Jalandhar News: मध्य प्रदेश से Punjab में असहले की तस्करी के मामले में आरोपी हथियारों सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

जालंधर, ENS: क्राइम पर नकेल कसते हुए देहात पुलिस के एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख की टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 देसी पिस्तौल बरामद किए है। काबू किए गए आरोपी की पहचान सुनील कुमार उर्फ ​​जियोना निवासी गांव मंडयाला, थाना लोहियां, जिला जालंधर के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी खख ने बताया कि 2 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लांबड़ा इलाके में अवैध हथियारों की खेप पहुंचाई जा रही है। जिसके बाद उनकी टीम के सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली ने डीएसपी डी की देखरेख और एसपी जसरूप कौर बाठ की कमान में एक विशेष टीम बनाई।

पुलिस टीम को पुआरा पुली इलाके में गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करके सुनील कुमार को अवैध हथियारों के साथ अड्डा निझरां से काबू किया। एसएसपी ने बताया कि तलाशी के दौरान सुनील कुमार के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि उसके किट बैग से तीन और पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से कुल 5 पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार करके लांबड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25(1)-घी, 25(6)(7)(8) और आर्म्स एक्ट की धारा 29/54/59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस जांच में पता चला है कि सुनील कुमार मध्य प्रदेश से पंजाब में हथियारों की तस्करी में शामिल है और आरोपी मध्य प्रदेश से हथियार लाकर यहां पर उसे ऊंचे दामों पर बेचता है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी हाल ही में ड्रग तस्करी के एक मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। एसएसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक गतिविधियों में लंबा इतिहास रहा है, जिसमें हथियार और ड्रग से जुड़े अपराध शामिल हैं। उसका नेटवर्क विदेशों से संचालित हाई-प्रोफाइल अपराधियों से जुड़ा हुआ है, जिसमें जगदीप सिंह उर्फ ​​जग्गा फुकीवाल और पवन कुमार उर्फ ​​पम्मा शामिल हैं। एसएसपी खख ने कहा कि जगदीप इंग्लैंड से जबरन वसूली का रैकेट चलाने के लिए जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि जग्गा फुकीवाल और पम्मा कुख्यात अपराधी लंडा हरिके से जुड़े हुए हैं। एसएसपी ने कहा कि उक्त आरोपी हथियारों की तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली से जुड़े एक व्यापक आपराधिक नेटवर्क का संकेत देते हैं। एसएसपी ने कहा कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य लिंक का पता लगाया जा रहा है और इस आपराधिक सिंडिकेट के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए जांच जारी है। एसएसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा तथा हथियारों की खरीद और योजनाबद्ध आपराधिक गतिविधियों के बारे में पता लगाया जा सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *