पंजाबः भीष्ण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी, 46.6 डिग्री पहुंचा तापमान, टूट सकता है 46 साल का रिकार्ड

बठिंडाः मौसम विभाग ने पंजाब में लू के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट पंजाब के 4 जिलों में जारी किया गया है, जिसमें फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं। पिछले 3 दिनों से बठिंडा का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार शाम को बठिंडा में एक बार फिर राज्य में सबसे अधिक तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही 25 मई से देश में नौतपा शुरू होने जा रहा है। पहले दिन से तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई को पंजाब के शहरों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो पिछले 46 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा।

लेकिन, तापमान में बढ़ोतरी यहीं रुकने वाली नहीं है। 26 मई और 27 मई को तापमान 49 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जो 46 साल पहले 21 मई 1978 के अधिकतम 47.7 डिग्री से लगभग 1 डिग्री अधिक होगा। मौसम विभाग ने जहां 4 जिलों में रेड अलर्ट की घोषणा की है, वहीं 7 जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बरनाला और संगरूर में अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही बाकी सभी 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि भारत में नौतपा इस साल 25 मई से शुरू होगा और इसका असर 2 जून तक रहेगा। ये 9 दिन सबसे गर्म रहेंगे। ये वो दिन हैं जब सूर्य पृथ्वी के सबसे करीब होगा और सूर्य आग उगलना शुरू कर देगा। इन दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *