पंचकूलाः सेक्टर-1 स्थित जिला न्यायालय परिसर को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। दरअसल, धमकी भरा अलर्ट मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इस दौरान प्रशासन द्वारा कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया है। वहीं एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
दरअसल, सुबह करीब 10:35 बजे सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला, जिसके बाद सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। इसके बाद पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां परिसर के चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां धमकी की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। साथ ही परिसर में आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और स्रोत के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और हर आने-जाने वाले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, वकीलों और दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
