Category: Himachal>Una

  • पेट्रोल की किल्लत से निपटने का प्लान, सिर्फ 4 दिन होगा काम, दो दिन रहेगा लॉकडाउन

    पेट्रोल की किल्लत से निपटने का प्लान, सिर्फ 4 दिन होगा काम, दो दिन रहेगा लॉकडाउन

    इस्लामाबाद: पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा कीमतों में भी तेजी  से इजाफा हो रहा है। इस बीच पाकिस्तान सरकार संकट से बचने को कर्मचारियों के कार्य दिवस ही कम करने पर विचार कर रही है। पाकिस्तानी ने सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। तेल की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों और देश में बढ़ती खपत के बीच पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला लिया है।

    तेल की बढ़ती खपत और तेल की ऊंची अंतरराष्ट्रीय कीमतों के कारण बढ़ते आयात खर्च के बीच सरकार इस फैसले पर विचार कर रही है। सरकार इस तरीके को अपना कर ईंधन बचाने की कोशिश कर रही है। पाकिस्तान की सरकार का अनुमान है कि इससे 2.7 अरब डॉलर तक की अनुमानित वार्षिक विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है। यह अनुमान तीन अलग-अलग परिदृश्यों पर आधारित हैं, जो स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान द्वारा कार्य दिवसों और ईंधन संरक्षण के बीच तालमेल बिठाकर देश की विदेशी मुद्रा को 1.5 अरब डॉलर से 2.7 अरब डॉलर तक बचाने के लिए तैयार किए गए हैं।

    स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने जो प्रस्ताव तैयार किए हैं, उनमें से एक यह है कि चार कार्य दिवस और तीन छुट्टियां रहें। इससे औसत पीओएल बचत 12.2 करोड़ प्रति माह होने का अनुमान है। यह एक वर्ष में 1.5 अरब डॉलर तक जा सकता है। उल्लेखनीय है कि 90 प्रतिशत तेल की खपत कार्य दिवसों पर और शेष 10 प्रतिशत एक महीने में छुट्टी पर होती है।

    पाकिस्तानी बैंक ने जो दूसरा प्रस्ताव तैयार किया है, उसके तहत चार कार्य दिवस, दो छुट्टियां और एक दिन के लॉकडाउन (व्यावसायिक गतिविधियां दो दिनों तक बंद रहेंगी) की बात शामिल है। इससे लगभग 17.5 करोड़ डॉलर प्रति माह बचत होगी, जो प्रति वर्ष 2.1 अरब डॉलर तक हो सकता है। तीसरा विकल्प यह है कि चार कार्य दिवस, एक अवकाश और दो दिन का लॉकडाउन रहे। इससे 23 करोड़ डॉलर या लगभग 2.7 अरब डॉलर की बचत हो जाएगी। हालांकि इस फैसले को बहुत कठोर माना जा रहा है क्योंकि यह जनता के विश्वास को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है।

  • गर्लफ्रेंड के साथ Titanic पोज दे रहा था शख्स, हुआ खौफनाक हादसा

    गर्लफ्रेंड के साथ Titanic पोज दे रहा था शख्स, हुआ खौफनाक हादसा

    नई दिल्ली। आपको ‘टाइटैनिक’ फिल्म का वो आइकॉनिक पोज तो याद होगा, जिसमें जैक और रोज (Jack & Rose) नाम का कपल जहाज के एक छोर पर दोनों हाथ फैलाकर खड़े होते हैं. अक्सर, लोग इस पोज देते हुए अपनी फोटो क्लिक करवाते हैं. समुद्र में जब भी लोग शिप की सवारी करते हैं तो यह पोज देकर फोटो खिंचवाना नहीं भूलते. कुछ ऐसा ही तुर्की में एक कपल करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके साथ एक बुरा हादसा हो गया.

    एक दुखद घटना में, कोकेली के उत्तर-पश्चिमी प्रांत में ‘टाइटैनिक पोज’ देने की कोशिश कर रहे एक कपल ने संतुलन खो दिया और समुद्र में गिर गए. इस घटना में शख्स की जान चली गई, जबकि उसके गर्लफ्रेंड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 23 साल के फुरकान सिफ्त्सी (Furkan Çiftçi) और उसकी गर्लफ्रेंड माइन दिनार (Mine Dinar) 16 मई की देर रात मरीना पोर्ट पर मछली पकड़ रहे थे. थोड़ी देर बाद, कपल समुद्र के किनारे एक टाइटैनिक पोज देने के लिए सेक्युरिटी बैरियर पर चढ़ गए.

    जैसा कि आपको याद हो कि हॉलीवुड फिल्म ‘टाइटैनिक’ (Titanic) में जब एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो और एक्ट्रेस केट विंसलेट टाइटैनिक जहाज के सेल पर सनसेट के दौरान अपनी बाहें फैलाकर खड़े हुए थे. माइन दीनार ने अस्पताल में दी गई अपनी पहली गवाही में कहा, ‘हमने शराब पी थी और फिर टाइटैनिक पोज लेना चाहते थे. हमने वहां पर संतुलन खो दिया और समुद्र में गिर गए.’

    जानकारी के मुताबिक, आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को मछली पकड़ने वाली छड़ी से खींचकर बचा लिया. दीनार को बाहर निकालने के बाद एम्बुलेंस में अस्पताल ले जाया गया. डेढ़ घंटे की तलाशी के बाद सुरक्षा यूनिट्स को फुरकान सिफ्त्सी का शव मिला. 

  • महिला वकील की बेरहमी से पिटाई, आरोपी गिरफ्तार

    महिला वकील की बेरहमी से पिटाई, आरोपी गिरफ्तार

    बेंगलुरु -कर्नाटक पुलिस ने बागलकोट जिले में एक महिला वकील पर क्रूर हमले के मामले में आरोपी महंतेश चोलचागुड्डा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी को लात मारते, थप्पड़ मारते और वकील को पीटते हुए देखा जा सकता है। बायोकॉन की प्रमुख किरण मजूमदार-शॉ ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस तरह के घिनौने व्यवहार के लिए व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “वह एक सभ्य इंसान नहीं एक जानवर है।”

    वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी 40 वर्षीय महंतेश चोलचागुड्डा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बागलकोट विश्वविद्यालय के एक व्यापारी और फोटोग्राफर महंतेश ने संपत्ति विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट की। हमले के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडवोकेट ने समझाया कि उसके चाचा ने उसे या उसके परिवार को बताए बिना वह घर बेच दिया था जिसमें वे रह रहे हैं। मामला अदालत में था और संपत्ति का खरीदार उन्हें घर खाली करने के लिए मजबूर कर रहा था। इस बीच, बागलकोट में अधिवक्ताओं ने आरोपियों की ओर से पेश नहीं होने का फैसला किया और सोमवार को धरने की योजना बना रहे थे। आगे की जांच जारी है।

  • सुुपर मार्किट में फायरिंग, सिक्योरिटी गार्ड समेत 10 की मौत, 3 लोग घायल

    सुुपर मार्किट में फायरिंग, सिक्योरिटी गार्ड समेत 10 की मौत, 3 लोग घायल

    न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के बफेलो इलाके के एक सुपर मार्केट में शनिवार को फायरिंग हुई, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। गोलीबारी में 3 लोग घायल हैं। मरने वालों में एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल है। घटना शनिवार दोपहर को 2:30 बजे (भारतीय समयानुसार रविवार की रात 12 बजे) हुई। जिन 13 लोगों को गोली मारी गई है, उनमें से 11 अश्वेत हैं।

    जिस इलाके में यह घटना हुई, वह भी एक अश्वेत बहुल इलाका है। पुलिस नस्लीय हमले के एंगल से भी जांच कर रही है। हमले के बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया है, जहां उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर का चार्ज लगाया गया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी जीन पियरे ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को फायरिंग और उसके बाद की जांच के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है।

    बफेलो पुलिस के मुताबिक, टॉप्स सुपरमार्केट के ग्रॉसरी स्टोर में यह गोलीबारी हुई। हमलावर की पहचान 18 साल के पेटन एस गेंड्रोन के तौर पर हुई है। वह हमले के लिए मिलिट्री स्टाइल गियर्स के साथ सुपरमार्केट में घुसा था। उसने बुलेटप्रूफ जैकेट भी पहन रखा था। हमलावर ने अपने हेलमेट पर लगे कैमरे से हमले की लाइव स्ट्रीमिंग भी की। हालांकि, उसके फुटेज फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। 

  • नया खतराः मिस्ट्री बुखार से 15 लोगों की मौत, 8 लाख से ज्यादा बीमार…

    नया खतराः मिस्ट्री बुखार से 15 लोगों की मौत, 8 लाख से ज्यादा बीमार…

    सियोल. कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए संघर्ष कर रहे उत्तर कोरिया में रहस्यमयी बुखार से 15 और लोगों की मौत हो गई है और लाखों लोग इससे बीमार हैं. इसके साथ ही देश में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है. राज्य की मीडिया ने इस बात की जानकारी दी. दो साल से अधिक समय तक कोरोना वायरस से बचे रहने का दावा करने वाले उत्तर कोरिया ने गुरुवार को घोषणा की कि देश में कोविड संक्रमित लोग मिले हैं. तब से पूरे देश में एक रहस्मयी बुखार फैल गया है. हालांकि, अभी तक इस बात का यह खुलासा नहीं किया गया है कि इसमें कितने कोविड-19 के मामले हैं.

    कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया में बड़ी संख्या में संदिग्ध कोविड-19 रोगियों का परीक्षण करने के लिए आवश्यक डायग्नोस्टिक किट की कमी है. रविवार को दर्ज की गई 15 मौतों के साथ ही देश में बुखार से मरने वालों की संख्या 42 हो गई है. आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि देश में फ्लू के लक्षणों वाले 2,96,180 नए मरीज सामने आए हैं, जिससे रोगियों की संख्या बढ़कर 820,620 हो गई है.

    फ्लू ने उत्तर कोरिया में मानवीय संकट पैदा कर दिया क्योंकि देश के अधिकांश लोगों ने कोरोना वैक्सीन नहीं ली है और यहां की सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली दशकों से जर्जर है. कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि अगर उत्तर कोरिया को टीकों, दवाओं और अन्य चिकित्सा आपूर्ति के बाहरी शिपमेंट तुरंत प्राप्त नहीं होते हैं तो उत्तर कोरिया में बड़ी संख्या में लोगों को जान गंवानी पड़ सकती है.

    उत्तर कोरिया ने गुरुवार से वायरस से लड़ने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगा दिया है. इससे देश की नाजुक अर्थव्यवस्था पर और दबाव पड़ सकता है, क्योंकि हाल के वर्षों में महामारी के कारण बाहरी व्यापार में तेजी से कमी आई है. इसके अलावा देश अपने परमाणु कार्यक्रम और अपने स्वयं के कुप्रबंधन को लेकर संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक प्रतिबंधों को भी झेल रहा है.

  • एयरलाइंस का विमान रनवे से फिसला, आग लगने से 40 लोग घायल

    एयरलाइंस का विमान रनवे से फिसला, आग लगने से 40 लोग घायल

    बीजिंग। दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगकिंग में गुरुवार को एक हवाई अड्डे पर टेक-ऑफ के दौरान एक यात्री विमान के रनवे से फिसल जाने और उसमें आग लगने से कम से कम 40 लोग घायल हो गए। चीन की तिब्बत एयरलाइंस 122 लोगों के साथ एक यात्री विमान में अचानक आग लग गयी। जब विमान गुरुवार को देश के दक्षिण-पश्चिम चोंगकिंग शहर में उड़ान भर रहा था।

    फ्लाइट राडार24 के अनुसार, उस समय एक तिब्बत एयरलाइंस A319 उड़ान भर रही थी। फ्लाइट राडार24 द्वारा आखिरी बार प्लेन को ट्रैक किए जाने के एक मिनट बाद रनवे को बंद कर दिया गया था।

    सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक तिब्बत जाने वाले इस विमान में 113 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सरकारी चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क (सीजीटीएन) ने बताया कि हताहतों की संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

    हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चाइना सेंट्रल टेलीविजन (सीसीटीवी) द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो फुटेज में चोंगकिंग जियांगबेई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तिब्बत एयरलाइंस के विमान के धड़ से आग की लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। लोगों को पिछले दरवाजे पर एक निकासी स्लाइड के माध्यम से भागने के बाद विमान से भागते देखा जा सकता है।

  • श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने दिया इस्तीफा

    श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने दिया इस्तीफा

    नई दिल्ली। श्रीलंका में आजादी के बाद से अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट के बीच प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे का पत्र स्वास्थ्य मंत्री प्रोफेसर चन्ना जयासुमना ने राष्ट्रपति को सौंप दिया है। लंबी जद्दोजहद के बाद उन्होंने यह इस्तीफा दिया है, जबकि कई बार उनके भाई और राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे उनसे पद छोड़ने को कह चुके हैं। राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने श्रीलंका के आर्थिक हालात को लेकर हुई बैठक में उसने अपना पद छोड़ने को कहा था। उन्होंने कहा था कि देश में जारी राजनीतिक संकट के बीच उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। 

    गौरतलब है कि श्रीलंका में आर्थिक हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग भुखमरी की कगार पर हैं। खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। मजदूर और व्यापारिक संगठनों ने सरकार के खिलाफ हड़ताल कर दी है। पिछले हफ्ते छात्रों ने सरकार के खिलाफ श्रीलंका की संसद में घुसने की कोशिश की थी।

    इन्हें रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार करनी पड़ी थी। लोगों में सरकार के खिलाफ जबर्रदस्त गुस्सा और आक्रोश है। लोग प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति दोनों के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ श्रीलंका सरकार के सभी मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। सरकार ने विपक्षी नेताओं से अपील की थी कि वो मंत्री बनकर सरकार चलाने में मदद करें लेकिन विपक्ष ने भी हाथ खड़े कर लिए थे। 

  • Elon Musk के एक टवीट ने मचाई सनसनी’

    Elon Musk के एक टवीट ने मचाई सनसनी’

    नई दिल्ली। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क हमेशा किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं. हाल ही में उनका एक ट्वीट फिर चर्चा का केंद्र बना हुआ है. उन्होंने अपने ट्वीट में अपने ‘संदिग्ध मौत’ के बारे में बात की है. इसके बाद ट्विटर पर इसको लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी.  बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने हाल ही में माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदा है, यह डील 44 बिलियन डॉलर में पूरी हुई है।  

    मस्क के शुरूआती दिनों की बात करें तो वह एक कनाडियन मां और दक्षिण अफ्रीकी श्वेत पिता की संतान हैं. उनका जन्म दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में हुआ था. शुरूआती पढ़ाई के बाद उन्होंने प्रिटोरिया विश्वविद्यालय में दाखिला लिया, लेकिन कुछ ही समय बाद 17 साल की उम्र में कनाडा चले गए. कुछ समय तक कनाडा में रहने के बाद उन्होंने अमेरिका का रूख किया और अपनी किस्मत के दरवाले खोल लिए।

    पेंसिलवेनिया विश्वविद्यालय से उन्होंने अर्थशास्त्र और भौतिकी में बैचलर की डिग्री ली और 1995 में कैलिफोर्निया चले गए, जहां उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया. लेकिन फिर पढ़ाई करने की बजाय काम धंधा करने का फैसला किया और अपने भाई के साथ मिलकर जिप2 नाम से वेब साफ्टवेयर कंपनी बना डाली।

  • स्कूल बिल्डिंग पर गिरा बम, 60 लोगों के मारे जाने की आशंका

    स्कूल बिल्डिंग पर गिरा बम, 60 लोगों के मारे जाने की आशंका

    कीव: यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी है. पूर्वी यूक्रेन के लुहान्सक इलाके में स्थित गांव के स्कूल में बम गिरने के बाद हुए भीषण विस्फोट में करीब 60 लोगों के मारे जाने की आशंका है. रविवार को राज्य के गवर्नर ने इसकी जानकारी दी. सेरहीये गैडाई ने बताया कि रूस की सेना ने इस भीषण हमले को शनिवार को अंजाम दिया.

    न्यूज एजेंसी के मुताबिक, लुहान्सक के गर्वनर के अनुसार, रशियन आर्मी ने शनिवार दोपहर बिलोहोरिवका में एक स्कूल को निशाना बनाते हुए उस पर बम गिरा दिया. जहां करीब 90 लोगों ने शरण ले रखी थी. धमाके के बाद स्कूल की इमारत में आग लग गई.

    सोशल मीडिया एप पर इस घटना की जानकारी देते हुए गवर्नर ने कहा कि, करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया. मलबा हटाने पर दुर्भाग्य से सिर्फ दो लोगों के शव मिले. 30 लोगों को इमारत से सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया. इनमें से 7 लोग घायल हो गए थे. जबकि बाकी बचे 60 लोगों का पता नहीं चला, उनके हमले में मारे जाने की आशंका है.

    हालांकि न्यूज एजेंसी ने इस रिपोर्ट को वेरिफाई नहीं किया है. दोनों देशों के बीच जारी युद्ध में यूक्रेन लगातार रूस पर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाता आया है.

    इससे पहले मारियुपोल शहर में स्थित स्टील प्लांट पर भी रूस की सेना भीषण हवाई हमले और गोला बारी की थी. जहां यूक्रेनी नागरिकों के साथ-साथ सेना के जवान भी मौजूद थे. हालांकि शनिवार को सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अज़ोवस्टल प्लांट से निकाला लिया गया.

    इससे पहले रूसी सेना ने पिछले महीने मारियुपोल थियेटर पर मिसाइल से हमला किया था. इस भीषण हमले में 600 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात सामने आई थी. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस यूक्रेन में जंग खत्म नहीं करना चाहता है. क्योंकि वह अन्य यूरोपीय देशों पर कब्जा करने की मंशा रखता है.

  • जनप्रतिनिधियों के सहयोग से और मजबूत होगा विकास का हरोली मॉडल : अग्निहोत्री

     

    नवनिर्वाचित प्रधानों व उप प्रधानों का सम्मान, गांवों के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान

    ऊना, सुशील पंडित : हरोली विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों के सम्मान में वीरवार को जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। ऊना के गुलमोहर होटल में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता को साथ लेकर पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें। उनकी ओर से जनप्रतिनिधियों को हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश में विकास की एक अलग पहचान बनाई है। अब ‘हरोली ब्रांड’ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा। उनकी आवाज को पूरा सम्मान मिलेगा तथा पंचायतों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, खेल, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े सभी क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। प्रत्येक पंचायत का संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। सम्मेलन में उपस्थित नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम देने का सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने जनसहभागिता, आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पंचायत के विकास को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं ग्राम पंचायत पंजाबर के प्रधान रणजीत सिंह राणा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मेलन में ग्राम पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों तथा जिला परिषद सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।