जालंधर सहित इन जिलों में मौसम सुहावना, लोगों ने ली राहत की सांस, देखें वीडियो

जालंधर/अमृतसरः पंजाब की तरफ बढ़ता मानसून हिमाचल प्रदेश में अटक गया है। बीते 24 घंटों में उसमें कोई बदलाव देखने को नहीं मिला। वहीं मौसम विभाग की तरफ से आज राज्य में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि पंजाब के 16 जिलों में आज बारिश होगी।

वहीं भीषण गर्मी के बाद आज अमृतसर में हुई तेज बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। बारिश से तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंडी हवा चलने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान दरबार साहिब में हुई बारिश ने मनमोहक नजारा पेश किया। बारिश की बूंदों में श्री हरमंदिर साहिब की खूबसूरती तस्वीरें सामने आई। दरबार साहिब से आ रही अलौकिक तस्वीरों ने लोगों का मन मोह लिया और ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं।

वहीं पठानकोट, गुरदासपुर और आसपास के कुछ जिलों में भी सुबह हल्की बारिश देखने को मिली। राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 1.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद, तापमान सामान्य से अब भी 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है, जो इस समय के मौसम के औसत से नीचे माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

आज पंजाब के पठानकोट और होशियारपुर में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, मानसा, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और रूपनगर में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *