Category: Himachal>Una

  • मैजिक ब्लेड प्रा. लि. में भरे जाएंगे 41 पद, साक्षात्कार 20 और 21 जुलाई को

    मैजिक ब्लेड प्रा. लि. में भरे जाएंगे 41 पद, साक्षात्कार 20 और 21 जुलाई को

    ऊना,सुशील पंडित: मैसर्ज मैजिक ब्लेड प्राइवेट लिमिटेड में विभिन्न श्रेणी में 41 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 20 जुलाई को प्रातः 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना और 21 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय हरोली में आयोजित होंगे।

     जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि 41 पदों में सेल्स कार्डिनेटर के 2 पद, फिटर का 1 पद, वीएमसी प्रोग्रामर-सह-आप्रेटर का 1 पद, वीएमसी/सीएनसी आप्रेटर के 5 पद, ग्राइंडर एमसी आॅप्रेटर के 6 पद, क्वालिटी कंट्रोलर के 2 पद, टर्नर/लेथ मशीन आप्रेटर के 4 और हेल्पर के 20 पद शामिल है।

    उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए 8वीं, आईटीआई टर्नर, मकैनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, आईटीआई मशीनिस्ट, 12वीं, आईटीआई फिटर और स्नातक की डिग्री श्रेणीवार पदानुसार निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त आयु सीमा 18 से 35 वर्ष और मासिक वेतन 13 हज़ार 500 से लेकर 20 हज़ार रूपये तक पदानुसार निर्धारि होगी।

    अक्षय शर्मा ने बताया कि इच्छुक व योग्यक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली बोनाफाइड, बायोडाटा और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 80913-57003 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का भत्ता देय नहीं होगा।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के 23 विद्यार्थियों ने NEET UG 2026 में लहराया सफलता का परचम

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के 23 विद्यार्थियों ने NEET UG 2026 में लहराया सफलता का परचम

    ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के 23 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, अपने अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

     विद्यालय की छात्रा भानवी ने 506 अंक प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त रमनीत कौर (479), चंदन लट्ठ (448), अदम्या शर्मा (435), मन्नत (392), अर्णव शर्मा (390), रीवा (375), आँचल (351), रितिका एवं नवनीत (350), शिवांगी (335) तथा ऋषभ (314) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडिकल क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की। अन्य सफल विद्यार्थियों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

    इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय के अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को जाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में उत्कृष्ट चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।

    विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। यह परिणाम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निरंतर मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के समर्पण का प्रमाण है। हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है।” विद्यालय के अध्यक्ष सतपाल वशिष्ट ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

     

  • विशेष प्रचार अभियान के तहत जन कल्याणकारी योजनाओं और नशा निवारण पर जागरूक किए ग्रामीण

    विशेष प्रचार अभियान के तहत जन कल्याणकारी योजनाओं और नशा निवारण पर जागरूक किए ग्रामीण

    ऊना,सुशील पंडित: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित विशेष प्रचार अभियान के दूसरे चरण के चैथे दिन आज(शुक्रवार) को पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा के कलाकारों ने उपमंडल ऊना के तहत जखेड़ा और बहडाला लोअर में जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जातियों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, उपलब्धियों तथा नशामुक्त अभियान के बारे में जानकारी दी।

    जगरूकता कार्यक्रम में कलाकारों ने बताया कि हिमाचल सरकार द्वारा कम्पयूटर प्रशिक्षण योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवा, एकल, परित्यक्ता व अल्पसंख्यकों को एक वर्ष के पीजीडीसीए और डीसीए कम्पयूटर कोर्स करवाने का प्रावधान है। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विधवा व एकल नारियों को प्रशिक्षण के दौरान 1,000 रूपये मासिक भत्ता और 1500 रूपये प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ प्रदान किया जाता है। इसके अलावा योजना के तहत दिव्यांग श्रेणी में बारह सौ रूपये मासिक भत्ता और 1,800 प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष और परिवार की वार्षिक आमदनी 2 लाख से कम होनी चाहिए।

    नाटय दलों ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा कलाकारों ने विशेष रूप से नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

    आगामी जन जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूल

    पूर्वी कलां मंच जलग्रां टब्बा द्वारा विशेष प्रचार प्रसार अभियान के अंतिम दिन 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर जखेड़ा की प्रधान जस्वीर कौर, बहडाला लोअर की प्रधान कुसम लता, उप प्रधान नरेश बग्गा, वार्ड सदस्य संजय सिंह, काजल, लक्ष्मी देवी, ज्योति लाल बग्गा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

     

  • सीएम सुक्खू की पहल बनी सहारा, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना से अवनी के उच्च शिक्षा के सपनों को मिली उड़ान

    सीएम सुक्खू की पहल बनी सहारा, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना से अवनी के उच्च शिक्षा के सपनों को मिली उड़ान

    योजना से मेधावी विद्यार्थियों को बड़ा सहारा, मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण

    ऊना,सुशील पंडित: प्रतिभा को यदि अवसर मिले तो सपनों को साकार होने से कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्ष 2023 में शुरू की गई डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना ऐसे ही हजारों मेधावी विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है, जिनके उच्च शिक्षा के सपने आर्थिक अभाव के कारण अक्सर अधूरे रह जाते थे। मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण की सुविधा के साथ यह योजना सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी योग्य विद्यार्थी केवल आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।

    जिला ऊना के चौकीमनियार गांव की अवनी शर्मा इस योजना के सकारात्मक प्रभाव की एक प्रेरक मिसाल हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों वाले परिवार से आने वाली अवनी के लिए उच्च शिक्षा का सपना लगभग धूमिल होने लगा था, लेकिन डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी। आज वह नकोदर में बी.एससी. मेडिकल (एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई कर रही हैं।

    अवनी बताती हैं कि वे चार बहनें हैं। उनके पिता मनरेगा में कार्य करने के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण चारों बेटियों की उच्च शिक्षा का खर्च वहन करना परिवार के लिए बेहद कठिन था। ऐसे में आगे की पढ़ाई जारी रखना परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उन्हें चार लाख रुपये का शिक्षा ऋण स्वीकृत हुआ। इस आर्थिक सहायता ने उनकी पढ़ाई की राह आसान कर दी और अब वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही हैं।

    अवनी कहती हैं कि आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए कई लोगों ने उन्हें पार्लर या सिलाई का कार्य सीखकर रोजगार अपनाने की सलाह दी थी, लेकिन उनका सपना स्वास्थ्य क्षेत्र में अपना करियर बनाने का था। मुख्यमंत्री की इस पहल ने उनके सपनों को नई उड़ान दी है। अब उन्हें विश्वास है कि आर्थिक अभाव उनके भविष्य की राह में बाधा नहीं बनेगा। भविष्य में वह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज की सेवा करना चाहती हैं।

    अवनी की माता सुमन शर्मा कहती हैं कि पहले आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की उच्च शिक्षा परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता होती थी, लेकिन इस योजना ने वह चिंता काफी हद तक दूर कर दी है। वे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए उच्च शिक्षा का भरोसेमंद सहारा बनकर उभरी है।

    इसी प्रकार हरोली विधानसभा क्षेत्र के भदसाली गांव के तनिष्क जसवाल भी इस योजना का लाभ लेकर कम्प्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। प्रदेश सरकार से छह लाख रुपये का शिक्षा ऋण मिलने के बाद उनके परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और अब वे पूरी एकाग्रता के साथ अपने करियर की तैयारी कर रहे हैं।

    मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण

    उच्च शिक्षा विभाग ऊना के उप निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को अधिकतम 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, हॉस्टल शुल्क, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं पर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पहले योजना के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा चार लाख रुपये निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 12 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ-साथ मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिक विद्यार्थी भी बिना आर्थिक चिंता के उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

    पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया

    उप निदेशक ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा पिछली कक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। योजना के अंतर्गत मेडिकल, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के अलावा स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) तथा पीएचडी स्तर तक के पात्र पाठ्यक्रमों के लिए भी शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, सरल एवं पारदर्शी है। इसके अलावा इच्छुक विद्यार्थी उप निदेशक उच्च शिक्षा ऊना अथवा निदेशक उच्च शिक्षा, हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट से प्रपत्र-2 डाउनलोड कर निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर किसी भी कार्यदिवस में उप निदेशक उच्च शिक्षा कार्यालय, ऊना में जमा कर सकते हैं।

    हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचे योजना का लाभ

    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी  आर्थिक अभाव के कारण अपने भविष्य से समझौता न करे। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा उसकी आर्थिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे, ताकि कोई भी सपना केवल संसाधनों के अभाव में अधूरा न रह जाए।

     

  • गवर्नमेंट हाई स्कूल भदौडी में किशोरावस्था विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित

    गवर्नमेंट हाई स्कूल भदौडी में किशोरावस्था विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित: गवर्नमेंट हाई स्कूल भदौडी में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए किशोरावस्था विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हरोली खंड के  चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिंगारा सिंह के निर्देशन में एम एच एस मोहन लाल ने किया।

    शिविर के दौरान विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

    डॉ. ने विद्यार्थियों को बढ़ती उम्र में होने वाले बदलावों से घबराने के बजाय सही जानकारी और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बीमारियों से बचाव के उपायों तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक आदतों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया।

     

     

  • पैसों के विवाद में एजेंसी संचालक से हाथापाई, मामला दर्ज

    पैसों के विवाद में एजेंसी संचालक से हाथापाई, मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित: सदर ऊना में स्कूटर की खरीद और मरम्मत के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। विकास मोटर्स के संचालक विकास चंद ने शिकायत में बताया कि विशाल कुमार भुगतान को लेकर एजेंसी में बहस करने पहुंचा और हाथापाई की। इस दौरान वह फिसलकर गिर गया और घायल हो गया। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • युवक का रास्ता रोककर मारपीट, चार युवकों पर केस दर्ज

    युवक का रास्ता रोककर मारपीट, चार युवकों पर केस दर्ज

    ऊना /सुशील पंडित: बंगाणा थाना क्षेत्र के दोबड़ में एक युवक के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता उज्जवल सिंह ने आरोप लगाया कि गौरव, राहुल, साहिल और वंश परमार ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • सड़क पार कर रही महिला को टाटा सूमो ने मारी टक्कर, चालक फरार

    सड़क पार कर रही महिला को टाटा सूमो ने मारी टक्कर, चालक फरार

    ऊना /सुशील पंडित: सदर थाना ऊना के तहत घंडावल में सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता गुलशन कुमार ने बताया कि 15 जुलाई की रात उसकी पत्नी सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार टाटा सूमो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका होशियारपुर के लिवासा अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • पंचायत चौकीदार से जातिसूचक गाली-गलौज व मारपीट, SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पंचायत चौकीदार से जातिसूचक गाली-गलौज व मारपीट, SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित: जिले के हरोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत क्षेत्रां में पंचायत चौकीदार के साथ कथित जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार निवासी बीदड़वाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी कुलदीप कुमार पंचायत कार्यालय में तंबाकू का सेवन कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहे, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • हरोली में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

    हरोली में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

    ऊना,सुशील पंडित: जिला के हरोली क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मलिक वैष्णो ढाबा, ईसपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक विनोद कुमार निवासी झलेड़ा ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक मोहित कुमार उर्फ मनु निवासी वार्ड-2, खड्ड (ईसपुर) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ BNS और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।