित में होंगे निर्णायक फैसले

    ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष करीब 4000 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मैनपावर के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। इसलिए सरकार विभाग को सुदृढ़ बनाने के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है।

    उपमुख्यमंत्री शनिवार को हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

    उन्होंने नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स तथा वाटर गार्ड्स को विभाग का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य उज्ज्वल है और उन्हें धैर्य के साथ कार्य करते रहना चाहिए। यह 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली नौकरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन कर्मचारियों के हित से जुड़े निर्णायक फैसले लिए जाएंगे।]

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जाएगी। योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा तथा जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग इस योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू कर रहा है।

    उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग की करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में सभी से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।

    उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर राजनीति करने वालों को जनता भली-भांति जानती है। भाजपा नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो स्वयं कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते, उन्हें दूसरों के किए विकास कार्य भी नहीं सुहाते। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य ‘स्वर्णिम और विकसित हरोली’ का निर्माण है। वह राजनीति नहीं, विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और जनता के हित में काम करते रहेंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने उत्कृष्ट कार्य और व्यवहार से लोगों का विश्वास जीतें तथा विभाग की प्रतिष्ठा को और मजबूत करें। मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग रोहित दूबे ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी ‘हर घर, हर खेत तक पानी’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

    कार्यशाला के दौरान अधीक्षण अभियंता, हमीरपुर विकास कपूर ने जल गुणवत्ता, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल के मानकों तथा स्वच्छता संबंधी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं अधिशाषी अभियंता, मंडी ललिता ने जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनेशन, पेयजल योजनाओं के नियमित रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से प्रस्तुति दी।

    इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति वाला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत रॉय, पंचायत समिति सदस्य मधु धीमान, कांग्रेस नेता सतीश बिट्टू, प्रमोद कुमार, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, मुख्य अभियंता हमीरपुर जोन रोहित दुबे, अधीक्षण अभियंता हमीरपुर विकास कपूर, अधीक्षण अभियंता ऊना नरेश धीमान, अधिशाषी अभियंता ऊना पुनीत शर्मा, अधिशाषी अभियंता मंडी ललिता सहित जल शक्ति विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • स्व. कंवर हरिसिंह की पुण्य स्मृति में सेवा, सम्मान और शिक्षा का संगम बनेगा हिमोत्कर्ष का समारोह

    स्व. कंवर हरिसिंह की पुण्य स्मृति में सेवा, सम्मान और शिक्षा का संगम बनेगा हिमोत्कर्ष का समारोह

    27 जुलाई को श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण कार्यक्रम,मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति 

    ऊना,सुशील पंडित:  हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद (पंजी.) के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर परिषद द्वारा 27 जुलाई सोमवार को होटल नटराज पैलेस, ऊना में दोपहर 1 बजे श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा को समर्पित भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी परिषद के जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने दी।

    उन्होंने बताया कि समारोह में स्वर्गीय कंवर हरिसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में परिषद द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित आयोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्रा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत नीट-यूजी 2026 में एससी वर्ग में देशभर में 449वीं रैंक प्राप्त करने वाली समीक्षा को 21 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त स्व.शांति देवी शर्मा स्मारक, स्व.वीना देवी स्मारक,स्व.मदन शर्मा स्मारक, स्व.दीवान चंद स्मारक तथा स्व. डॉ. हरे कृष्ण गोयल स्मारक मेधावी नर्सिंग छात्रा छात्रवृत्ति योजना के तहत कुल 26 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के दौरान परिषद की हिमोत्कर्ष अमोदिनी राशन वितरण योजना के अंतर्गत चयनित 44 जरूरतमंद पात्र विधवाओं को तीन-तीन माह का राशन भी वितरित किया जाएगा। कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने कहा कि शिक्षा और सेवा दोनों समाज के समग्र विकास के आधार हैं और इसी उद्देश्य से वर्षों से छात्रवृत्ति तथा राशन वितरण जैसी योजनाएं परिषद द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने हिमोत्कर्ष परिषद के सभी सदस्यों, दानदाताओं, छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से इस प्रेरणादायी समारोह में भाग लेने की अपील की है।

     

     

  • ऊना पुलिस लाइन झलेड़ा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिसकर्मियों व परिवारों ने उठाया लाभ

    ऊना पुलिस लाइन झलेड़ा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिसकर्मियों व परिवारों ने उठाया लाभ

    ऊना,सुशील पंडित:  पुलिस अधीक्षक ऊना आईपीएस सचिन हीरेमठ के मार्गदर्शन में शनिवार को पुलिस लाइन झलेड़ा में पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

    यह शिविर देवभूमि अद्वैत हार्ट इंस्टीट्यूट ऊना, विशाल आई हॉस्पिटल ऊना और अल्टिस हॉस्पिटल ऊना के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय रहते संभावित बीमारियों की पहचान करना तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना रहा।

    इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने सहयोगी अस्पतालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का बेहतर स्वास्थ्य उनकी प्रभावी कार्यक्षमता और जनसेवा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ उठाया।

     

     

  • जिला दंडाधिकारी ऊना ने जरुरी खाद्य पदार्थों के मूल्य की अधिसूचना की जारी

    जिला दंडाधिकारी ऊना ने जरुरी खाद्य पदार्थों के मूल्य की अधिसूचना की जारी

    ऊना,सुशील पंडित: आम लोगों व उपभोक्ताओं को बाजार में गुणवत्तापूर्ण व उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने जमाखोरी व मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश 1977 के अन्तर्गत एक अधिसूचना जारी कर आवश्यक वस्तुओं के अधिकतम विक्रय मूल्य निर्धारित किये हैं ताकि जिला में कोई भी विक्रेता अथवा दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत नहीं वसूल सके।

    अधिसूचना के अनुसार जिला ऊना में बकरे व भेड़े का मीट 500 रूपये प्रति किलोग्राम, सूअर का 250 रूपये प्रति किलोग्राम तथा चिकन ब्रॉयलर 220 रूपये प्रति किलोग्राम, जीवित मुर्गा 150 रूपये प्रति किलोग्राम, ब्रायलर डैªस्ड 210 रूपये प्रति किलोग्राम जबकि मछली, मत्स्य विभाग द्वारा निर्धारित अधिकतम मूल्य पर बिक सकेगी।

    जिला दंडाधिकारी ने कहा कि जिला में ढाबों पर पका हुआ भोजन फुल डाइट चावल, चपाती के साथ दाल, सब्जी व कढ़ी 80 रूपये, हाफ डाइट एक प्लेट चावल के साथ दाल व सब्जी 50 रूपये, चपाती तवा 7 व तंदूरी 8 रूपये, विशेष सब्जी प्रति प्लेट 70 रूपये, भरवां परांठा आचार के साथ 30 रूपये, स्पेशल दाल 70 रूपये, चावल फुल प्लेट 50 रूपये, रायता 50 रूपये प्रति प्लेट, मीट 5 पीस 200 ग्राम प्रति प्लेट के साथ करी 130 रूपये, चिकन का मूल्य 5 पीस 200 ग्राम  110 रूपये प्रति प्लेट करी के साथ निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त दो भटूरे चने या सब्जी के साथ 55 रूपये, समोसा चना 30 व दो समोसा चना 50 रूपये प्रति प्लेट बिक सकेगी। इसी तरह दुग्ध उत्पादों में दूध 60 रूपये प्रति लीटर, पनीर 320 रूपये व दही 70 रूपये प्रति किलोग्राम बेचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सभी ब्रांड की कोल्ड डिंªक अधिकतम खुदरा मूल्य की निर्धारित दरों के हिसाब से बचे सकेंगे।

    जतिन लाल ने कहा कि प्रत्येक विक्रेता अथवा दुकानदार उपभोक्ता को कैश मीमो जारी करेगा, जिसकी डुप्लीकेट कापी निरीक्षार्थ अपने पास रखेगा। इसके अलावा विक्रय संस्थान के मालिक या हिस्सेदार या प्रबन्धक के द्वारा दिनांक सहित हस्ताक्षर की हुई वस्तुओं की रेट लिस्ट संस्थान के प्रवेश द्वार पर लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित किए गए दाम आगामी एक माह के लिए लागू रहेंगे। उन्होंने कहा कि निर्धारित की गई मूल्यों की दरें टूरिज्म विभाग से पंजीकृत होटल और रेस्टोरेंट पर लागू नहीं होगी।

     

     

  • बंगाणा के शहीद बृजेश कुमार मुख्यद्वार ननाबी धुंधला में आज सजेगा कारगिल विजय दिवस पर  श्रद्धांजलि कार्यक्रम

    बंगाणा के शहीद बृजेश कुमार मुख्यद्वार ननाबी धुंधला में आज सजेगा कारगिल विजय दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

    कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा होंगे मुख्यतिथि,सुबह 10 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम ,दोपहर को भोजन की भी व्यवस्था: केवल कृष्ण शर्मा

    ऊना,सुशील पंडित: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज शहीद बृजेश कुमार मुख्य द्वार, ननाबी धुंधला में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा मुख्यतिथि के रूप में उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा, जिसमें क्षेत्र के पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भाग लेंगे।

    कुटलैहड़ कांग्रेस के भूतपूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केवल कृष्ण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलि दान देने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शहीदों को सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण रहेगा। बही समाज में अच्छा करने बालों एवं शहीदों के परिवारों को सम्मानित भी किया जाएगा।

    उपस्थित लोगों को कारगिल युद्ध के वीर जवानों की शौर्यगाथाओं से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और बलिदान की भावना से प्रेरणा ले सके। कार्यक्रम में स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और सैनिकों के सम्मान का संदेश भी दिया जाएगा। केवल कृष्ण शर्मा ने क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और सभी सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्य क्रम में शामिल होने की अपील की है।

     

     

     

     

  • कारगिल विजय दिवस पर पूर्व विधायक भुट्टो ने शहीदों को किया नमन

    कारगिल विजय दिवस पर पूर्व विधायक भुट्टो ने शहीदों को किया नमन

    भाजपा नेता बोले, तत्काल पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने शहीदों को दिलाया था राजकीय सम्मान, हमारी भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को दिखाई थी अपनी असली ताकत

    ऊना,सुशील पंडित : कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 26 जुलाई भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन है।यह दिन भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और दुश्मन को करारा जवाब दिया। भुट्टो ने कहा कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध का डटकर सामना किया।

    उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने युद्ध में शहीद होने वाले भारतीय सैनिकों को पूरा राजकीय सम्मान दिलाने की परंपरा को सशक्त बनाया। और शहीदों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांवों तक पहुंचाए गए और पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे देश के वीर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान और मनोबल दोनों बढ़ा। पूर्व विधायक ने कहा कि कारगिल की दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर भारतीय सेना ने असाधारण वीरता परिचय दिया,विषम परिस्थितियों और कठिन मौसम के बावजूद भारतीय जवानों ने दुश्मन के कब्जे वाली रणनीतिक चोटियों को एक-एक कर मुक्त कराया, पाकिस्तान को उसकी नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के साहस और पराक्रम ने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया।

    कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का दिन नहीं, बल्कि देश के उन अमर वीरों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहें। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

  • संतोषगढ़ में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, वाहन चालक से ₹5,000 जुर्माना वसूला

    संतोषगढ़ में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, वाहन चालक से ₹5,000 जुर्माना वसूला

    ऊना, सुशील पंडित : जिला पुलिस ऊना द्वारा अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी संतोषगढ़ के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अवैध खनन अधिनियम के तहत एक वाहन का चालान किया गया।
    पुलिस ने संबंधित वाहन चालक से ₹5,000 का जुर्माना वसूल किया। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
  • तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार घायल, चालक वाहन सहित फरार

    तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार घायल, चालक वाहन सहित फरार

    ऊना,  सुशील पंडित : जिला ऊना के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलग्रां टब्बा में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मेहतपुर की ओर से आ रही कार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उस समय मोटरसाइकिल के पास खड़े राम पाल पुत्र ओम प्रकाश निवासी नलवाड़, डाकघर फगोटी, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर (वर्तमान निवासी शिवालिक कॉलोनी, जलग्रां, ऊना) घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है।
    पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।
  • ऊना में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 1.47 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

    ऊना में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 1.47 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

    ऊना, सुशील : पंडितमुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के “ड्रग-फ्री हिमाचल” अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए 1.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जुलाई की रात पुलिस चौकी संतोषगढ़ के अन्वेषण अधिकारी एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान छतरपुर ढाडा रोड स्थित एसबीजी ईंट भट्ठा के समीप एक पैदल व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान भूपेन्द्र उर्फ भिन्दू पुत्र कुलदीप चंद निवासी वार्ड नंबर-3, सनोली, तहसील एवं जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

    पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके। जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

  • 5.12 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, गगरेट में SIU ऊना की कार्रवाई

    5.12 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, गगरेट में SIU ऊना की कार्रवाई

    ऊना, सुशील पंडित : मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के “ड्रग-फ्री हिमाचल” अभियान और हिमाचल प्रदेश पुलिस की “Zero Tolerance Against Drugs” नीति के तहत जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की रात निरीक्षक अनिल कुमार, प्रभारी SIU ऊना के नेतृत्व में पुलिस टीम गगरेट–होशियारपुर मार्ग पर इच्छाधारी मंदिर गगरेट के पास विशेष नाकाबंदी और गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक पैदल युवक को रोककर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 5.12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपित की पहचान राहुल ठाकुर पुत्र कुलतार सिंह, निवासी वार्ड नंबर-3, कुठेड़ा खैरला, तहसील अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
    जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।