पंजाबः रंजिश के चलते मुंह में पेट्रोल भर दुकान में लगाई आग, देखें CCTV

लुधियानाः जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवकों ने शहर के पाश इलाके मॉडल टाउन गुरु तेग बहादुर मार्केट स्थित एक दुकानदार पर मुंह में फरकर पेट्रोल फेंका और फिर उसे आग लगा दी। आग से कपड़ों की दुकान राख हो गई। दुकानदार भी आग की चपेट में आ गया। दुकान पर लगे सीसीटीवी में ये घटना कैद हो गई। आरोप दुकान में काम करने वाली महिला वर्कर के पति पर है। आग लगने के कारण दुकानदार का चेहरा, छाती और कंधे झुलस गए। मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित दुकानदार गुरदीप सिंह (55) को अस्पताल ले जाया गया। हालत को भांपते हुए उसे दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस को हमले के पीछे पुरानी रंजिश का शक है।

पुलिस पीड़ित और उसके पूर्व कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बारे में भी पता लगा रही है। निशा नाम की लड़की दुकान पर काम करता थी। जन्माष्टमी वाले दिन से वह दुकान पर नहीं आई। उसके घर पर कोई विवाद हुआ जिसके बाद उसके पति ने इस घटना को अंजाम दिया। दुकानदार गुरदीप सिंह के भाई तरणजीत सिंह ने कहा कि उनका भाई अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसके चेहरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे पहले कि गुरदीप उन्हें पकड़ पाता आरोपी भाग गए। इस बीच दुकान में रखे कपड़े भी आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचा।

तरणजीत सिंह ने कहा कि कैमरों में साफ दिख रहा है कि आरोपी किस तरह मुंह में पेट्रोल भर कर दुकान में थूकने आया है। थाना मॉडल टाउन की SHO इंस्पेक्टर गुरशिंदर कौर ने कहा कि पीड़ित अपना बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुरानी दुश्मनी के कारण हमले की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुकान के पूर्व कर्मचारियों की भी जांच कर रही है। पीड़ित का बयान दर्ज करने के बाद यह सब चीजें साफ हो जाएंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *