Category: Himachal>Una

  • GSSS ओयल में जिला पुलिस ऊना का नशा विरोधी अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई ‘एंटी चिट्टा’ शपथ

    GSSS ओयल में जिला पुलिस ऊना का नशा विरोधी अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई ‘एंटी चिट्टा’ शपथ

    ऊना,सुशील पंडित:  जिला पुलिस ऊना ने “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) ओयल में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (LR) सुरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को चिट्टा (हेरोइन) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

     उन्होंने विद्यार्थियों को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों, नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

    कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया।

    जिला पुलिस ऊना ने बताया कि “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत भविष्य में भी जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर एक सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

     

  • आपदा की सूचना अब होगी और आसान, ‘आपदा रक्षक’ ऐप का करें उपयोग

    आपदा की सूचना अब होगी और आसान, ‘आपदा रक्षक’ ऐप का करें उपयोग

    ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 के बाद प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती घटनाओं और उनकी तीव्रता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, त्वरित और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से ‘आपदा रक्षक मोबाइल ऐप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सक्रिय रूप से उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

    ज़िला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण के सीईओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त( एडीसी) ऊना इशांत जसवाल ने जानकारी दी कि इस मोबाइल ऐप के माध्यम से नागरिक किसी भी प्रमुख आपदा से संबंधित घटना की जानकारी सिटीजन लॉगिन सुविधा के जरिए सीधे राज्य आपदा प्रबंधन प्रणाली तक पहुँचा सकेंगे। इससे आपदा की स्थिति में समय पर सूचना उपलब्ध होगी, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी, जन-धन की हानि को कम करने में सहायता मिलेगी तथा प्रदेश की आपदा से निपटने की क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।

    जसवाल ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी विभागों से अपने अधीन कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके परिवारों, सहकर्मियों और आम नागरिकों को भी इस ऐप से जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में आपदा संबंधी घटनाओं की रिपोर्टिंग इसी मोबाइल एप्लीकेशन के सिटीजन रिपोर्टिंग   फीचर के माध्यम से करने पर विशेष बल दिया गया है।

    उन्होंने बताया कि आपदा रक्षक मोबाइल ऐप वेब पोर्टल https://hpsdma.hp.gov.in/AppLogin.aspx पर उपलब्ध है, जबकि शीघ्र ही इसे गूगल प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, ऐप के संचालन एवं उपयोग को सरल बनाने के लिए विस्तृत यूज़र मैनुअल भी उपलब्ध कराया गया है।

    एडीसी ने बताया कि आने वाले समय में इस ऐप में टूरिस्ट रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल सहित अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इन सेवाओं से पर्यटकों, नागरिकों, सरकारी एजेंसियों और आपदा राहत दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा आपदा पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी। उन्होंने कहा कि आपदा रक्षक मोबाइल ऐप से संबंधित किसी भी तकनीकी सहायता अथवा जानकारी के लिए संबंधित अधिकारी डॉ. रोहित चौहान, एचपीएसडीएमए, शिमला से 94184-82869 पर संपर्क किया जा सकता है।

     

  • ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से

    ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से

    ऊना,  सुशील पंडित : ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त तक राव बैडमिंटन अकादमी में किया जाएगा। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अशोक ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए चैंपियनशिप के सफल आयोजन की रूपरेखा तय की गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 28 जुलाई तक हरदीप सिंह (लाल जी) की दुकान पर अपना प्रवेश शुल्क जमा करवा सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अशोक ठाकुर ने बताया कि बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राव बैडमिंटन अकादमी उपलब्ध करवाने पर सुनील राव का आभार व्यक्त किया।
      बैठक में डॉ. कोमल मलिक, टी.एल. वालिया, अनिल राजपूत, अशोक आंगरा, जगतार सिंह, हरिंदर सिंह, सुनील राव, पवन कपिला, संजीव शर्मा, एस.के. बंसल, सचिन राव, शुभम सांभर, अभिषेक कपिला, करण चौधरी, रजत कंग और मनोज कुमार उपस्थित रहे।
         
  • दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    उत्कृष्ट कार्य करने वाले नियोक्ताओं, कर्मचारियों, संस्थानों और जिलों को मिलेगा सम्मान
    ऊना, सुशील पंडित : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वर्ष 2026-27 के दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाने वाले ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं। जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाले नियोक्ताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, संस्थानों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभागों एवं जिलों को सम्मानित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
    उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के तहत सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों, निजी क्षेत्र तथा गैर-सरकारी संगठनों के उत्कृष्ट नियोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी, कॉर्पोरेट एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगजनों के हित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभागों एवं संस्थानों तथा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले को भी राज्य स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयनित पुरस्कार विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।
    जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि पुरस्कार योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट www.esomsa.hp.gov.in पर उपलब्ध हैं। इच्छुक विभाग, संस्थान, संगठन एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने नामांकन 31 जुलाई तक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशालय को भेज सकते हैं।
     
  • बंगाणा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, चार लोग घायल

    बंगाणा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, चार लोग घायल

    ऊना, सुशील पंडित: जिला ऊना के बंगाणा थाना क्षेत्र के चौकी मन्यार में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की शाम परमजीत निवासी चौकी मन्यार और नरेश कुमार निवासी भलौण अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों को तेज रफ्तार व लापरवाही से चला रहे थे। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
    हादसे में दोनों चालक घायल हुए, जबकि पीछे बैठे अक्षय पुत्र देवराज निवासी भलौण तथा अमन पुत्र महेंद्र पाल को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • छतरपुर टाहड़ा में सट्टा लगाते युवक पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    छतरपुर टाहड़ा में सट्टा लगाते युवक पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    ऊना,  सुशील पंडित : जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संतोषगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छतरपुर टाहड़ा स्थित ईंट भट्ठे के समीप दबिश देकर गगनदीप निवासी संतोषगढ़ के कब्जे से 1,010 रुपये की नकदी तथा दड़ा सट्टा पर्चियां बरामद कीं।  आरोपित के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
       
  • 1949 में स्थापित ऐतिहासिक ‘लाजपत राय वाटर वर्क्स’ टाहलीवाल जलापूर्ति योजना बनेगी हेरिटेज म्यूजियम

    1949 में स्थापित ऐतिहासिक ‘लाजपत राय वाटर वर्क्स’ टाहलीवाल जलापूर्ति योजना बनेगी हेरिटेज म्यूजियम

    ऐतिहासिक पंप हाउस और विंटेज मशीनरी का होगा पुनर्संरक्षण- मुकेश अग्निहोत्री

    ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र में सन् 1949 में स्थापित ऐतिहासिक ‘लाजपत राय वाटर वर्क्स’ टाहलीवाल जलापूर्ति योजना को ‘वाटर सप्लाई हेरिटेज म्यूजियम’ के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना के ऐतिहासिक पंप हाउस, उसमें स्थापित विंटेज पम्पिंग मशीनरी, तकनीकी अभिलेखों तथा जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़ी धरोहर का पुनर्संरक्षण कर संरक्षित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने शनिवार को योजना का निरीक्षण करने के उपरांत जल शक्ति विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पंप हाउस में आज भी उस समय की विशाल विंटेज पम्पिंग मशीनें, फ्लाई-व्हील संचालित उपकरण तथा मूल संरचना सुरक्षित है, जो तत्कालीन अभियंत्रिकी कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है। इन सभी ऐतिहासिक धरोहरों को यथावत संरक्षित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध पुरानी एवं ऐतिहासिक जलापूर्ति मशीनरी को भी यहां लाकर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि प्रदेश में पेयजल व्यवस्था के विकास की ऐतिहासिक यात्रा को एक स्थान पर संजोया जा सके।

    1949 में हुआ था योजना का उद्घाटन

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक योजना का उद्घाटन 6 दिसंबर 1949 को तत्कालीन पूर्वी पंजाब के राज्यपाल सर चंदूलाल एम. त्रिवेदी ने किया था। उस समय योजना का नाम ‘लाजपत राय वाटर वर्क्स’ रखा गया था। इसका निर्माण तत्कालीन लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा कराया गया था तथा इसमें स्थापित मशीनरी विशेष रूप से इंग्लैंड से मंगवाई गई थी।

    31 गांवों की 20 हजार आबादी के लिए बनाई गई थी योजना

    उन्होंने बताया कि यह योजना उस समय बीत क्षेत्र के 31 गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तैयार की गई थी। इसमें 156 हॉर्स पावर के दो रसटन डीजल इंजन स्थापित किए गए थे, जिनके माध्यम से वर्ष 1974 तक पेयजल की आपूर्ति होती रही। बाद में बिजली से संचालित आधुनिक पम्पिंग व्यवस्था शुरू हुई, जबकि ऐतिहासिक पंप हाउस और उस समय की मशीनरी आज भी सुरक्षित है।

    आजादी के बाद की तकनीकी विरासत का जीवंत उदाहरण

    उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय की परिस्थितियों का अंदाजा इस योजना से लगाया जा सकता है। सीमित संसाधनों में तैयार की गई यह परियोजना उस दौर की तकनीकी दक्षता और दूरदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में आधुनिक पेयजल योजनाएं कार्य कर रही हैं, लेकिन यह ऐतिहासिक योजना दशकों तक बीत क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा बनी रही और प्रदेश में जलापूर्ति व्यवस्था की मजबूत नींव रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    नई पीढ़ी को मिलेगा इतिहास से जुड़ने का अवसर

    उन्होंने कहा कि हेरिटेज म्यूजियम के रूप में विकसित होने के बाद यह परिसर विद्यार्थियों, अभियंताओं, शोधकर्ताओं और आम लोगों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां ऐतिहासिक पंप हाउस, विंटेज मशीनरी, तकनीकी अभिलेखों तथा प्रदेश में जलापूर्ति व्यवस्था के विकास से जुड़े दस्तावेजों को संरक्षित कर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां प्रदेश की सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियंत्रिकी के इतिहास और उस दौर के अभियंताओं एवं अधिकारियों के योगदान को निकट से जान सकेंगी।

     

     

     

  • हरोली में मोटर रूम से चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    हरोली में मोटर रूम से चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    ऊना,सुशील पंडित: हरोली थाना क्षेत्र में बलराज चंद की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटर रूम से लोहे के पाइप व अन्य सामान चोरी करने के आरोपी बालकृष्ण निवासी घालूवाल को स्कूटर सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।

  • बंगाणा में दुकान से अवैध शराब बरामद

    बंगाणा में दुकान से अवैध शराब बरामद

    ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा की जोल चौकी टीम ने त्यार स्थित Him Bite Bar नामक दुकान में छापेमारी कर 6 बोतल अंग्रेजी शराब (Empyreal Blue) और 2 बोतल देसी शराब (हिम संतरा) बरामद की। इस मामले में दुकान संचालक अनिल कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

     

  • पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: सट्टा, अवैध शराब और चोरी के तीन मामलों में केस दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

    पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: सट्टा, अवैध शराब और चोरी के तीन मामलों में केस दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सट्टेबाजी, अवैध शराब और चोरी के मामलों में तीन अलग-अलग अभियोग दर्ज किए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को चोरी के मामले में गिरफ्तार भी किया है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है।

     टाहलीवाल में सट्टा खेलते आरोपी से ₹6,240 बरामद

    पुलिस थाना टाहलीवाल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बट्ट खुर्द में छापेमारी कर सतनाम सिंह निवासी वार्ड नंबर-4, बट्ट खुर्द को सट्टा लगाते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 6,240 रुपये नकद और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।