Punjab News: आज हो सकता है पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान

0
Punjab News: आज हो सकता है पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान

चंडीगढ़ः चुनाव आयोग द्वारा आज पंचायती चुनावों को लेकर घोषणा की जा सकती हैं। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब राज्य चुनाव कमिशनर राज कमल चौधरी द्वारा दोपहर 3 बजे पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंचायती चुनाव करवाने के लिए घोषणा की जा सकती है। पंजाब में जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत के चुनाव न कराए जाने को लेकर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई थी। कुछ दिन ही पंजाब सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जवाब देते हुए इन्हें जल्द करवाने की बात कही थी।

बता दें कि पंजाब में तकरीबन 13,000 ग्राम पंचायतें पहले ही भंग हो चुकी थी। दो सप्ताह पहले शेष 153 में से 76 पंचायत समितियों को भी सरकार ने भंग कर दिया था। राज्य में कुल 13241 पंचायतें हैं। जबकि 153 ब्लॉक समितियां और 23 जिला परिषद हैं। इनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2023 को पूरा हो गया। राज्य में सबसे ज्यादा 1405 पंचायतें होशियारपुर जिले में हैं, जबकि पटियाला में 1022 पंचायतें हैं। बीते साल दिसंबर से भंग पंचायतों के चुनाव अभी तक पेंडिंग चल रहे थे।

पंजाब सरकार ने गत साल पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने से पहले ही इन्हें 11 अगस्त 2023 को भंग कर दिया था। जिस वजह से विवाद खड़ा हो गया था। अधिकतर सरपंच इसके विरोध में आ गए थे। उनकी दलील थी कि 6 महीने रहते हुए सरकार उन्हें हटाकर उनके अधिकारों का हनन कर रही है। वह सरकार की तरफ से नियुक्त नहीं किए गए हैं। जबकि लोगों द्वारा चुन कर भेजे गए हैं। इसके बाद यह मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया था। जिसके बाद पंचायतों को दोबारा बहाल किया गया था।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here