पंजाब : गैंगस्टर हैरी चट्ठा के साथी विदेशी हथियारों सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

बटाला : पुलिस ने फिरौतियां मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान  जगमीत सिंह उर्फ जगी पुत्र अजायब सिंह वासी भागोवाल थाना किला लाल सिंह और वरिन्द्र सिंह उर्फ सन्नी उर्फ फतेह पुत्र बलविन्द्र सिंह वासी किला लाल सिंह के तौर पर हुई है। आरोपियों से 4 पिस्तौल, 35 कारतूस, 2 कारें और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पकड़े गए आरोपितों के गैंगस्टर हैरी चट्ठा से संबंध बताए गए हैं। एसएसपी अश्विनी गोटियाल ने बताया कि पुलिस ने शहर व आसपास के क्षेत्र में फिरौतियां मांगने और गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले 2 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे भारी मात्रा में गोली सिक्का बरामद किया है।

आरोपियों ने गत दिनों एक रेस्तरां के बाहर गोलियां चलाई थीं और बाद में मालिक से फिरौती मांगी थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई थी। आरोपी जगमीत सिंह उर्फ जगी और वरिन्द्र सिंह उर्फ सन्नी उर्फ फतेह को नामजद किया गया था। इस संबंधी सीआईए स्टाफ बटाला तथा थाना सिविल लाइन की टीम गठित की गई थी, जिन्होंने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में माना है कि उनके सुप्रीत सिंह उर्फ हैरी चट्ठा से संबंध हैं।

उसी के कहने पर वे फिरौतियां मांगते थे। उन्हें हथियार भी हैरी चट्ठा ही भेजता था। पकड़े गए आरोपितों से एक पिस्टल 9 एमएम गलोक और पांच जिंदा कारतूस, 2 पिस्टल 30 बोर और 25 जिंदा कारतूस 30 बोर, एक पिस्टल 32 बोर 5 जिंदा कारतूस 32 बोर, 2 गाड़ियां और एक मोटरसाइकिल बरामद हुआ है।एसएसपी ने कहा कि एक कार आरोपितों ने हरिद्वार से चोरी की थी, जबकि दूसरी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जगमीत सिंह के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में करीब 21 मामले दर्ज हैं, जबकि वरिन्द्र सिंह के खिलाफ भी पांच मामले दर्ज हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *