Category: Punjab>Amritsar

  • Punjab News: BJP ने नियुक्त किया नया जिला अध्यक्ष, ताजपोशी में शामिल हुए केवल ढिल्लों, देखें वीडियो

    Punjab News: BJP ने नियुक्त किया नया जिला अध्यक्ष, ताजपोशी में शामिल हुए केवल ढिल्लों, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलील कपूर की ताजपोशी समारोह के दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों विशेष तौर पर पहुंचे। समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और नए जिला अध्यक्ष को पद संभालने पर बधाईयां दी गईं। इस मौके पर अपने संबोधन में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलील कपूर ने पार्टी हाईकमान और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है।

    उन्होंने कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को साथ लेकर काम करेंगे। वहीं पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सलील कपूर को बधाई देते हुए कहा कि आज श्री हरिमंदिर साहिब और श्री दुग्याना मंदिर में नतमस्तक होने के उपरांत सलील कपूर को जिला अध्यक्ष के रूप में पद संभालने की रस्म अदा की गई है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा एक एकजुट पार्टी है और इसमें अन्य पार्टियों की तरह आंतरिक खींचतान नहीं है। उन्होंने सलील कपूर को सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साथ लेकर चलने की सलाह भी दी। उन्होंने दावा किया कि अमृतसर में भाजपा का मजबूत आधार बन रहा है और आने वाले चुनावों में अमृतसर की पांचों विधानसभा सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट दिए हैं और डबल इंजन की सरकार ही पंजाब को पुनः तरक्की के रास्ते पर लेकर जा सकती है।

  • Punjab News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका ने घेरी भाजपा सरकार, देखें वीडियो

    Punjab News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका ने घेरी भाजपा सरकार, देखें वीडियो

    अमृतसर: कांग्रेसी नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लोकतंत्र, युवाओं और संविधान की जीत है। उन्होंने कहा कि लगातार 39 दिन चले संघर्ष के बाद सरकार को झुकना पड़ा, जो युवाओं की एकता की बड़ी जीत है।

    डॉ. वेरका ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ़ एक पेपर लीक की नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को ज़ोरदार ढंग से उठाया और युवाओं की आवाज़ बने। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान ने हर नागरिक को अपनी बात रखने और अपने हक़ों के लिए संघर्ष करने का अधिकार दिया है और यह जीत उसी संवैधानिक प्रणाली की भी जीत है।

    उन्होंने कहा कि जब तक देश में लोकतंत्र ज़िंदा है, तब तक जनता अपनी आवाज़ इसी तरह बुलंद करती रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार को फ़ैसले सोच-समझकर लेने चाहिए। उन्होंने किसान आंदोलन का हवाला देते हुए कहा कि पहले भी केंद्र सरकार को किसानों के लंबे संघर्ष के बाद कृषि कानून वापस लेने पड़े थे और अब युवाओं के रोष के कारण सरकार को यह कदम उठाना पड़ा है।

    डॉ. वेरका ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं अकेला मामला नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक नहीं, बल्कि क़रीब 30 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि अगर एक ही एजेंसी का नाम बार-बार सामने आ रहा है तो उसे बार-बार ज़िम्मेदारी क्यों दी जाती है।

    कांग्रेसी नेता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सरकार की भूमिका भी शक के घेरे में है। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री देश के युवाओं से माफ़ी मांगें और इस मामले में ज़िम्मेदार मंत्रियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करके क़ानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों की गिरफ़्तारी करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

  • Punjab News: आज से शुरू हुआ मीरी-पीरी खालसा मार्च, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, जत्थेदार का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: आज से शुरू हुआ मीरी-पीरी खालसा मार्च, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, जत्थेदार का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः श्री अकाल तख्त साहिब से मीरी-पीरी खालसा मार्च की शुरुआत हो गई है। छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के मीरी-पीरी दिवस को समर्पित इस मार्च का आयोजन श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के आदेश पर किया जा रहा है। मार्च की शुरुआत श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद आयोजित होने वाले गुरमत समागम के उपरांत हुई। इस अवसर पर सिंह साहिबान, विभिन्न तख्त साहिबान के जत्थेदार, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष समेत पंथ की प्रमुख धार्मिक और सामाजिक हस्तियां शामिल होने पहुंची है। यह मार्च पंजाब के विभिन्न शहरों से होते हुए तख्त श्री दमदमा साहिब में समाप्त होगा। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने समस्त सिख कौम को मीरी-पीरी दिवस की बधाई दी।

    उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा कौम को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है और आज से पूरे पंजाब में मीरी-पीरी खालसा मार्च शुरू हो रहे हैं। उन्होंने समस्त संगत से अपील की कि जितने दिन यह मार्च चले, हर सिख इसमें अपना योगदान दे और अधिक से अधिक भागीदारी करे। उधर, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि आज के दिन श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी ने मीरी और पीरी की दो तलवारें धारण करके धर्म और राजनीति के संतुलन का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि इस खालसा मार्च का मुख्य उद्देश्य कौम को गुरु से जोड़ना, उन्हें उत्साहित रखना और समय की चुनौतियों का गुरु की शिक्षा के अनुसार मुकाबला करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पंथ की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने की आवश्यकता है।

    वहीं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने बताया कि श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश और शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में यह मार्च अमृतसर से शुरू होकर कपूरथला, मोगा, फरीदकोट, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा से होते हुए तख्त श्री दमदमा साहिब में समाप्त होगा। उन्होंने संगत से अपील की कि जहां-जहां यह मार्च पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें। यह मार्च श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में सजाया गया। धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि मीरी-पीरी खालसा मार्च का मुख्य उद्देश्य गुरमत का प्रचार-प्रसार करना और संगत को श्री अकाल तख्त साहिब के सिद्धांतों व आदेशों से अवगत करवाना है।

    मार्च के दौरान एक विशेष बस के माध्यम से गुरु साहिबान और शहीद सिंहों के शस्त्रों के संगत को दर्शन करवाए जाएंगे। इसके अलावा सिख इतिहास और संघर्ष को दर्शाने वाले पोस्टरों से सजी गाड़ियां भी मार्च में शामिल होंगी। यह मार्च श्री अकाल तख्त साहिब से सुबह रवाना होकर हाल गेट, भंडारी पुल, पुतलीघर, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, छेहरटा साहिब, इंडिया गेट बाईपास, खासा, घरिंडा, अटारी और विभिन्न गांवों से होते हुए गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब जी, ठट्ठा, तरनतारन पहुंचेगा, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 25 जुलाई को मीरी-पीरी खालसा मार्च तरनतारन साहिब के लिए रवाना होगा। आयोजकों ने संगत से परिवार सहित इस ऐतिहासिक खालसा मार्च में शामिल होने की अपील की है।

  • Punjab News:  2 नशा तस्कर गिरफ्तार, 22 किलो हैरोइन सहित ड्रग मनी बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News:  2 नशा तस्कर गिरफ्तार, 22 किलो हैरोइन सहित ड्रग मनी बरामद, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले भर में नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 6 किलो हेरोइन बरामद की, जबकि ब्यास पुलिस ने एक अन्य ऑपरेशन में एक आरोपी को आधा किलो हेरोइन और 9 लाख 90 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया।

    ग्रामीण SSP  कंवलप्रीत सिंह चहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 21 और 22 जुलाई को चलाए गए इस खास ऑपरेशन में भारी मात्रा में ड्रग्स,  हथियार और ड्रग्स से जुड़ी नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल थे और अब उनके नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों की जांच की जा रही है।

    SSP चहल ने बताया कि इस खास ऑपरेशन के लिए पंजाब पुलिस ने करीब 600 पुलिसकर्मियों, SP रैंक के 6 और DSP रैंक के 22 अधिकारियों को तैनात किया था, जिन्हें छह सब-डिविजन में बांटकर कार्रवाई की गई।

    उन्होंने बताया कि पूरे ऑपरेशन के दौरान NDPS एक्ट के तहत 10 मुख्य ड्रग तस्करों समेत 90 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, करीब 22 किलो हेरोइन और 970 ग्राम अफीम बरामद की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 24 पिस्तौल व 26 मैगज़ीन बरामद की गईं। एक्साइज एक्ट के तहत भारी मात्रा में लाहन और देसी शराब बरामद की गई।

    SSP  ने बताया कि इस दौरान 12 घोषित भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया, 1450 ट्रैफिक चालान काटे गए और पुराने मामलों में 350 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें से 48 गंभीर अपराधों से जुड़े थे। इसके अलावा, गैंगस्टरों के 59 साथियों के खिलाफ भी एहतियाती कार्रवाई की गई।

    पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए SSP चहल ने कहा कि इस अभियान में विलेज डिफेंस कमेटियों (VDC) ने अहम भूमिका निभाई है। गाँव वालों के साथ भरोसे का रिश्ता बनाने और उनसे मिली जानकारी के आधार पर कई बड़ी बरामदगियां संभव हो पाई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती इलाकों में ड्रग तस्कर युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश करते हैं; इसे रोकने के लिए पुलिस गाँवों में लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारी खुद खेल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं और युवाओं को खेलों व सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

     

  • Punjab News: 24 घंटे में कत्ल केस के 2 आरोपी गिरफ्तार, कैमरे की वापसी को लेकर हुआ विवाद, देखें वीडियो

    Punjab News: 24 घंटे में कत्ल केस के 2 आरोपी गिरफ्तार, कैमरे की वापसी को लेकर हुआ विवाद, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के थाना छेहरटा की पुलिस ने हत्या केस की गुत्थी सिर्फ 24 घंटे में सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को थाना छेहरटा में धारा 103(1), 109 और 35 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता शमशेर सिंह उर्फ प्रिंस ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसका भाई आकाशदीप सिंह हेरिटेज स्ट्रीट पर कैमरा फोटोग्राफी का काम करता था। आकाशदीप सिंह ने हरदीप सिंह उर्फ दीपा का कैमरा लिया हुआ था।

    https://youtu.be/-smUVVgPAHg

    जब हरदीप सिंह ने अपना कैमरा वापस मांगा तो दोनों पक्षों ने कैमरा वापस करने के लिए एक जगह तय की। निर्धारित स्थान पर एक तरफ आकाशदीप सिंह, उसका भाई शमशेर सिंह और हरमनदीप सिंह मौजूद थे, जबकि दूसरी तरफ हरदीप सिंह उर्फ दीपा अपने साथी सुखबीर सिंह उर्फ सुक्ख के साथ वहां पहुंचा। इस दौरान कैमरे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। पुलिस के अनुसार इस दौरान हरदीप सिंह ने आकाशदीप सिंह पर हमला कर दिया और हरमनदीप सिंह को भी घायल कर दिया, जबकि शमशेर सिंह मौके से अपनी जान बचाकर भाग गया। घायल आकाशदीप सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर के मार्गदर्शन में एसएचओ छेहर्टा, एसीपी वेस्ट और एडीशनल डीसीपी-2 के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

    पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिर्फ 24 घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा और उसके साथी सुखबीर सिंह उर्फ सुक्ख को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले की और गहराई से जांच की जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा के खिलाफ साल 2018 में भी थाना डिवीजन में हत्या का एक मामला दर्ज है और वह उस केस में जमानत पर बाहर आया हुआ था। डीसीपी आलम विजय सिंह ने कहा कि अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट शहर में अमन-कानून की स्थिति को बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

  • Punjab News: 1984 से 1995 तक मुठभेड़ में 9 हजार से अधिक युवाओं की मौत का संस्था ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    Punjab News: 1984 से 1995 तक मुठभेड़ में 9 हजार से अधिक युवाओं की मौत का संस्था ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में 1984 से 1995 के दौरान हुई घटनाओं को लेकर संस्था ‘लापता पंजाब’ द्वारा द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान उन्होंने 1984 से 1995 के दौरान पंजाब में हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन, कथित पुलिस मुठभेड़ों और लावारिस कहकर जला दी गई लाशों के सच को लोगों के सामने रखा। संस्था के नेता एडवोकेट बलजिंदर सिंह बाजवा और सतनाम सिंह बैंस ने कहा कि हाल ही में भाई जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर बनी फिल्म ‘सतलुज’ के बाद युवा पीढ़ी में उस दौर का सच जानने की उत्सुकता बढ़ी है, लेकिन यह फिल्म खालड़ा साहब के संघर्ष के एक छोटे से हिस्से को ही दर्शाती है।

    न्होंने बताया गया कि भाई खालड़ा ने अमृतसर, पट्टी और तरन तारन के श्मशान घाटों से 2,097 लावारिस लाशों का डेटा एकत्र किया था और 25,000 लावारिस लाशों का अनुमान जताया था। उनके लापता होने के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर CBI ने जांच तो की, लेकिन केवल 70 के करीब FIR दर्ज कीं, जिनमें से 20 में क्लोजर रिपोर्ट दे दी गईं। बाकी बचे मामलों में से भी कई 40 साल बीत जाने के बावजूद अभी तक अदालतों में लंबित हैं।

    संस्था के प्रतिनिधियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 2008 से गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से दस्तावेजी शोध शुरू किया था। इस दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों में जाकर परिवारों से मुलाकात की गई। शोध के आधार पर संस्था ने 8,257 लोगों का पूरा डेटा एकत्र करके 2019 में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में एक PIL (जनहित याचिका) दायर की थी, जिसमें अब तक सबूतों सहित मामलों की संख्या 9,000 के करीब पहुंच चुकी है।

    नेताओं ने सरकारों और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों ने निर्दोष युवाओं को मारा, उन्हें सज़ा देने के बजाय इनाम और पदोन्नतियां दी गईं। SI रैंक के अधिकारी आज IG और SSP तक के पदों पर विराजमान हैं। यहां तक कि मामलों की पैरवी कर रहे गवाहों और पीड़ित परिवारों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन पर गाड़ियां चढ़ा देने तक की कोशिशें की गई हैं। संस्था ने कांग्रेस, अकाली दल पर राजनीति करने का आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बादल सरकार ने दोषी पुलिस कर्मचारियों को बचाने के लिए ‘लिटिगेशन सेल’ बनाकर सरकारी और आर्थिक सहायता दी।

    इसके साथ ही संस्था ने सिख ज्यूडिशियल कमीशन के पदाधिकारियों और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि SGPC से जुड़े कुछ उच्च पदाधिकारी और वकील ही CBI अदालतों में दोषी पुलिस वालों की पैरवी करते रहे हैं। उन्होंने शिरोमणि कमेटी और अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से अपील की कि वे संगत के सामने स्पष्ट करें कि उन्होंने इन 8-9 हजार पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने के लिए अब तक अदालतों में क्या प्रयास किए हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीड़ित परिवार भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने साथ हुए अन्याय की आपबीती सुनाई।

  • Punjab News: भारी मात्रा में हेरोइन-अफीम और हथियार बरामद, 2 गिरफ्तार, आरोपी पर 21 केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: भारी मात्रा में हेरोइन-अफीम और हथियार बरामद, 2 गिरफ्तार, आरोपी पर 21 केस दर्ज, देखें वीडियो

    अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने “नशे के खिलाफ जंग” और “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए क्रॉस बॉर्डर स्मगलिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 आधुनिक पिस्तौल, एक किलो से अधिक हेरोइन, एक किलो से अधिक अफीम, 10 हजार रुपये की ड्रग मनी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी जोगिंदर सिंह और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

    उन्होंने कहा कि एंटी नारकोटिक ऑपरेशन सेल द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले जोगिंदर सिंह को काबू किया गया, जिसके पास से चार पिस्तौल बरामद हुए। अगली पूछताछ के दौरान दो और पिस्तौल भी बरामद किए गए। इसके बाद मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से एक किलो 6 ग्राम हेरोइन और पूछताछ के आधार पर एक किलो 4 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बरामद किए गए हथियारों में दो .304 एक्स-शॉर्ट पिस्तौल, दो चाइना मेड 30 बोर, एक ज़िगाना 30 बोर और एक PX Storm पिस्तौल शामिल हैं।

    जांच के दौरान पाकिस्तानी तस्कर “मन्ना” का नाम भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया के जरिये आरोपियों से संपर्क में था और ड्रोन के जरिये हथियार व नशीले पदार्थ भेजने का नेटवर्क चला रहा था। सीपी भुल्लर ने बताया कि मुख्य आरोपी जोगिंदर सिंह के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट सहित 21 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी न सिर्फ नशे और हथियारों की तस्करी पर बड़ी चोट है, बल्कि किसी बड़ी आपराधिक वारदात को भी टालने में सफलता मिली है। पुलिस द्वारा मामले की और गहराई से जांच की जा रही है।

  • Punjab News: 1 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 6 पिस्तौल और ड्रग मनी सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

    Punjab News: 1 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 6 पिस्तौल और ड्रग मनी सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

    अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने 2 आरोपियों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। कमिशनरेट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आधुनिक हथियार भी बरामद किए है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 2 आधुनिक पिस्तौल, एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और 10 हजार की ड्रग मनी बरामद की है।

    शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे, जो आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में मदद करता था। अमृतसर के छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशनों में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन का पता लगाने और विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े सभी साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

  • Punjab News: जहरीले सांप के काटने से नौजवान की मौत

    Punjab News: जहरीले सांप के काटने से नौजवान की मौत

    अमृतसरः टंगरा में पास के मुच्छल गांव के पंचायत और ब्लॉक समिति सदस्य कुलविंदर सिंह के इकलौते बेटे (21) सरवन सिंह की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई।

    मिली जानकारी के अनुसार सरवन घर में सो रहा था तभी उसे एक सांप ने कांट लिया था, जिसका उसे पता ही नहीं चला जब पता चला तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे को सांप के काटने का पता नहीं चला था, जब पता चला उसका इलाज करवाया जा रहा था, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। इस दौरान गांव में मातम का माहौल है।

     

  • Punjab News: गग्गो महल में बाढ़ जैसे हालात, सड़कें और खेत पानी में डूबे, देखें वीडियो

    Punjab News: गग्गो महल में बाढ़ जैसे हालात, सड़कें और खेत पानी में डूबे, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में लगातार बारिश के कारण सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गग्गो महल गांव और आसपास के इलाकों में सड़कों, खेतों और रिहायशी इलाकों में पानी भरने से लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। साथ ही धान की फसलें भी पानी में डूब गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का खतरा है।

    भारतीय किसान यूनियन एकता संघर्ष के राज्य अध्यक्ष पलविंदर सिंह महल ने आरोप लगाया कि ये हालात प्राकृतिक आपदा के साथ-साथ प्रशासन की लापरवाही का नतीजा हैं। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले नालियों की सफाई नहीं की गई और पुलों के नीचे उगी खरपतवार को नहीं हटाया गया, जिसके कारण बारिश का पानी आगे नहीं निकल सका और इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए।

    उन्होंने कहा कि डेरा बाबा नानक-अमृतसर मुख्य सड़क सहित कई संपर्क सड़कें पानी में डूब गई है, जिससे लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। गांवों के लोग अपने स्तर पर पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकारी तंत्र की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

    पलविंदर सिंह महल ने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद न तो कोई राहत टीम मौके पर पहुंची है, न ही जेसीबी मशीनें भेजी गई हैं और न ही किसी वरिष्ठ अधिकारी ने प्रभावित इलाके का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर पानी नहीं निकाला गया तो किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

    भारतीय किसान यूनियन एकता संघर्ष ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाए, पानी निकालने के लिए ज़रूरी मशीनें तैनात की जाएं, धान की फसलों की विशेष गिरदावरी (सर्वेक्षण) कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा दिया जाए और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।