Category: Panchkula

  • Haryana News: घर के बाहर खड़ी कार में घुसे बच्चे, पैसे लेकर फरार, देखें वीडियो

    Haryana News: घर के बाहर खड़ी कार में घुसे बच्चे, पैसे लेकर फरार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः पंचकूला के सेक्टर-4 में आज सुबह करीब 8:20 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के बाहर खड़ी कार को 3 अज्ञात बच्चों ने निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों बच्चे साइकिल पर आए, कार का ताला खोला और भीतर घुसकर पूरी कार को खंगाल डाला। इस दौरान वे कार में रखे कुछ खुले पैसे लेकर फरार हो गए। गनीमत यह रही कि कार में कोई अन्य कीमती सामान मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

    इस घटना ने इलाके के लोगों को हैरान और चिंतित कर दिया है, क्योंकि यह वारदात दिनदहाड़े और सुबह के समय हुई, जब आमतौर पर लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह के वक्त इस तरह की चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    घटना के बाद क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि जिन लोगों के पास अपने वाहनों को घर के अंदर पार्क करने की सुविधा है, वे उसका उपयोग जरूर करें। वहीं, जिनके पास यह व्यवस्था नहीं है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने वाहनों को अच्छी तरह लॉक करें और अंदर किसी भी प्रकार का कीमती सामान न छोड़ें। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

  • Haryana News : हेलमेट पहनना सिर्फ नियम नहीं है, यह आपके परिवार की सुरक्षा का वादाः ACP Traffic

    Haryana News : हेलमेट पहनना सिर्फ नियम नहीं है, यह आपके परिवार की सुरक्षा का वादाः ACP Traffic

    ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों बारे लोगों को किया जागरूक, मुफ्त में बांटा हेलमेट

    पंचकूला। प्रदेश भर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों बारे जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पंचकूला ट्रैफिक पुलिस और पारस हॉस्पिटल की टीम ने सेक्टर-11/15 चौक पर एक खास मुहिम चलाई। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया।

    अक्सर लोग नाके पर ट्रैफिक पुलिस को देखकर यह सोचते हैं कि शायद चालान हो जाएगा, लेकिन आज का नज़ारा अलग था। एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक वरिन्द्र कुमार और पुलिस टीम ने वाहन चालकों को रोका और इसके बाद मुस्कुराते हुए उन्हें हेलमेट पहनाया। चालकों के चेहरे पर पहले हैरानी और फिर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान लोगों ने पुलिस की इस पहल की तारीफ की।

    एसीपी ट्रैफिक ने कहा- आप घर से यह तय करके निकलेंगे कि हेलमेट पहनना है
    एसीपी ट्रैफिक ने चालकों से से कहा कि आप घर से यह तय करके निकलेंगे कि हेलमेट पहनना है, तो आपका परिवार हर दिन चैन से रहेगा। एक परिवार के मुखिया के ऊपर घर की पूरी जिम्मेदारी होती है और पूरा घर उसी पर टिका रहता है। इसलिए एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार को बर्बाद कर सकती है। हेलमेट पहनना सिर्फ नियम नहीं है, यह आपके परिवार की सुरक्षा का वादा है।

    लोगों ने भी पुलिस के सामने यह वादा किया कि वे अब हर सफर में हेलमेट जरूर पहनेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

    वहीं, डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा है कि हमारी नजर में हर जान की कीमत है। अगर एक हेलमेट किसी की जिंदगी बचा सकता है, तो यह सबसे बड़ी जीत है। हम बस इतना चाहते हैं कि हर व्यक्ति शाम को अपने घर सुरक्षित लौटे।

    पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी), शिवास कविराज ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और पारस हॉस्पिटल की टीम ने हेलमेट बांटकर और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाकर बेहतरीन काम किया है। यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और अच्छी पुलिसिंग का उदाहरण है।

  • Haryana News : जेल में पढ़ने वाले कैदियों की साल भर में एडमिशन की जाएगी दोगुनीः जेल महानिदेशक, देखें वीडियो

    Haryana News : जेल में पढ़ने वाले कैदियों की साल भर में एडमिशन की जाएगी दोगुनीः जेल महानिदेशक, देखें वीडियो

    जेल महानिदेशक आलोक राय ने पत्रकार वार्ता को किया संबोधित 

    पंचकूला। हरियाणा जेल महानिदेशक आलोक राय ने अपने मुख्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा हमारा मकसद था हरियाणा की जेल में गैंगस्टर और हार्डकोर क्रिमिनल एक्टिविटी को रोकना और उसमें हम सफल हुए हैं। जेल में गैंगस्टर कल्चर के खिलाफ काम किया और गैंगस्टर का महिमा मंडल बंद किया। अब जेल में मैनुअल के तहत काम किया जा रहा है। गैंगस्टर कल्चर खत्म करने का पॉजिटिव रिजल्ट आया है।

    कैदियों को साक्षर बनाकर बाहर निकालने का किया जा रहा प्रयास
    हरियाणा की जेल में आईटीआई और पॉलिटेक्निक की तरफ काम किया जा रहा है और इसके साथ ही फार्मूला एजुकेशन पर काम करने की कोशिश की जा रही है, जो तेजी से आगे बढ़ रहा है और कैदी साक्षर होकर बाहर निकले यह प्रयास किया जा रहा है। दसवीं से लेकर एमए और बीए की शिक्षा कैदी जेल में ले पाएंगे उनके पढ़ने के लिए किताब, लाइट, लाइब्रेरी और अलग से समय दिया जा रहा है।

    हाईटेक जेल बनना का कार्य 3 महिने में किया जाएगा पूर्ण
    जेल में पढ़ने वाले कैदियों की साल भर में एडमिशन दोगुना करेंगे। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि करनाल और फरीदाबाद में ओपन एयर जेल हमारे पास है और उनकी व्यवस्था और बड़े इसका प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जो इसके मापदंड पूरे करते हैं उसको इसकी सुविधा दी जाती है। वहीं, हरियाणा में हाईटेक जेल बनने के सवाल पर बोलते हुए कहा कि रोहतक में तेजी से हाईटेक जेल बनने का कार्य चल रहा है और 3 महीने में उसे पूरा कर लिया जाएगा।

    करनाल और फरीदाबाद मे ओपन एयर जेल की सुविधा है उन्होंने कहा कि जेल में रहने वाले अपराधियों के लिए काउंसलिंग की भी सुविधा रखी जाती है उन्होंने कहां की जेल में रहने के बाद कुछ कैदी बदल जाते हैं और कुछ आगे चले जाते हैं

    उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की ओपन और जेल में रहने के लिए 36 आवासीय स्थान उपलब्ध है जिनमें वर्तमान समय में 11 कैदी अपने परिवार सहित रह रहे हैं वहीं करनाल की ओपन और जेल में 30 आवासिय का स्थान उपलब्ध है जिनमें से 16 कैदी अपने परिवार सहित रह रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कैदियों को जेल के बाहर उद्योग, कृषि व अन्य कामों के लिए लगाया जाता है जिससे वह अपना अनुभव और आय अर्जित करते हैं।

    इतने कैदियों ने हासिल की ड्रिग्री
    महानिदेशक कारागार ने बताया कि हरियाणा की जेल में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय संस्थान द्वारा वर्ष 2011 में माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए मुफ्त शिक्षा और अध्ययन सामग्री देने के लिए शिक्षा केंद्र स्थापित किए थे जिसमें पिछले 14 वर्षों में दसवीं की डिग्री 1136 कैदी जो औसतन 81 कैदी प्रतिवर्ष ले चुके हैं और वहीं 12वीं की डिग्री 771 कैदी जो ऑस्टिन 55 कैदी प्रतिवर्ष ले चुके हैं।

  • Haryana News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 को करेंगे Atal Bihari Vajpayee की प्रतिमा का अनावरण, देखें वीडियो

    Haryana News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 को करेंगे Atal Bihari Vajpayee की प्रतिमा का अनावरण, देखें वीडियो

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अटल पार्क में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

    पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 24 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर गृह मंत्री अमित शाह पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-1 स्थित अटल पार्क में श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा वे पंचकूला में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। सीएम सैनी आज अटल पार्क में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली भी उपस्थित रहे।

    उन्होंने बताया कि अटल जी की धातु से बनी 41 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद अमित शाह अटल पार्क में ही आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘पंचकमल’ में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके उपरांत अमित शाह ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 में आयोजित 5 हजार पुलिस कर्मियों की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगे। शाह इसी दिन आयोजित होने वाले ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

    सीएम ने कहा- कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है
    संसद में कांग्रेस पार्टी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। लेकिन अब जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली बातें कर रहे हैं। आने वाले 40–50 वर्षों तक कांग्रेस का देश में कोई भविष्य नहीं है।

    एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की रक्षा और सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। इस संबंध में पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं और पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। किसी व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करनी है या नहीं, इसका आकलन पुलिस विभाग द्वारा किया जाता है।

    ये लोग रहे मौजूद
    इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, नगर एवं ग्राम आयोजन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बनतो कटारिया , भाजपा नेता श्याम लाल बंसल भी उपस्थित थे।

  • Haryana News : नाकाबंदी तोड़कर फरार हुए 2 तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News : नाकाबंदी तोड़कर फरार हुए 2 तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला। पुलिस टीम ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दो फरार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी कुछ दिन पहले पुलिस की नाकाबंदी के दौरान कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए थे।

    ये है पूरा मामला
    मामले संबंधी एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 6 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक चंडीगढ़ से एक कार में अवैध शराब भरकर पंचकूला से होकर यमुनानगर की ओर जा रहे हैं। जानकारी के आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज मनदीप सिंह ने अपनी टीम के साथ गांव टाबर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस को देखकर कार की लाइट बंद कर दी और वाहन को पीछे मोड़कर पास के पेट्रोल पंप पर रोककर भाग निकले। टीम ने कार को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें से 65 पेटियां अवैध शराब की बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरु की।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हरियाणा आबकारी संशोधित अधिनियम की धारा 61(1)A के तहत रायपुर रानी थाना में मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने 10 दिसंबर 2025 को रविंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी जगाधरी, जिला यमुनानगर तथा सागर पुत्र काबल सिंह निवासी थानेसर, जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया।

    आरोपियों को अदालत में किया गया पेश
    अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी यह अवैध शराब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र में बेचने वाले हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा अवैध शराब की सप्लाई कहां-कहां तक फैली हुई है।

  • Haryana News: पशु क्रूरता करने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: पशु क्रूरता करने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः शहर में पशु क्रूरता के एक गंभीर मामले में चंडी मंदिर थाना पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब स्थानीय निवासी ने पुलिस को शिकायत दी कि इलाके में एक कुत्ते की बेरहमी से हत्या कर उसे दफना दिया गया है। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हाथ लगी, जिसमें दो युवक कुत्ते को ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। फुटेज में दर्ज इन तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने न सिर्फ कुत्ते को मारकर दफनाया, बल्कि इस कृत्य का वीडियो भी बनाया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बेहद अमानवीय है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ जारी है, जबकि पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी हुई है। वहीं दूसरी और आरोपियों को पकड़वाने वाले लोगों ने भी आरोपियों का वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें वह कह रहे हैं कि यह उन्होंने किसी के कहने पर किया था, क्योंकि कुत्ते ने उनको काटा था जिसके लिए वह कुत्ते को पकड़ने आए थे, लेकिन वह गलती से मर गया। पुलिस ने कहा कि सबूतों के आधार पर जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
  • Haryana News: पहले ग्राहक बनकर की रेकी, बाद में शटर काटकर लुटेरों ने उड़ाए गहने, देखें वीडियो

    Haryana News: पहले ग्राहक बनकर की रेकी, बाद में शटर काटकर लुटेरों ने उड़ाए गहने, देखें वीडियो

    पंचकूलाः शहर के सेक्टर-16 के साथ सटी राजीव कॉलोनी में स्थित राजमोहन ज्वैलरी शॉप में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, चोरी करने से पहले आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पर आए थे और चांदी के गहने देखने के बहाने पूरी दुकान की रेकी कर गए। अगले ही दिन देर रात उन्होंने दुकान का शटर गैस कटर से काटकर बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया।

    दुकान मालिक सौरभ ने बताया कि आरोपी युवक दुकान पर सामान्य ग्राहक की तरह आया था और चांदी की रिंग, नोज पिन, चुटकी, नाटियां और अन्य चांदी के आर्टिकल्स देखने के बहाने दुकान का मुआयना करता रहा। सौरभ के मुताबिक, अगले दिन जब उन्होंने दुकान खोली तो देखा कि शटर कटा हुआ था और दुकान से काफी चांदी का सामान गायब था। चोर पूरे गहने समेटकर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पंचकूला की डीसीपी और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान का निरीक्षण किया और शटर काटने में इस्तेमाल किए गए औजारों के निशानों सहित मौके से साक्ष्य जुटाए।

    सेक्टर-16 चौकी इंचार्ज सिंहराज ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई है और आरोपी पहले से ही दुकान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

  • Haryana News: हुड़दंगबाजों पर ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा, देखें वीडियो

    Haryana News: हुड़दंगबाजों पर ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा, देखें वीडियो

    पंचकूला। ट्रैफिक पुलिस ने कालका मुख्य मॉर्किट में सड़क पर म्यूजिक बजाकर और हुड़दंग मचाते हुए ट्रैक्टर चला रहे युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सुरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवकों को रोका और उनकी पहचान की। जांच में पता चला कि युवकों के पास न तो वैध वाहन दस्तावेज़ थे और न ही ड्राइविंग लाइसेंस। पुलिस ने ट्रैक्टर को इंपाउंड कर 32,000 रुपये का चालान काटा।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने मामले संबंधी कहा है कि सड़कें किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं कि कोई तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर, स्टंट करके या हुड़दंग मचाकर आम लोगों को परेशान करे। हमारी टीम हर ऐसे तत्व पर लगातार नजर रखे हुए है, और जो भी व्यक्ति नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। कानून सबके लिए बराबर है चाहे ट्रैक्टर हो, कार हो या बाइक। पंचकूला की सड़कें सुरक्षित रहें, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही या सड़क पर हुड़दंगबाजी देखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

  • Haryana News : ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत 28 आरोपी गिरफ्तार

    Haryana News : ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत 28 आरोपी गिरफ्तार

    1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 6 मोटरसाइकिलें, 1.18 हजार रुपये नकद, 1 टैंकर व 80 पव्वे अवैध शराब बरामद

    पंचकूला। प्रदेश भर में हाल ही में शुरू किए गए ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस ने बीते चार दिनों में जिले के 101 चिन्हित हॉटस्पॉट्स में कार्रवाई की। इस दौरान क्राइम ब्रांच, सभी थाना व चौकी स्तर की टीमें एकजुट होकर मैदान में उतरीं और जिले के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के इरादे से कार्रवाई की।

    पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान चोरी, शराब तस्करी, जुआ अधिनियम और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ 12 मामले दर्ज कर 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी किए गए आरोपियों में 9 कुख्यात फरार अपराधी भी शामिल हैं, जिन पर हिंसक प्रवृति के मामले दर्ज थे और जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचते फिर रहे थे। पुलिस ने उनमें से एक आरोपी के पासपोर्ट को रद्द कराने का प्रस्ताव भी संबंधित विभाग को भेज दिया है, ताकि वह विदेश जाकर कानून से बच न सके।

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 6 संदिग्ध मोटरसाइकिलें, सट्टा समेत अन्य मामलो में 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, 1 टैंकर व 80 पव्वे अवैध शराब बरामद कीं। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने क्षेत्र के दो गन हाउसों की औचक जांच कर लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और रिकॉर्ड की गहराई से पड़ताल की।

    इस अभियान की सबसे मानवीय पहल यह रही कि पुलिस केवल अपराधियों तक ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक भी पहुंची। कड़ाके की सर्दी में ठिठुरते 279 गरीब व बेसहारा लोगों तक पुलिस टीमों ने खुद जाकर गर्म कपड़े, कंबल और सर्दी से बचाव का सामान पहुंचाया।

    ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत 28 आरोपी गिरफ्तार

    पुलिसकर्मियों ने रात के समय सड़क किनारे, खाली प्लॉटों में, लोगों को ढूंढ-ढूंढकर राहत सामग्री दी। कई लोगों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संवेदनशीलता से पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत होता है।

    कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
    पंचकूला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध पर सख्त कार्रवाई और मानवीय संवेदना दोनों ही उनकी कार्यशैली के अहम हिस्से हैं। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, और जरूरतमंदों की मदद के लिए पुलिस हमेशा आगे रहेगी।

  • Haryana News: मां-बाप से बड़ा कोई दोस्त नहींः डीसीपी, देखें वीडियो

    Haryana News: मां-बाप से बड़ा कोई दोस्त नहींः डीसीपी, देखें वीडियो

    पंचकूला पुलिस ने छात्राओं को महिला एवं बाल विरुद्ध अपराध, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, बाल विवाह को लेकर किया जागरुक 

    पंचकूला। जिला पुलिस बरवाला स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें पुलिस टीम द्वारा छात्राों को महिला एवं बाल विरुद्ध अपराधों के बारे में जानकारी, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह को लेकर जागरुक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता का छात्राओं ने तिलक लगाकार स्वागत किया।

    डीसीपी ने छात्राओं के साथ खुलकर संवाद किया, उनको ‘धाकड़ बनने’ और अपने अधिकारों को समझकर निडरता से आगे बढ़ने के लिए कहा साथ ही उनकी जिज्ञासाओं को सुना और उन्हें निडर, जागरूक तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि मां-बाप से बड़ा कोई दोस्त नहीं, उनसे दिल-खोलकर अपने मन की बात बताओ, अच्छा-बुरा अनुभव साझा करो, सीख अच्छी ही मिलेगी।

    कार्यक्रम के दौरान जब डीसीपी ने छात्राओं से संवाद किया तो एक बच्ची ने बताया कि उसने कभी पुलिस स्टेशन नहीं देखा। इस पर डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने तत्काल इच्छुक छात्राओं के लिए पुलिस थाने के विशेष दौरे की घोषणा की, ताकि छात्राएं नजदीक से पुलिस की कार्यशैली, शिकायतों की प्रक्रिया और पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में की जाने वाली कार्रवाई के तरीकों को समझ सकें।

    डीसीपी ने जिला के सभी विद्यार्थियो खासकर कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियो से अपील की कि वे 6 से 9 दिसंबर को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित होने वाले 11वें इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में अवश्य भाग लें, यह आपका सौभाग्य है कि इस बार यह फेस्टिवल पंचकूला में आयोजित हो रहा है। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सीखने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

    कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर रामू स्वामी ने भी प्रेरणादायक शब्दों से छात्राओं में उत्साह भरा और उन्हें बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

    इसके अलावा एएसआई शिवानी और महिला मुख्य सिपाही आशा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रेरित किया।

    कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह न करने और इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानून, जैसे—पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम आदि के बारे में जानकारी देकर इनके पालन की शपथ भी दिलवाई गई।

    इस अवसर पर बरवाला चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह, जिला युवा विकास संगठन की टीम से डॉ. मोनिका, स्कूल प्रशासन तथा लगभग 500 छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, सक्षम और सुरक्षित बनाना रहा, जिसे सभी ने बेहद सकारात्मक रूप से सराहा।