डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में दुबई में हीरों के कारोबार में निवेश का झांसा देकर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने होशियारपुर के तलवाड़ा निवासी हीरा कारोबारी दंपति अतुल वर्मा और उनकी पत्नी रिया वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की है।
शिकायत जालंधर (Jalandhar) सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक से रिटायर कर्मचारी राकेश कुमार ने दी है, जो बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दंपति ने खुद को ज्वेलरी कारोबारी बताकर उन्हें दुबई में हीरों के व्यापार में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने दावा किया था कि उनके तलवाड़ा और जालंधर में ज्वेलरी शोरूम मौजूद हैं और निवेश पर हर 15 से 20 दिन में अच्छा मुनाफा मिलेगा।

राशि लौटाने से इनकार
शिकायतकर्ता के अनुसार, इन झूठे वादों पर भरोसा करके उन्होंने 28 फरवरी 2025 को अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के माध्यम से कुल 25 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ समय तक भुगतान किया और मुनाफे के रूप में लगभग 3 लाख 74 हजार 300 रुपये दिए, लेकिन बाद में मूल राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि यह पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का है, जिसमें दंपति ने उन्हें बड़े रिटर्न का लालच देकर ठगा। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच के बाद सहायक पुलिस कमिश्नर स्पेशल ब्रांच जालंधर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई के आदेश दिए।
FIR दर्ज
इसके बाद थाना डिवीजन नंबर-5 में अतुल वर्मा और रिया वर्मा के खिलाफ BNS की धाराओं 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच एएसआई बलविंदर कुमार को सौंपी गई है।
