सोशल मीडिया पर हथियारों को बढ़ावा देने वाले युवा गिरफ्तार

Written by

in

ऑपरेशन गन डाउन के चलते की बद्दी पुलिस ने कार्यवाही बद्दी/सचिन बैंसल: बद्दी पुलिस ने एक विशेष अभियान ऑपरेशन गन डाउन चलाया है।  जिसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर अवैध रूप से हथियारों का प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना था। ऐसे कई मामलों में पाया गया कि कुछ व्यक्ति सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पिस्टल, रिवाल्वर और राइफल के साथ अपनी फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे थे। इस प्रकार की पोस्टों से न केवल आम जनता में भय का वातावरण बनता है, बल्कि युवाओं को अपराध की ओर उकसाया जाता है और समाज में गन कल्चर को बढ़ावा मिलता है।अभियान के दौरान पुलिस ने मानपुरा व नालागढ़ में दो-दो तथा बद्दी में एक अभियोग दर्ज कर  9 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि  बद्दी पुलिस ने कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से हथियारों को भी जब्त किया है, जिनका प्रयोग आरोपियों की ओर से फोटो व वीडियो बनाने में किया गया था। इसके अतिरिक्त, कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि कुछ व्यक्तियों ने अपने हथियारों को दूसरों को इस्तेमाल करने दिया, जो आर्म्स एक्ट के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। तलाशी में 3 राइफलें, 2 पिस्टल तथा प्रयुक्त कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मानपुरा से दो राईफल, नालागढ़ के एक राईफल व एक पिस्टल और एक अन्य स्थान से पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने नालागढ के भोगपुर के नमन कुमार पुत्र विनोद कुमार, खिल्लियां पंचायत के टिक्करी गांव के रविन्द्र सिंह उर्फ पिन्दी पुत्र  प्रधुम्न सिंह, इसी गांव के भुपिन्द्र सिंह पुत्र  धर्म सिंह, किशनपुरा के शिवदत्त पुत्र चमन लाल, गुरूमाजरा के गुरदेव ऊर्फ गौतम पुत्र जगन्नाथ व मानपुरा के कसंबोवाल अरशद मोहम्मद पुत्र गुलजार मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने साइबर सेल बद्दी ने इन सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइलिंग की, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई और कानूनी कार्रवाई की गई। यह संपूर्ण प्रक्रिया अब भी प्रगति पर है और 4-5 अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, उसी अनुसार आगामी जानकारियाँ और बरामदगियाँ साझा की जाएंगी।बद्दी पुलिस समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने और युवाओं को अपराध के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *