पंजाबः घर के बाहर बैठे व्यक्ति के हाथों से मोबाइल छीनकर स्नैचर फरार, देखें CCTV

अमृतसरः शहर में लूटपाट और क्राइम की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेखौफ लुटेरों दिन-दहाड़े गली मोहल्लों में सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे है। वहीं ताजा मामला जंडियाला गुरु के अधीन आते गार्डन एनक्लेव से सामने आया है। जहां घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रहे बुजुर्ग व्यक्ति से 2 बाइक सवार स्नैचर मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। विदेश में रहते कर्मजीत सिंह ने फोन के जरिए बताया कि उनके पिता घर के बाहर धूप में बैठे हुए थे।

इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। दोनों के चेहरे ढके हुए थे। बाइक पर चलते-चलते ही स्नैचर उनके पिता के करीब पहुंचे और झपटा मार मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीछे मुड़ कर भी नहीं देखा। कर्मजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता काफी बुजुर्ग हैं। घटना के बाद उन्होंने फोन पर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद कर्मजीत सिंह ने सोशल मीडिया व ई-मेल के माध्यम से इसकी शिकायत पुलिस को दी। वहीं उन्होंने अपने मोबाइल से घटना का सीसीटीवी फुटेज भी निकाला है। कर्मजीत सिंह ने बताया कि दोनों स्नैचर काले रंग के स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर थे। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। कर्मजीत ने आस जताई है कि पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई भी करेगी और आरोपियों को पकड़ेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *