Category: Himachal>Una

  • आयकर रिटर्न दाखिल करने को लेकर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

    आयकर रिटर्न दाखिल करने को लेकर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित: आयकर कार्यालय, ऊना द्वारा गुरुवार को करदाताओं में कर संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रिंसिपल कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स चंडीगढ़ शालिनी भार्गव कौशल के दिशा-निर्देशों तथा शिमला रेंज के आयकर संयुक्त आयुक्त केशव कुमार आनंद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य करदाताओं को सही आयकर रिटर्न (आईटीआर) फॉर्म का चयन करने, समय पर एवं त्रुटिरहित आयकर रिटर्न दाखिल करने तथा आयकर नियमों, प्रावधानों, करदाताओं के अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को अग्रिम कर का समय पर भुगतान करने, स्व-मूल्यांकन कर की अपेक्षा अग्रिम कर को प्राथमिकता देने, गलत कटौतियों एवं छूट का दावा करने से बचने तथा आयकर रिटर्न भरते समय होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही शिकायत निवारण तंत्र और करदाताओं के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

    आयकर अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान लगभग 250 करदाताओं ने समय पर अग्रिम कर जमा नहीं किया, जिसके कारण उन्हें स्व-मूल्यांकन कर के साथ अतिरिक्त ब्याज का भुगतान करना पड़ा। उन्होंने सभी करदाताओं से समय पर अग्रिम कर जमा कर अनावश्यक ब्याज से बचने की अपील की।

    कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने म्यूचुअल फंड एवं शेयरों की खरीद-बिक्री से होने वाले शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन को आयकर रिटर्न में सही तरीके से दर्शाने तथा उपयुक्त आईटीआर फॉर्म के चयन को लेकर विशेष रुचि दिखाई। इस पर विनोद कुमार ने करदाताओं को सलाह दी कि आयकर रिटर्न दाखिल करने से पहले एआईएस एवं फॉर्म 26 एएस में प्रदर्शित आय का सावधानीपूर्वक मिलान करें तथा उसी के अनुरूप सही आईटीआर फॉर्म का चयन कर रिटर्न दाखिल करें।

    इस जागरूकता कार्यक्रम में जियो इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के क्षेत्रीय कार्यालय, परवाणू अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, रक्षा पेंशन भुगतान कार्यालय के कर्मचारियों सहित व्यापारियों, कारोबारियों एवं टैक्स प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए समय पर एवं सही तरीके से आयकर रिटर्न दाखिल करने का संकल्प लिया। विभाग ने कहा कि समय पर सही आयकर विवरणी दाखिल करना न केवल प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व है, बल्कि देश के विकास में उसकी महत्वपूर्ण भागीदारी भी सुनिश्चित करता है।
    कार्यक्रम में आयकर निरीक्षक राज कुमार ठाकुर, नमन शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

     

  • महावि‌द्यालय बंगाणा में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

    महावि‌द्यालय बंगाणा में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में आज वि‌द्यार्थियों को विभिन्न पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उ‌द्देश्य से एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी डॉ. राम सिंह ने की।

    अपने संबोधन में डॉ. राम सिंह ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने वि‌द्यार्थियों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृति योजनाओं का लाभ उठाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन भरते समय सही जानकारी उपलब्ध कराना और समय पर सत्यापन करवाना अत्यंत आवश्यक है।

    कार्यशाला के दौरान योजना प्रभारी डॉ. रीना ने विभिन्न पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. किरण ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने की विधि तथा आवेदन के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने के बारे में विस्तार से बताया। प्रो. कमलेश ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति श्रेणियों, आवेदन सत्यापन तथा समयबद्ध प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया। वहीं प्रो. निकिता ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें छात्रवृति योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित रूप से पोर्टल पर अपनी आवेदन स्थिति की जांच करते रहने के लिए प्रेरित किया।

    कार्यशाला में महावि‌द्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहना पड़े। महाविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं वि‌द्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

     

  • जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर रोक के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों की नई दरें निर्धारित

    जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर रोक के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों की नई दरें निर्धारित

    ऊना,सुशील पंडित:जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने जिले में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए डोर-डिलीवरी एवं फोकल प्वाइंट पर लागू होने वाली अतिरिक्त परिवहन एवं मजदूरी दरों की अधिसूचना जारी की है। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन आदेश, 1977 तथा घरेलू द्रवित गैस आपूर्ति (विनियमन एवं वितरण) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत जारी की गई है।

    जिला दंडाधिकारी ने बताया कि दरें निर्धारित करने का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी पर प्रभावी रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर गैस उपलब्ध कराना है।

    ये रहेंगी अतिरिक्त डोर डिलीवरी एवं फोकल प्वाईंट की दरें

    उपायुक्त ने बताया कि मैसर्ज कमल गैस एजेंसी ऊना में कम्पनी द्वारा 14.2 किलो ग्राम प्रति सिलेंडर का मूल 975.50 रूपये निर्धारित है, जबकि गैस एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 31.50, 29, 35 और 39 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
    वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस अम्ब में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29, 24.50, 29.50 और 33.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    पंजावर गैस एजेंसी, पंजावर में प्रति सिलेंडर का मूल्य 974.50 रूपये रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 27, 29.50, 35.50 और 38.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित रहेंगी।

    शहीद सुनील गैस एजेंसी गगरेट में में प्रति सिलेंडर का मूल्य तेल कम्पनी द्वरा प्रति सिलेंडर 974.50 किया है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30 और 29.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    हिमाचल प्रदेश राज्य आपूर्ति निगम गैस मैहतपुर में कम्पनी द्वारा सिलेंडर का मूल्य 971.77 निर्धारित है, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30.50, 28, 35 और 39 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित कीं है।

    दीपक गैस सर्विस संतोषगढ़ में प्रति सिलेंडर का मूल्य 970.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29.50, 30 और 34 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    बंगाणा गैस सर्विस एजेंसी में तेल कम्पनी ने प्रति सिलेंडर का मूल्य 984 रूपये निर्धारित किया है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30, 29.50, 35.50, 42.50 और 49.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    मैसर्ज सुगम इंडेन गैस सर्विस ऊना में कम्पी की ओर से प्रति सिलेंडर का मूल्य 975.50 रूपये निर्धारित है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 31.50 और 29 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    मैसर्ज चिंतपूर्णी गैस एजेंसी दौलतपुर चैक में प्रति सिलेंडर का मूल्य 976.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29.50, 26.50 और 28 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    मैसर्ज आर्यन गैस एजेंसी बडूही में तेल कम्पनी की ओर से प्रति सिलेंडर का मूल्य 975.50 रूपये निर्धारित है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर के 25 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक निर्धारित है।

    मैसर्ज बाबा बड़भाग सिंह भारत गैस, गामीण वितरक मैड़ी खास में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 25 और 27 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।

    इसके अतिरिक्त मैसर्ज माता श्री चिंतपूर्णी इंडेन में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 25 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि जीएसटी अतिरिक्त रूप से लागू होगा। गोदाम से सिलेंडर प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं पर परिवहन भाड़ा दरों पर छूट रहेगी। गैस विक्रेता उपभोक्ताओं से निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूल नहीं करेगा। द्रवित गैस विक्रेता उपभोक्ताओं की गैस लीकेज से संबंधित शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करेंगे। अभाव के दिनों द्रवित गैस विक्रेता उपभोक्ता को पंजीकृत क्रम अनुसार प्राथमिकता पर भरे सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। साथ ही, गैस विक्रेता उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की आपूर्ति करेंगे जो उनसे संबंधित गैस एजेंसी से पंजीकृत है।

  • जनप्रतिनिधियों के सहयोग से और मजबूत होगा विकास का हरोली मॉडल : अग्निहोत्री

    जनप्रतिनिधियों के सहयोग से और मजबूत होगा विकास का हरोली मॉडल : अग्निहोत्री

    नवनिर्वाचित प्रधानों व उप प्रधानों का सम्मान, गांवों के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान

    ऊना, सुशील पंडित : हरोली विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों के सम्मान में वीरवार को जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। ऊना के गुलमोहर होटल में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता को साथ लेकर पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें। उनकी ओर से जनप्रतिनिधियों को हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश में विकास की एक अलग पहचान बनाई है। अब ‘हरोली ब्रांड’ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा। उनकी आवाज को पूरा सम्मान मिलेगा तथा पंचायतों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, खेल, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े सभी क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। प्रत्येक पंचायत का संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। सम्मेलन में उपस्थित नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम देने का सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने जनसहभागिता, आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पंचायत के विकास को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं ग्राम पंचायत पंजाबर के प्रधान रणजीत सिंह राणा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मेलन में ग्राम पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों तथा जिला परिषद सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  
  • निजी स्कूलों में केवल एनसीईआरटी/एससीईआरटी निर्धारित पाठ्य पुस्तकें होंगी अनिवार्य, उल्लंघना पर होगी कार्रवाई – उप निदेशक

    निजी स्कूलों में केवल एनसीईआरटी/एससीईआरटी निर्धारित पाठ्य पुस्तकें होंगी अनिवार्य, उल्लंघना पर होगी कार्रवाई – उप निदेशक

    ऊना, सुशील पंडित : उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा, ऊना सोम लाल धीमान ने जिले के सभी निजी विद्यालयों को विद्यार्थियों के लिए केवल एनसीईआरटी/एससीईआरटी द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों का ही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह निर्देश निदेशालय स्कूल शिक्षा, हिमाचल प्रदेश से प्राप्त आदेशों की अनुपालना में जारी किए गए हैं। धीमान ने कहा कि जिले के सभी निजी विद्यालय, चाहे वे सीबीएसई से संबद्ध हों अथवा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से, विद्यार्थियों पर निजी प्रकाशकों की पुस्तकों को अनिवार्य नहीं बना सकते। सभी विद्यालयों को संबंधित बोर्ड एवं एनसीईआरटी/एससीईआरटी द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों को ही अनिवार्य रूप से लागू करना अनिवार्य है। उप निदेशक ने सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप केवल अधिकृत पाठ्यपुस्तकों का ही उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी विद्यालय में निर्धारित पुस्तकों के स्थान पर अन्य प्रकाशकों की पुस्तकों का अनिवार्य उपयोग पाया जाता है अथवा इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 तथा हिमाचल प्रदेश निजी शैक्षणिक संस्थान (विनियमन) अधिनियम, 1997 एवं नियम, 2003 के प्रावधानों के तहत संबंधित विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
     
  • राहुल गांधी को देश युवाओं के भविष्य की चिंता, पेपर लीक पर बने सख्त कानून:विवेक शर्मा

    राहुल गांधी को देश युवाओं के भविष्य की चिंता, पेपर लीक पर बने सख्त कानून:विवेक शर्मा

    विधायक विवेक शर्मा बोले,राहुल गांधी हर दिन युवाओं से सीधा संवाद करके उनके उज़्बल भविष्य के लिए दे रहे टिप्स

    ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि देश के कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को युवाओं के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी ने एक बार फिर देश में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से इस संबंध में सख्त कानून बनाने की मांग दोहराई। विधायक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। विवेक शर्मा ने कहा कि वर्षों तक तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूटता है और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का सरकार पर विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रभावी कानूनी व्यवस्था आवश्यक है। विधायक ने दावा किया कि राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है,जिससे भारतीय जनता पार्टी में बेचैनी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं और इसी कारण उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जब कि कांग्रेस रोजगार, शिक्षा, महंगाई और युवाओं के भविष्य जैसे विषयों पर लगातार आवाज उठा रही है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और राहुल गांधी इस जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
    शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में देश के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि कभी पेपर लीक, कभी चंदे से जुड़े विवाद और कभी पाकिस्तान की ओर से होने वाली नापाक हरकतें चर्चा का विषय बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” और “देश में बाहरी ताकतों को नहीं घुसने दूंगा” जैसे वक्तव्यों पर भी आज विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है। विवेक शर्मा ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग दृष्टिकोण से इन विषयों पर अपनी राय रख रहे हैं और कौन सही है तथा कौन गलत, इस पर जनता स्वयं चर्चा कर रही है।
     
  • क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में: सत्ती 

    क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में: सत्ती 

    ऊना,सुशील पंडित: ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि जिला के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि जल्द साकार होने जा रही है।

    प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। मंगलवार को विधायक स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधायक को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों की जानकारी दी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि यह परियोजना शीघ्र जनता को समर्पित की जा सके। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से ऊना को यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना मिली है। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लगभग 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यह अत्याधुनिक सुविधा मरीजों की सेवा के लिए शुरू कर दी जाएगी।

    उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल संशोधित लागत 26 करोड़ 6 लाख 8 हजार 731 रुपये है। इसमें सिविल कार्य पर 18 करोड़ 94 लाख 8 हजार 731 रुपये तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों पर 7 करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था। विधायक ने कहा कि यह क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार, आईसीयू सुविधाओं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।

    इसके शुरू होने के बाद ऊना और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए चंडीगढ़, पंजाब या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं जिला मुख्यालय पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय पर उपचार मिलने के साथ मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह परियोजना उसी सोच का परिणाम है और इसके शुरू होने से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा। विधायक ने विश्वास जताया कि यह क्रिटिकल केयर ब्लॉक जनसेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा और हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

     

  • मेहतपुर में ढाबे से अवैध देसी शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    मेहतपुर में ढाबे से अवैध देसी शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना के पुलिस थाना मेहतपुर की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेहतपुर बाजार स्थित एक ढाबे से 8 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को एएसआई गुरदास राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मेहतपुर बाजार स्थित गुंजन ढाबा में तलाशी अभियान चलाया।

    तलाशी के दौरान ढाबे के अंदर से देसी शराब (VRV संतरा) की 8 बोतलें बरामद हुईं। इस मामले में ढाबा मालिक अनिल कुमार निवासी बहडाला, तहसील व जिला ऊना के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

     

  • बल्ह में एचपी-शिवा परियोजना का प्रशिक्षण, किसानों ने सीखीं वैज्ञानिक बागवानी की तकनीकें

    बल्ह में एचपी-शिवा परियोजना का प्रशिक्षण, किसानों ने सीखीं वैज्ञानिक बागवानी की तकनीकें

    ऊना,सुशील पंडित: ऊना जिले की बल्ह पंचायत में एचपी-शिवा परियोजना के तहत आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में किसानों को आधुनिक बागवानी और वैज्ञानिक फल उत्पादन की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। उप-निदेशक (बागवानी) डॉ. के.के. भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में करीब 35 किसानों और बागवानों ने भाग लिया।

     डॉ. के.के. भारद्वाज ने कहा कि एचपी-शिवा परियोजना प्रदेश में बागवानी को नई दिशा देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने और परियोजना का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। परियोजना के टीम लीडर आकाश अस्थाना ने सीएचपीएमए और डब्ल्यूयूए जैसी सामुदायिक संस्थाओं की भूमिका तथा परियोजना के सफल क्रियान्वयन में किसानों की भागीदारी पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही योजना के बेहतर परिणाम मिलेंगे।

    शिमला से आए पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. मनोज जोशी और लिंगराज पांडा ने पर्यावरण एवं सामाजिक सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ टिकाऊ बागवानी अपनाने पर बल दिया। विशेषज्ञ राव साहब ने अमरूद की तुड़ाई के बाद ग्रेडिंग, गुणवत्ता संरक्षण, पैकिंग और विपणन की वैज्ञानिक तकनीकों से किसानों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन उपायों से उत्पाद की गुणवत्ता और बाजार मूल्य दोनों बढ़ाए जा सकते हैं।

    कार्यशाला में किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर बागवानी विकास अधिकारी वीरेंद्र भारद्वाज, उद्यान प्रसार अधिकारी वंदना तथा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

  • आईटीआई पंडोगा में 29 व 30 जुलाई को आयोजित होंगे प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम

    आईटीआई पंडोगा में 29 व 30 जुलाई को आयोजित होंगे प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम

    ऊना,सुशील पंडित: युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पंडोगा में 29 और 30  जुलाई को दो दिवसीय प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    आईटीआई के प्रधानाचार्य विशाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को संयुक्त कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सिलाई प्रौद्योगिकी, ड्रेस मेकिंग, एम्ब्रॉयडरी, फैशन डिजाइन तथा अन्य संबंधित व्यवसायों की पात्र महिला प्रशिक्षु भाग लेंगी। इस अवसर पर मैसर्ज टोयोट्सु अंबिका ऑटोमोटिव सेफ्टी कंपोनेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा योग्य प्रशिक्षुओं का चयन किया जाएगा।

    साथ ही, 30 जुलाई  को जीएनए गियर्स लिमिटेड द्वारा संस्थान परिसर में अप्रेंटिसशिप एवं डायरेक्ट ऑन-रोल रोजगार के लिए प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में मशीनिस्ट, ग्राइंडरमैन, टर्नर, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल), फिटर तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के पात्र आईटीआई प्रशिक्षु भाग ले सकेंगे। कंपनी द्वारा चयन निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर विकल्प उपलब्ध होते हैं। उन्होंने सभी पात्र प्रशिक्षुओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 01975-292742 पर संपर्क कर सकते हैं।