Home National बरसा सांपों का कहर, 28 लोग अस्पताल में भर्ती

बरसा सांपों का कहर, 28 लोग अस्पताल में भर्ती

0
बरसा सांपों का कहर, 28 लोग अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली : ओडिशा में कुछ घंटों पहले सिर्फ चक्रवात ‘दाना’ ही कहर नहीं बरसा रहा था बल्कि सांप भी लोगों के लिए काल बनकर घूम रहे थे। सूबे के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को बताया कि चक्रवात के दौरान सांपों के काटने से 13 महिलाओं और एक डॉक्टर समेत कुल 28 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। माझी ने कहा, ‘सांपों के काटने के शिकार लोगों को तुरंत करीबी अस्पतालों में ले जाया गया और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने कहा कि घायल डॉक्टर को कटक के SCB मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत ठीक है। सरकार ने चक्रवात से संबंधित कार्य के दौरान लापरवाही बरतने और लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में शनिवार को 4 अफसरों को सस्पेंड कर दिया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद 3 पंचायत विस्तार अधिकारियों और एक राजस्व निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।

आरोपों के मुताबिक ये 4 अधिकारी लोगों को चक्रवात आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए नियुक्त किए गए थे, जहां उन्होंने कुछ लोगों के साथ बदतमीजी की। पुजारी ने कहा कि उनके विभाग को कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायतें मिली हैं जिनकी पुष्टि की जा रही है। माझी ने राज्य में चक्रवात के बाद की स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर जिलों में सांपों के काटने के 28 मामले सामने आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here