Category: Punjab>Amritsar
-

Punjab News: 6.72 किलो हेरोइन समेत तस्कर गिरफ्तार
अमृतसरः अजनाला में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6.72 किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर सिंह निवासी गांव बच्चीविंड थाना लोपोके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इन दिनों अजनाला में बीएसएफ कैंपस के सामने स्थित शिंबा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उसके किराए के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 6.72 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं तस्करी के तार पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से तो नहीं हैं।
सीमा क्षेत्र होने के कारण जांच एजेंसियां इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही हैं।
-

Punjab News: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हुआ हमला, 2 गिरफ्तार
अमृतसरः जिले में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हमले होने की घठना सामने आई है। इस हमले को लेकर थाना घरिंडा की पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं से भरी बस वाघा बॉर्डर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में 2 युवकों ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने बस में सवार लोगों के साथ गाली-गलौज की और हाथापाई करने की कोशिश की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक अपनी गाड़ी से बेसबॉल बैट और गंडासा लेकर बाहर आए और बस पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के समय बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। इनमें लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं और 20 प्रतिशत बुजुर्ग शामिल थे।
आरोप है कि इसी दौरान एक दिव्यांग श्रद्धालु को भी धक्का मारकर नीचे गिरा दिया गया। घटना के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में डर का माहौल पैदा हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धाराओं 281, 125A, 126(2), 351 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है।
-

Punjab News: लिटिल चैंप स्कूल के छात्रों ने पैम्फलेट लेकर छात्र आंदोलन के समर्थन में उठाई आवाज, देखें वीडियो
अमृतसरः लिटिल चैंप स्कूल के बच्चों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान बच्चों के हाथों में “क्या आप सोनम सर का समर्थन करते हैं?” लिखे पैम्फलेट थे और उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता का संदेश दिया।
स्कूल की प्रिंसिपल सिमरनप्रीत कौर ने कहा कि ये रैली दिल्ली में विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में निकाली गई है। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, तो यह चिंता की बात है। उनके अनुसार युवाओं का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना ज़रूरी है और समाज को उनकी बात सुननी चाहिए।
सिमरनप्रीत कौर ने कहा कि वह पिछले 18 सालों से बच्चों को पढ़ा रही हैं और एक शिक्षिका के तौर पर उनकी पहली ज़िम्मेदारी शिक्षा और छात्रों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को किसी राजनीतिक नज़रिए से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे शिक्षा और छात्रों के भविष्य से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
प्रिंसिपल ने दिल्ली में छात्रों पर की पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और कहा कि जब मामला छात्रों और शिक्षा से जुड़ा हो, तो सरकार को बातचीत के ज़रिए समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें सुनी जानी चाहिए और उनसे बात करके समाधान निकाला जाना चाहिए।
सिमरनप्रीत कौर ने कहा कि वह किसी राजनीतिक पार्टी के समर्थन में नहीं हैं, बल्कि सिर्फ शिक्षा और छात्रों के पक्ष में आवाज उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज किया जाता है, तो वह खुद भी इस मुद्दे पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।
-

Punjab News: सड़कों पर जमा गंदा पानी, लोगों का आना-जाना मुश्किल, देखें वीडियो
अमृतसरः अजनाला निर्वाचन क्षेत्र के धारीवाल कालेर गांव में गंदे पानी की समस्या ने ग्रामीणों का जीवन दुखद बना दिया है। गांव की गलियों के विकास की कमी और गंदे पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था न होने के कारण गलियों में हमेशा गंदा पानी जमा रहता है। इस वजह से ग्रामीणों को रोजाना आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें स्कूल जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुज़रना पड़ता है। इसी तरह महिलाओं के लिए गुरुद्वारा साहिब जाना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि कभी-कभी बुजुर्ग और बच्चे पानी में फिसलकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार गंदे पानी में सांप, मच्छर और अन्य कीड़े-मकोड़े घूमते रहते हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का लगातार खतरा बना रहता है। बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि ये मामला कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग के ध्यान में लाया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने पंजाब सरकार और प्रशासन से मांग की है कि गांव की गलियों का विकास किया जाए, गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए और लोगों को इस गंभीर समस्या से तुरंत राहत दी जाए। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने संघर्ष करने की चेतावनी भी दी है।
पंचायत सचिव अमोलक सिंह ने कहा कि बारिश के कारण तालाब में बहुत ज़्यादा पानी जमा हो गया है, जिसकी वजह से यह पानी गांव में आ रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होते ही तालाब का पानी निकाल दिया जाएगा, जिससे गांव में गंदे पानी की समस्या भी हल हो जाएगी। सड़क के संबंध में जल्द ही एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा और इस समस्या का भी समाधान किया जाएगा ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-

Punjab News: रावी नदी का बढ़ा जलस्तर, SDM का आया बयान
अमृतसर: जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सीमावर्ती इलाके से होकर बहने वाली रावी नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। एसडीएम अजनाला डा. चारूमिता ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण रावी नदी में पानी का स्तर बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और इस समय किसी भी प्रकार की खतरे वाली स्थिति नहीं है। उन्होंने भरोसा दिया कि रावी नदी में आया यह अतिरिक्त पानी आसानी से पाकिस्तान की ओर बह जाएगा और बाढ़ जैसी स्थिति बनेगी इसका कोई अंदेशा नहीं है। एसडीएम डा. चारूमिता ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह चौकस है और नदी के किनारे बसे इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी आवश्यक जानकारी के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा रखें।
-

Punjab News: जेल में बंद राजोआना ने जत्थेदार गड़गज को लिखा पत्र, BJP नेताओं को लेकर की ये अपील
अमृतसरः भाई बलवंत सिंह राजोआना ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज को भावुक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने पंथक मुद्दों पर खुलकर रखी अपनी राय रखी। जिसमें कहा गया कि ‘सिख समुदाय की एकता और पंथिक मर्यादा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।’ जेल से लिखे एक पत्र में, राजोआना ने पंथ के बुलंद हौसलों का आह्वान किया और जत्थेदार से एक अनुरोध किया। पत्र में भाई राजोआना ने यह भी मांग की कि कुछ बीजेपी नेताओं को तलब किया जाए और उनसे जवाब मांगा जाए।
राजोआना ने लिखा कि उसे जेल में 31 साल और फांसी की चक्की में 31 जुलाई को 19 साल पूरे हो जाएंगे। यह सारा वाक्या बेइंसाफी के इतिहास का वह पन्ना है, जिसे जब भी कोई सच्चा इंसान लिखेंगा तो हमारी आने वाली पीढ़ियों को भी इसके बारे में पता चल पाएगा। आगे पत्र में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार गड़गज्ज को कहाकि श्री अकाल तख्त साहिब का प्रत्येक आदेश मेरे लिए इलाही हुकम की तरह है। इसे मानने के लिए मैं प्रतिबंध हूं। उन्होंने कहा कि 1984 में मैं 11वीं कक्षा में पढ़ता था।
उस समय दिल्ली के तख्त पर बैठे कांग्रेसी आदेशों पर टैंको और तोपों के साथ ढेरी किए गए श्री अकाल तख्त साहिब के सामने खड़े होकर ऐसे जुल्म करने वाले आदेशों से बदला लेने के लिए श्री गुरु गोबिंद सिंह पातशाह के चरणों में मैंने अरदास की। जिसके बाद मेरा जीवन संघर्ष और श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब के चरणों को समर्पित हो गया। इस दौरान हिंदोस्तान की अदालत ने मुझे मौत की सजा सुनाई, जिसे मैंने हंसकर स्वीकार किया। आगे लिखा कि 31 मार्च 2012 को चंडीगढ़ की सेशन कोर्ट में उन्हें फांसी देने के लिए डेथ वारंट भी जारी कर दिए गए थे। उस समय मैंने अपना संघर्ष श्री अकाल तख्त साहिब को समर्पित कर दिया था और इस फैंसले को हंसकर स्वीकार कर लिया था।
उन्होंने पत्र में बीजेपी के प्रमुख सिख नेताओं को श्री अकाल तख्त साहिब पर तलब कर यह पूछने की मांग भी की कि 6 महीने में होने वाला फैसला 15 साल बाद भी क्यों नहीं हुआ। साथ ही 2019 में जारी नोटिफिकेशन को अब तक लागू न किए जाने और पांच सदस्यीय कमेटी को मिलने का समय न देने पर भी सवाल उठाए। बलवंत सिंह राजोआणा ने कहा कि वह इस मामले में ठोस और जल्द फैसला चाहते हैं, ताकि उनकी चिट्ठियों का भी सुप्रीम कोर्ट में पड़ी 41 तारीखों की तरह इतिहास न बन जाए।
-

Punjab News: PUDA ने सारागढ़ी सराय के सामने वाली पार्किंग का लिया कब्जा, देखें वीडियो
अमृतसरः पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PUDA) के अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के पूरे सहयोग से श्री दरबार साहिब के सारागढ़ी सराय के सामने स्थित पार्किंग का कब्जा ले लिया। ये कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में की और इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी और PUDA अधिकारी मौजूद थे।
मीडिया से बात करते PUDA के एससी संदीप सिंह ने बताया कि ये पार्किंग, जो 2014 से तरसेम कुमार को अलॉट की गई थी, आज आधिकारिक तौर पर अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी हो गई है और अब इस पार्किंग का मैनेजमेंट अमृतसर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को सौंपा जा रहा है।
संदीप सिंह ने कहा कि पार्किंग में मौजूद सभी गाड़ियों और अन्य सामान की इन्वेंट्री (सूची) तैयार की जा रही है ताकि हर चीज का पूरा रिकॉर्ड रखा जा सके। उन्होंने कहा कि ये प्रक्रिया पूरी होने के बाद, पार्किंग को आम जनता और श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया जाएगा।
उन्होंने साफ किया कि पार्किंग को आज सुबह से स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया है।श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए अकाली फूला सिंह पार्किंग और अन्य वैकल्पिक जगहों पर पार्किंग का इंतजाम किया गया है। इन्वेंट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, गाड़ियों की आवाजाही और पार्किंग की सुविधाएं पहले की तरह शुरू हो जाएंगी।
SC संदीप सिंह ने कहा कि पार्किंग के संचालन में काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी को लेकर चिंता करने की कोई ज़रूरत नहीं है। इस कार्रवाई का पार्किंग में काम करने वाले युवाओं और वहां लगे स्टॉलों के संचालन पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार अब सिर्फ पार्किंग के एंट्री और एग्ज़िट पॉइंट्स का मैनेजमेंट अमृतसर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के नियंत्रण में होगा।
PUDA अधिकारियों ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य पार्किंग की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के मैनेजमेंट वाली पार्किंग पहले की तरह ही सुचारू रूप से चलती रहेगी और श्री दरबार साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-

Punjab News: चादर में लिपटा मिला युवक का शव, CCTV से खुला राज, दोस्त ही फेंक कर गया, देखें वीडियो
अमृतसरः अमृतसर के कोट खालसा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंजाब पुलिस के जारी CCTV वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति चादर में लिपटे शव को अपने कंधों पर उठाकर भाग रहा है।
ये मामला तब सामने आया जब पुलिस को कोट खालसा चौकी के तहत आने वाली टिकिया वाली गली में सुबह एक अज्ञात शव चादर में लिपटा हुआ मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज बलजिंदर सिंह और एसएचओ हरसंदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान कोट खालसा निवासी सुखविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने CCTV कैमरे की फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ीं।
जांच में पता चला कि सुखविंदर सिंह अपने दोस्त कुलदीप सिंह के साथ पेंटर का काम करता था। दोनों ने पहले शराब पी और बाद में ड्रग्स लिए। पुलिस के मुताबिक ड्रग्स की ओवरडोज से सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मौत के बाद कुलदीप सिंह घबरा गया। वह घर से चादर लाया, शव को उसमें लपेटा, कंधों पर उठाया और तकिए के साथ गली में फेंक दिया। यह पूरी घटना पुलिस द्वारा जारी CCTV वीडियो में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
-

Punjab News: सावन के महीने की पहली बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत, देखें वीडियो
अमृतसरः पंजाब में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद आज सावन के महीने की पहली बारिश ने अमृतसर वासियों को बड़ी राहत दी। आज शहर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से न सिर्फ तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बल्कि पूरे इलाके का मौसम भी सुहावना हो गया। दरअसल, पिछले कई दिनों से तीखी धूप, गर्मी और हीट वेव के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे थे। बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली और गर्मी से काफी हद तक राहत महसूस की। कई लोगों ने इस सुहावने मौसम का आनंद लिया, जबकि बच्चे और नौजवान भी बारिश का लुत्फ़ उठाते नज़र आए।
इस मौसमी बदलाव का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी देखने को मिला। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण वे भी गर्मी से बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे, पर बारिश होने से मौसम ठंडा होने के कारण उन्हें भी राहत मिली। इसके साथ ही खेतों में खड़ी फसलों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है, जिससे किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली।
हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की स्थितियां भी सामने आईं, पर इसके बावजूद ज़्यादातर लोगों ने इस बारिश का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों के दौरान भी पंजाब के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यदि यह मौसमी सिलसिला जारी रहता है तो आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और कम हो सकता है और लोगों को और भी राहत मिलने की उम्मीद है।
