Jalandhar News: ट्रक और एक्टिवा की टक्कर में व्यक्ति की मौत

जालंधर, ENS: देहात के लांबड़ा में जालंधर हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक्टिवा की टक्कर हो गई। इस हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एक्टिवा चला रहे बुजुर्ग ट्रक से टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बुजुर्ग व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 59 वर्षीय हंसराज निवासी गांव भगवानपुर, ताजपुर के रूप में हुई है।

वहीं मामले की जानकारी देते हुए गांव के सरपंच वरिंदर कुमार बब्बू ने बताया कि हंसराज सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। वे एक्टिवा से बच्चों को स्कूल से छुट्टी के बाद घर ला रहे थे। इसी दौरान उनकी एक्टिवा हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। सिर में गहरी चोट लगने की वजह से उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के वक्त एक्टिवा पर बैठे छोटे-छोटे बच्चे डर तो गए लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई, वे सुरक्षित हैं।

सरपंच ने कहा कि हाईवे पर बिना अनुमति खड़े बड़े ट्रक और ट्रालियां आम लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि गांव भगवानपुर के पास गली नंबर-2 के सामने हर रविवार को हाईवे पर भारी संख्या में बिना पार्किंग के ट्रक, बसें और ट्रैक्टर खड़े रहते हैं। पुलिस प्रशासन की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *