Category: Mohali

  • Punjab News: जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

    Punjab News: जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

    मोहालीः फेज-3बी2 स्थित एक जिम में वर्कआउट के दौरान 23 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश निवासी सेक्टर-56, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। घटना के बाद जिम में मौजूद लोगों और परिजनों में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मुकेश नियमित रूप से जिम जाता था और रोजाना की तरह व्यायाम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार उसे चक्कर आने लगे और कुछ ही पलो में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिम में मौजूद उसके दोस्तों और अन्य लोगों ने तुरंत उसे संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।

    परिवार की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल परिवार और पुलिस दोनों पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार वर्कआउट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें पहले से मौजूद लेकिन अनजान हार्ट संबंधी बीमारी, अत्यधिक शारीरिक दबाव, शरीर में पानी की कमी, पर्याप्त नींद न लेना, हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज, अनियंत्रित ब्लड प्रेशर या किसी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज करना शामिल है।

    कुछ मामलों में अत्यधिक सप्लीमेंट्स या स्टेरॉयड का सेवन भी जोखिम बढ़ा सकता है। हालांकि मुकेश की मौत का कारण क्या था, इसका पता केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जिम शुरू करने से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर करानी चाहिए, खासकर यदि परिवार में हृदय रोग का इतिहास हो। वर्कआउट के दौरान शरीर की क्षमता से अधिक दबाव नहीं डालना चाहिए और किसी भी तरह की घबराहट, सीने में दर्द, सांस फूलना या चक्कर आने जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और प्रशिक्षित ट्रेनर की निगरानी में एक्सरसाइज करना भी जरूरी है। यदि एक्सरसाइज के दौरान असामान्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत वर्कआउट रोककर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

  • Punjab News: मेन मार्केट में दुकान पर 15 दिनों में दूसरी बार चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, देखें वीडियो

    Punjab News: मेन मार्केट में दुकान पर 15 दिनों में दूसरी बार चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, देखें वीडियो

    मोहालीः जीरकपुर मेन मार्केट में बैग की दुकान में 15 दिन में दूसरी बार चोरी होने की घटना सामने आई है। पहले भी इसी दुकान के ताले तोड़कर चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था और दुकान से चोर लाखों रुपये के बैग चुरा ले गए थे। वहीं अब दोबारा से हरमन लेदर स्टोर में 15 दिन के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। इस बार चोर दुकान के बाहर लगे एसी की कॉपर वायर काटकर ले गए। लेकिन पुलिस की कार्रवाई से नाखुश दुकानदार अब अपनी शिकायत दर्ज कराने जाने से कतरा रहा है।

    हरमन लेदर स्टोर के मालिक सोनू ने जानकारी देते हुए बताया कि वह हर दिन की तरह रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद करके गया था। सुबह उसके पड़ोसी ने फोन करके बताया कि उसकी दुकान के बाहर लगे एसी के तार चोरों ने काट दिए हैं। वह तुरंत अपनी दुकान पर आया और देखा कि चोरों ने उसके एसी के बाहर से कॉपर के तार काट दिए हैं। उसने दुख के साथ बताया कि 15 दिन पहले भी छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट में चोरी हुई थी और उसने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करके आगे कुछ नहीं किया। बीती रात दो चोर कॉपर के तार चुरा ले गए।

    उन्होंने कहा कि पिछले साल उनकी दुकान के भी ताले तोड़कर चोरी हुई थी और चोर लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए थे, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर के नीचे नशेड़ी पूरी रात नशा करते हैं और ग्रुप बनाकर बैठते हैं। रात होते ही सड़कों पर जिस्मफरोशी का धंधा होता है और लड़कियां खड़ी मिलती हैं, लेकिन पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठाती। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक महीने में मार्केट में कई चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन कोई दुकानदार शिकायत करने नहीं जाता क्योंकि पुलिस शिकायत भी दर्ज नहीं करती, बल्कि चक्कर लगाती है। उन्होंने आला अधिकारियों से रात में फ्लाईओवर के नीचे बैठने वाले नशेड़ियों को भगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

     

  • Punjab News: हेरोइन व लाखों की ड्रग मनी सहित एक युवक गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: हेरोइन व लाखों की ड्रग मनी सहित एक युवक गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जीरकपुरः नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को हेरोइन, नकदी और नशा तौलने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 410 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 2.20 लाख रुपये की कथित ड्रग मनी और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बलटाना क्षेत्र में नियमित गश्त और जांच के दौरान वेलवेट क्लार्क इन होटल के नजदीक नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर जांच की।

    तलाशी के दौरान युवक के बैग से भारी मात्रा में हेरोइन, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी को नशा तस्करी से जुड़ी रकम माना जा रहा है।

    वहीं इलेक्ट्रॉनिक कांटे के इस्तेमाल से यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ की छोटी-छोटी खुराक तैयार कर उसकी बिक्री करता था। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
    फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा सप्लाई नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

  • Punjab News: घर के बाहर से Scorpio लेकर चोर फरार

    Punjab News: घर के बाहर से Scorpio लेकर चोर फरार

    मोहालीः जिले के सोहाना इलाके में कार चोरों की गतिविधियों ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ सप्ताह में 2 लग्जरी गाड़ियां चोरी होने के मामले सामने आए हैं। ताजा मामले में सेक्टर-80 निवासी गुरपाल सिंह की काली स्कार्पियो एस-11 घर के बाहर से चोरी कर ली गई। पुलिस को दी शिकायत में गुरपाल सिंह ने बताया कि 19 जून की सुबह करीब 3 बजे वह अपनी स्कार्पियो एस-11 (संख्या पीबी-11-सीडब्ल्यू-0019) घर के बाहर खड़ी करके घर के अंदर चले गए थे।

    जब वे सुबह बाहर आए तो गाड़ी मौके से गायब थी। उनके अनुसार, गाड़ी में एक अरमानी घड़ी और लगभग 45 हज़ार रुपये नकद भी मौजूद थे। शिकायत के आधार पर थाना सोहाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पता चला है कि स्कार्पियो को निशाना बनाने से पहले चोरों ने पास खड़ी एक ब्रेजा कार का शीशा तोड़कर उसे चोरी करने का प्रयास किया था। हालांकि गाड़ी स्टार्ट न होने के कारण वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके और बाद में स्कार्पियो को चोरी कर फरार हो गए।

    सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी जून महीने के पहले हफ्ते में सेक्टर-80 के इलाके से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण इलाके के वासियों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, गुरपाल सिंह खुद भी पुलिस टीमों के साथ मिलकर अपनी गाड़ी की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन चोरी करने वाले गिरोह की पहचान के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है।

     

     

  • Punjab News: शिव मंदिर से गोलक चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, नगदी और थ्री-व्हीलर बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: शिव मंदिर से गोलक चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, नगदी और थ्री-व्हीलर बरामद, देखें वीडियो

    मोहालीः जिले में क्राइम की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, ढकोली थाना पुलिस ने शिव मंदिर से गोलक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई 2 गोलकें, 19,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल थ्री-व्हीलर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गांव ढकोली निवासी गुरमीत सिंह की शिकायत पर 20 जून को मामला दर्ज किया गया था।

    शिकायत में बताया गया था कि 17 जून की सुबह दो अज्ञात व्यक्तियों ने ढकोली के शिव मंदिर से दो गोलकें चुरा ली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई मेवा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई की।

    इस दौरान गुरविंदर सिंह उर्फ गग्गी (पुत्र स्वर्गीय सोहन सिंह) और रजत (पुत्र धर्मवीर), दोनों निवासी गुरु नानक कॉलोनी, जगतपुरा (एसएएस नगर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों गोलकें, उनसे निकाली गई 19,500 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल थ्री-व्हीलर बरामद किया गया।

    पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-31 में एक्साइज एक्ट, सेक्टर-32 के मंदिर में गोलक चोरी, सेक्टर-39 में ऑटो चोरी और खरड़ सिटी थाना क्षेत्र में मंदिर से गोलक चोरी के मामले पहले भी दर्ज हैं।

     

  • Punjab News: नकली पुलिस कर्मी बनकर लोगों को ठगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: नकली पुलिस कर्मी बनकर लोगों को ठगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मानसाः थाना झनीर की पुलिस ने नकली पुलिस कर्मचारी बनकर लोगों को डराकर-धमकाकर ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह पुत्र बूटा सिंह निवासी चैनेवाला, मानसा, दलविंदर सिंह जिन्दी पुत्र अजैब सिंह निवासी माहां सिंहवाला, यादविंदर सिंह उर्फ़ बब्बू पुत्र तरसेम सिंह निवासी भटाल खुर्द, जिला संगरूर और गुरपाल सिंह उर्फ़ गग्गू निवासी लेहल कलां, जिला संगरूर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना झुनीर, जिला मानसा में मुकदमा नंबर 84 दिनांक 21-06-2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

    मामले की जानकारी देते हुए एसपीएच प्रदीप सिंह संधू ने बताया कि जांच अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता इकबाल सिंह उर्फ़ घोड़ा पुत्र अवतार सिंह निवासी साहनेवाली ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि कुछ व्यक्तियों ने खुद को पुलिस, सीआईए स्टाफ कर्मचारी बताए और उन्हें नशा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी। आरोपियों ने पीड़ित को डराकर मामला रफा-दफा करने के एवज में पहले नकद रकम और बाद में ऑनलाइन भुगतान की मांग की। पीड़ित ने डर के कारण आरोपियों को कुछ रुपए दे दिए।

    पुलिस द्वारा त्वरित जांच के दौरान तकनीकी सबूतों और अन्य सूचनाओं के आधार पर 4 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीन आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों पर डकैतियां, धोखाधड़ी, नशा तस्करी और अन्य गंभीर मामलों से संबंधित केस दर्ज रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इस प्रकार की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

  • Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल चीमा सहित आप पार्टी ने किया अकाली दल और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल चीमा सहित आप पार्टी ने किया अकाली दल और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन, देखें वीडियो

    मोहालीः पंजाब में आज आम आदमी पार्टी राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा। यह प्रदर्शन भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दफ्तरों के बाहर किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की फर्जी वीडियो को लेकर गलत प्रचार किया जा रहा है। ऐसे में आप पार्टी द्वारा जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, बठिंडा और मोहाली सहित पंजाब के सभी जिलों में अकाली और भाजपा नेताओं के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा और जिला प्रधान प्रभजोत कौर की अगुवाई में अकाली दल और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया।

    मामले की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि 2022 में आप पार्टी ने 92 सीटे जीतकर भारी बहुमत से सरकार बनाई। वहीं पंजाब में अलग-अलग जिलों में आप पार्टी के मेयर बन रहे है और सीएम भगवंत मान सेवादार बनकर लोगों की सेवा कर रहे है। देश की इकलौती स्टेट पंजाब है, जहां 9 हजार मैदान बनाए जा रहे है और एजुकेशन में भी पंजाब नंबर वन है, जहां टीचर विदेशों में जाकर ट्रेनिंग ले रहे है और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा दी जा रही है। वित्त मंत्री ने कहाकि मान सरकार लगातार पंजाबवासियों के लिए काम कर रही है, लेकिन शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के पास मान सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं बचा है।

    ऐसे में अकाली दल और भाजपा एआई के जरिए तैयार की गई झूठी वीडियों के जरिए सीएम भगवंत मान को बदनाम करने में लगी हुई है। वित्त मंत्री ने कहा 2027 में भी आप पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करके दोबारा सत्ता में वापसी करेंगी। अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग देख रहे है कि किस तरह अकाली दल पंजाब की अमन शांति को भंग करने में लगा हुआ है। सबसे ज्यादा गैंगस्टरवाद अकाली के समय में पंजाब में शुरू हुआ, पंजाब में नशे का व्यापार भी अकाली दल के समय में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि एआई वीडियो को लेकर डीजीपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। ऐसे में जिसने भी झूठी वीडियो को फैलाया है उसके खिलाफ जल्द एक्शन लिया जाएगा।

  • Punjab News: फ्लैट में Police की Raid, हेरोइन और अन्य सामान सहित 4 गिरफ्तार, देखे वीडियो

    Punjab News: फ्लैट में Police की Raid, हेरोइन और अन्य सामान सहित 4 गिरफ्तार, देखे वीडियो

    मोहालीः जीरकपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंगमा सिटी एक्सटेंशन सोसायटी के फ्लैट में रेड की। इस दौरान पुलिस ने फ्लैट से 4 युवकों को हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 ग्राम हेरोइन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, सिल्वर फॉयल पेपर और नशा पैक करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल निवासी रामदरबार, चंडीगढ़, अजय निवासी विकास नगर, चंडीगढ़, अमन निवासी बिजनौर (हाल निवासी रामदरबार, चंडीगढ़) और मुकेश निवासी ग्रीन वैली, घोलू माजरा, लालड़ू के रूप में हुई है।

    पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि सिंगमा सिटी एक्सटेंशन स्थित फ्लैट नंबर 566-सी में नशा बेचा जा रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल छापा मारा। फ्लैट के भीतर मौजूद चार युवक पुलिस को देखते ही घबरा गए और अपनी जेबों से पॉलिथीन के लिफाफे निकालकर फर्श पर फेंककर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और बरामद लिफाफों की जांच की। जांच के दौरान साहिल से 8 ग्राम, अजय से 7 ग्राम, अमन से 7 ग्राम और मुकेश से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कुल 30 ग्राम हेरोइन को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।

    छापेमारी के दौरान फ्लैट की तलाशी लेने पर एक कमरे से 10 खाली पॉलिथीन पाउच, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और सिल्वर फॉयल पेपर भी बरामद हुआ। पुलिस का मानना है कि इन सामानों का इस्तेमाल नशे की पैकिंग और बिक्री में किया जाता था। कार्रवाई की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जीरकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशा कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी। जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

  • करंट लगने से मजदूर की मौत, लोगों ने किया विरोध

    करंट लगने से मजदूर की मौत, लोगों ने किया विरोध

    मोहालीः एयरो सिटी के C-ब्लॉक में बिजली का करंट लगने से एक प्रवासी मजदूर की मौत होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए स्ट्रीट लाइट की देखभाल करने वाले विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

    इलाके के लोगों का कहना है कि तारों और खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के बारे में कई बार शिकायत की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि अगर शिकायतों पर ध्यान दिया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

    वहीं प्रवासी की अभी पहचान नहीं हुई है। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दे दी है।

  • Punjab News: एक्सीडेंट में व्यक्ति घायल, कई घंटों तक पड़ा रहा सड़क पर, मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: एक्सीडेंट में व्यक्ति घायल, कई घंटों तक पड़ा रहा सड़क पर, मौत, देखें वीडियो

    जीरकपुरः पटियाला चौक क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाका निवासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को बीती शाम एक टाटा मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वह घायल अवस्था में वहीं पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल व्यक्ति बुधवार शाम से सड़क किनारे पड़ा था और वीरवार सुबह करीब 10 बजे तक जीवित देखा गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल अज्ञात शव मिलने और संदिग्ध सड़क हादसे को लेकर जांच जारी है।