Category: Himachal>Una

  • बंगाणा स्कूल में जिला पुलिस ऊना का एंटी चिट्टा अभियान

    बंगाणा स्कूल में जिला पुलिस ऊना का एंटी चिट्टा अभियान

    विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला ऊना संजीव कुमार भाटिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

     उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नशे से न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि यह परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इस दौरान NDPS Act के तहत मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों और उनके कानूनी परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

    अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई। उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला पुलिस ऊना ने कहा कि “नशा मुक्त ऊना” के लक्ष्य को साकार करने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी अथवा भंडारण से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

     

  • दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण, गलत पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार: विवेक शर्मा

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण, गलत पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार: विवेक शर्मा

    दिल्ली में पेपर लीक के मामले में प्रदर्शन कर रहे युवाओं खासकर बेटियों पर पुलिस का लाठीचार्ज बेहद शर्मनाक

    ऊना,सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और रोजगार तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।

    ऐसे में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है तथा देश के लाखों युवाओं का इस आंदोलन को समर्थन देना भी स्वाभाविक और जायज़ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान ने दिया है, इसलिए आंदोलनों को बलपूर्वक दबाने की बजाय संवाद के माध्यम से समाधान तलाशना चाहिए। विधायक ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान खासकर छात्राओं और बेटियों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घायल अवस्था में कई छात्राएं पुलिस अधिकारियों से सवाल कर रही थीं कि यदि वे उनकी अपनी बेटियां होतीं, तो क्या तब भी उनके साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाता।

    विधायक ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे देश को झकझोरने वाली हैं और इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने आए विद्यार्थियों के साथ संवेदन शील व्यवहार होना चाहिए था, न कि बल प्रयोग। विधायक विवेक शर्मा ने केंद्र सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” का नारा देकर महिलाओं के सम्मान और शिक्षा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आंदोलन कर रही बेटियों पर पुलिस लाठीचार्ज करती है।

    उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना था कि युवाओं की मांगों को सुनने और निष्पक्ष जांच कराने के बजाय बल प्रयोग करना उचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह युवाओं की भावनाओं को समझे और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।

     

     

     

     

  • मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

    मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

    27 जुलाई को हिमकेप्स संस्थान, बढेड़ा में जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन

    ऊना,सुशील पंडित: ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें राष्ट्र निर्माण में शामिल करने के उद्देश्य के लिए युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आज मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

    बैठक में मेरा युवा भारत के प्रमुख उद्देश्यों पर चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मेरा युवा भारत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में नेतृत्व के गुणों और उनका व्यक्तित्व विकास करना, साक्षरता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के अतिरिक्त युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

    उन्होंने सभी विभागों से युवाओं के हित में आपसी समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला में स्थापित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने  मेरा युवा भारत पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान को जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित करने तथा सभी विभागों के सहयोग से अधिकाधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने पर बल दिया।

    उन्होंने कहा कि 15 से 29 वर्ष के युवा इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि 27 जुलाई, 2026 को हिमकेप्स संस्थान, बढेड़ा में जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रम तैयारियों के लिए आवश्यक समन्वय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का आॅफिशियल पोस्टर भी लांच किया गया।

    बैठक में मंत्रालय के दिशा-निर्देर्शों के अनुरूप जिला सलाहकार समिति के गठन एवं उसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के जिला कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।  स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल बैंकिंग, आंगनवाड़ी, संस्कृति एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और सभी सदस्यों ने भविष्य में भी विभागीय स्तर पर पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

    इससे पहले, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए मेरा युवा भारत की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं जिले में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

    इस बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी पी.एस.राणा, पंजाब नैशनल बैंक के अग्रणी बैंक अधिकारी विजय सिंह, युवा समन्वयक जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी दीपक जायसवाल, जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक एलेमेंट्री सोमलाल धर, जिला नोडल अधिकारी एनएसएस डाॅ. लिल्ली ठाकुर, सीडीपीओ ऊना धारवी देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • उपायुक्त ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आधुनिक सम्मेलन कक्ष का किया लोकार्पण

    उपायुक्त ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आधुनिक सम्मेलन कक्ष का किया लोकार्पण

    बोले…पूर्व सैनिकों के सम्मान और सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती

    ऊना, सुशील पंडित : उपायुक्त जतिन लाल ने आज (मंगलवार) को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वातानुकूलित सम्मेलन कक्ष का लोकार्पण किया। 60 व्यक्तियों की क्षमता वाला यह सम्मेलन कक्ष पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठकों, विचार-विमर्श और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं सुलभ हों। उन्होंने बताया कि घनारी में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक संचालित की जा रही है, जबकि रोड़ा में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके पूर्ण होने पर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।

    उपायुक्त ने बताया कि कार्यालय परिसर में पार्किंग सुविधा के विस्तार पर 3.5 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने परिसर स्थित लीगल सर्विस क्लीनिक का निरीक्षण भी किया तथा उसकी छत की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल एस.के. कलिया ने बताया कि कार्यालय के माध्यम से पूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान, मेडिकल सहायता, सीएसडी सहित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग समय-समय पर दूरदराज के क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रघुवीर सिंह, कृष्ण पाल चन्झोत्रा, के.सी. शर्मा, सेवानिवृत सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद, बीडीओ राहुल धीमान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • 22 जुलाई को हिमकैप्स कॉलेज, ऊना में होगा “छात्रों की गूंज” संवाद कार्यक्रम

    22 जुलाई को हिमकैप्स कॉलेज, ऊना में होगा “छात्रों की गूंज” संवाद कार्यक्रम

    ऊना/सुशील पंडित  : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी, ऊना एवं हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में 22 जुलाई, 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:30 बजे हिमकैप्स कॉलेज, ऊना में विद्यार्थियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

    इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव अनिल चौधरी होंगे। दोनों नेता विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती शिक्षा लागत, बेरोज़गारी एवं विद्यार्थियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

    कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सीधे सुनना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को खुलकर अपने विचार रखने तथा “छात्रों की गूंज” अभियान से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी, ऊना एवं हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस जिले के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवा साथियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से आग्रह करती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों की आवाज़ को सशक्त बनाने के इस अभियान का हिस्सा बनें।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के छात्र का राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के छात्र का राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

    ऊना/सुशील पंडित : वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के लिए बड़े गर्व का विषय है कि विद्यालय के कक्षा आठवीं ‘ए’ के छात्र शौर्य ठाकुर का अंडर-14 राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। शौर्य ठाकुर 24 से 26 जुलाई 2026 तक मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला ऊना का प्रतिनिधित्व करेगा।

    इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री अनुज वशिष्ट जी ने शौर्य ठाकुर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीपक कौशल जी ने विश्वास व्यक्त किया कि शौर्य अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिला तथा प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेगा।

     

  • दुलैहड़ में फर्नीचर दुकान में चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    दुलैहड़ में फर्नीचर दुकान में चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    ऊना/सुशील पंडित : पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत दुलैहड़ में एक फर्नीचर की दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता दविंद्र कुमार ने बताया कि उसकी दुकान के पीछे बने टीन शेड से सामान चोरी किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमनदीप निवासी दुलैहड़ को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

  • अमलैहड़ में रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी

    अमलैहड़ में रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी

    ऊना/सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत अमलैहड़ गांव में रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता सुरेश जसवाल ने आरोप लगाया कि चरण दास ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, ₹2,170 नकद व पर्चियां बरामद

    ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, ₹2,170 नकद व पर्चियां बरामद

    ऊना/सुशील पंडित : जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होटल गंगा लॉज के समीप एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी शहर ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहित शर्मा निवासी आर्य नगर, ऊना के कब्जे से 2,170 रुपये नकद और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

  • ऊना पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, PIT NDPS के तहत चार आरोपी निरुद्ध, वनगढ़ जेल भेजे गए

    ऊना पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, PIT NDPS के तहत चार आरोपी निरुद्ध, वनगढ़ जेल भेजे गए

    ऊना, सुशील पंडित : जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए PIT NDPS अधिनियम, 1988 के अंतर्गत चार आरोपियों को निवारक हिरासत (Preventive Detention) में लेकर जिला कारागार वनगढ़ भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सदर ऊना, अम्ब और मेहतपुर क्षेत्र के चार आरोपियों—मोहिन्द्र पाल निवासी चताड़ा, संदीप बक्शी निवासी ठठल (हाल नन्दपुर), अभिनन्दन निवासी देहलां तथा सूरज कुमार निवासी देहलां—को PIT NDPS अधिनियम की धारा 3(1) के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे। सामान्य कानूनी कार्रवाई के बावजूद उनकी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग रही थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चारों को निवारक हिरासत में भेजने का निर्णय लिया। आदेशों के अनुपालन में चारों आरोपियों को नियमानुसार निरुद्ध कर जिला कारागार वनगढ़ में दाखिल कर दिया गया है।
    जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि आदतन एवं संदिग्ध नशा तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध PIT NDPS के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जिला पुलिस ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है और पुलिस इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।