Punjab News: ब्यास नदी में डूबने से भाई-बहन की मौत

कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी के गांव आली कलां से बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां खेतों में काम करने गए मजदूर भाई-बहन अचानक ब्यास नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि वे अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ब्यास नदी किनारे खेतों में काम कर रहे थे। घर लौटते समय हाथ-मुंह धोने या पानी पीने के लिए नदी किनारे पहुंचे तो अचानक पैर फिसलने के कारण एक-दूसरे को बचाते हुए दोनों भाई-बहन नदी में डूब गए। इनमें से भाई का शव बरामद हो गया है, जिसे सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

मृतक की पहचान पप्पू (35) पुत्र जोगिंदर पाल निवासी सुल्तानपुर रूरल के रूप में हुई है, जबकि उसकी बहन आशू की तलाश अभी भी जारी है। परिवारिक सदस्यों के अनुसार हर साल गांव से कई खेत मजदूर वाडी के दौरान यहां मजदूरी करने आते हैं। पप्पू और आशू भी इस साल हर बार की तरह मजदूरी करने के लिए गांव आली कलां ब्यास नदी के किनारे आए थे। जब वे काम खत्म कर घर लौटने लगे तो दोनों ने सोचा कि हाथ-मुंह धोकर पानी पी लिया जाए, जिसके बाद वे दोनों नदी किनारे पहुंचे। इसी दौरान बहन का पैर फिसला और वह गहरे पानी की लहरों में आ गई, जिसे बचाने के लिए भाई ने भी छलांग लगाई, लेकिन एक-दूसरे को बचाते हुए दोनों गहरे पानी में डूब गए।

फिलहाल पप्पू का शव बरामद हो चुका है जबकि आशू की तलाश अभी भी जारी है। जानकारी के अनुसार पप्पू शादीशुदा था जबकि उसकी बहन अभी कुंवारी थी। मामले को लेकर थाना कबीरपुर की पुलिस ने मृतक पुत्र जोगिंदर पाल निवासी सुल्तानपुर रूरल के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखवा दिया है और उसकी बहन आशू की तलाश जारी है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के अनुसार कानून के मुताबिक आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *