पंजाबः गाड़ी में अश्लील गाने बजाने से रोका तो चालक ने महिला पर चढ़ा दी गाड़ी, मौ’त 

अमृतसरः गांव भिंडी से बड़ी खबर सामने आई है। जहां महिला ने रात में गाड़ी में अश्लील गाने बजाने से पड़ोसी को रोका था। जिसके बाद उक्त पड़ोसी ने परिवार पर बोलेरो गाड़ी चढ़ा दी। इस हादसे में एक महिला बुरी तरह से घायल हो गई। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहीं घायल महिला ने महीनेभर चले इलाज के बाद अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। इस मामले को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित सविंदर सिंह ने बताया कि वह भिंडी गांव में अपनी पत्नी कर्मजीत कौर के साथ रहता था। उसकी दो बेटियां और एक बेटा हैं। आरोपी रंजीत सिंह उसका पड़ोसी है और रोजाना अपनी गाड़ी उनके घर के बाहर खाली जगह पर खड़ी करता है।

जब भी वो रात के समय गाड़ी खड़ी करता तो गाड़ी में अश्लील गाने बजाता है। घर में महिलाएं होने के कारण उसने कुछ समय पहले रंजीत सिंह को टोका और ऐसे गाने न बजाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर रंजीत सिंह ने उससे रंजिश पाल ली। सविंदर सिंह ने बताया कि 9 नवंबर की रात जब उनका सारा परिवार सो रहा था तो आरोपी अपने साथी बूटा और मेहर सिंह के साथ गाड़ी लेकर उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया और आंगन में अलग-अलग चारपाई पर सो रहे परिवार के सदस्यों पर गाड़ी चढ़ा दी।

इसमें उसे और उसकी पत्नी कर्मजीत कौर को गहरी चोटें आईं। घटना के बाद दोनों को अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सविंदर सिंह को छुट्टी दे दी गई वहीं अस्पताल में भर्ती उसकी पत्नी कर्मजीत कौर ने 7 दिसंबर को दम तोड़ दिया। अमृतसर देहाती पुलिस के भिंडीसैदा थाने के एएसआई अज्ञापाल सिंह ने बताया कि आरोपी रंजीत सिंह और उसके दो साथियों बूटा व मेहर सिंह पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *