Jalandhar News: पूर्व सैनिक सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन और हथियार बरामद

जालंधर, ENS: नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत देहात पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सीआईए स्टाफ की टीम ने 260 ग्राम हेरोइन और एक अवैध हथियार बरामद किया है। सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली के नेतृत्व में विशेष चैकिंग के दौरान थाना करतारपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरिंदर सिंह उर्फ गामा और गुरदीप सिंह निवासी गांव लखोराह, बटाला के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम करतारपुर में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्होंने बागवानी विभाग के निकट एक सफेद रंग की सैविल क्रूज़ कार (नंबर PB-07-BY-1553) संदिग्ध स्थिति में खड़ी देखी। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति ने घबराकर पास की घास में कुछ फेंककर भागने लगा। जबकि दूसरा व्यक्ति गाड़ी लेकर मौके से निकलने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया। गाड़ी की तालाशी के दौरान डैशबोर्ड से 160 ग्राम हेरोइन, एक .32 बोर की रिवॉल्वर, 11 कारतूस और वैध लाइसेंस बरामद किया गया। वहीं, घास में फेंके गए लिफाफे से अतिरिक्त 100 ग्राम हेरोइन मिली।

पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी हरिंदर सिंह उर्फ गामा एक पूर्व सैनिक है और ट्रक चालक के रूप में काम करता है, जबकि गुरदीप सिंह बटाला में स्टील वेल्डिंग की दुकान चलाता है। दोनों आरोपी तरनतारन क्षेत्र से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे। आरोपियों के खिलाफ थाना करतारपुर में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 156, दिनांक 12-07-2025 को मामला दर्ज किया गया है। अदालत से दोनों आरोपियों का 12 दिन का पुलिस रिमांड मिला है, जिसके तहत उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *