जालंधर, ENS: शहर के कपूरथला रोड पर एक तेज रफ़्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के एयरबैग तक खुल गए। दुर्घटना में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक का कार से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे बने गटर व पेड़ की ओर जा चढ़ी। इस दौरान वहां मौजूद मजदूर उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद चालक ने दावा किया कि वह गाड़ी सामान्य गति से चला रहा था।
उसके अनुसार सड़क पर टूटे गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर मजदूरों की ओर चला गया। चालक ने इसे अचानक हुई दुर्घटना बताया। सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के नव जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंच गए। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
