लुधियानाः शहर के गुरु गोबिंद सिंह नगर इलाके में सरेआम हथियारों के बल पर परिवारों को निशाना बनाया। सोहल ट्रेडिंग कंपनी के पास पैदल जा रहे परिवार को रोककर महिला की चेन लूट ली गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक पीड़ित पति-पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ मेन रोड से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक सफेद रंग की एक्टिवा पर दो युवक आए।
उन्होंने अपनी एक्टिवा थोड़ी आगे लगा दी। एक्टिवा के रुकते ही पीछे बैठा बदमाश नीचे उतरा और उसने अचानक तेजधार हथियार निकाल लिया। हथियार से परिवार को डराने के बाद उसने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन तोड़ ली। हथियार देखने के बावजूद महिला ने घबराने की बजाय हिम्मत दिखाई। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि महिला ने तुरंत बदमाश का हाथ पकड़ लिया। अपनी पत्नी को भिड़ता देख पति ने भी आगे बढ़कर बदमाश को पकड़ने की कोशिश की।
लेकिन बदमाश ने दोबारा तेजधार हथियार दिखाकर उन पर हमला करने की कोशिश की और खुद को छुड़ा लिया। हड़बड़ाहट में वहां से भागते समय बदमाश सड़क से गुजर रही एक कार से भी टकराया, लेकिन वह किसी तरह संभला और अपने साथी के साथ एक्टिवा पर बैठकर तेजी से फरार हो गया। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। वारदात का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर एक्टिवा के नंबर और बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।
