Punjab दौरे पर पहुंचे Kejriwal ने व्यापारियों से की मीटिंग, BJP पर कसे तंज

अमृतसरः आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को अमृतसर में ‘व्यापारी कारोबारी मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित किया। केजरीवाल ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। व्यापारियों से मीटिंग में केजरीवाल ने कहा कि आप हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इसीलिए मैं दिल्ली में चुनाव प्रचार के बाद सीधे आपसे मिलने आया हूं। उन्होंने कहा कि पिछले साल जब मैं पंजाब आया था तो आपकी समस्याएं सुनने आया था। इस बार मैं आपका समर्थन मांगने आया हूं। केजरीवाल ने कहा कि मुझे आपके समर्थन की ज़रूरत है। 13-0 से जीत के साथ केंद्र में आप पार्टी को मजबूत बनाएं। फिर हम केंद्र सरकार से संबंधित सभी मुद्दों का समाधान करेंगे और सभी बकाया फंडराशि भी जारी करवाएंगे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रतिद्वंद्वी राज्यों के साथ मिलकर राज्य सरकारों को परेशान करती है। अब वे खुलेआम तानाशाही और गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। वे अब लोगों को धमकी दे रहे हैं कि या तो हमें जिताओ नहीं तो हम राज्य में काम नहीं करने देंगे।  जिस राज्य में वे हारते हैं, वहां राज्यपाल के माध्यम से राज्य सरकार को परेशान करते हैं। पंजाब के राज्यपाल ने हमारी सरकार के कई महत्वपूर्ण बिलों को भी रोक दिया है।’ केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी का अहंकार इतना बढ़ गया है कि भगवान जगतनाथ जिन्हें जगत का नाथ कहा जाता है, उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ मोदी जी के भक्त हैं। वे इतने अहंकारी हो गए हैं कि लोग मोदी को भगवान से भी ऊपर मानने लगे हैं।

केजरीवाल ने कहाकि कुछ दिन पहले पीएम मोदी अपने इंटरव्यू में कह रहे थे कि मैं अपनी मां के पेट से पैदा नहीं हुआ हूं। मुझे भगवान ने सीधे धरती पर भेजा है। मैं भगवान का अवतार हूं। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले कुछ ही दिनों में मंदिरों से भगवान की मूर्ति हटाकर पीएम मोदी की मूर्ति लगा देंगे। वे कहते हैं कि पीएम मोदी भगवान राम को लेकर आये हैं। जबकि इस सृष्टि की रचना भगवान राम ने की है। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, भुखमरी आदि पर बात नहीं करते। काम की बात करने के बजाय वे मंगल-सूत्र और भैंस के नाम पर लोगों से वोट मांग रहे हैं।’

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *