Jalandhar News: 49,800 रुपए रिश्वत लेते हवलदार गिरफ्तार

जालंधर, ENS: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस थाना नकोदर देहाती, जिला जालंधर में तैनात एक हवलदार कंवरपाल सिंह को 49,800 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिसे अदालत ने 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

जानकारी के अनुसार उक्त पुलिस कर्मी को श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव मदरसा निवासी लखविंदर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है और उसने पी.एच.जी. में सेवा करते हुए अपने चाचा की मृत्यु के बाद, 2017 में जिला कमांडर, पंजाब होम गार्ड (पी.एच.जी.) कार्यालय, फरीदकोट में दया के आधार पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। इस संबंध में आरोपी पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता को होम गार्ड में दया के आधार पर नौकरी दिलाने के बदले 6,50,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।

हवलदार ने उसे पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपए देने के लिए कहा। इसके बाद, आरोपी हवलदार ने उसे बार-बार फोनपे के माध्यम से रकम अपने एचडीएफसी खाते में ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया। जिसके कारण शिकायतकर्ता ने 4 ट्रांजैक्शनों में 10,000 रुपए (प्रति ट्रांजैक्शन) ट्रांसफर किए और बाद में 9800 रुपए और ट्रांसफर किए। इस तरह से शिकायतकर्ता ने कुल 49,800 रुपए उक्त पुलिसकर्मी के एचडीएफसी खाते में भेजे।

जांच के दौरान यह साबित हो गया है कि उक्त हवलदार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत ली थी। इस जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के जालंधर रेंज थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *