Punjab News: नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद कैदी की बिगड़ी तबीयत, हुई मौत

कपूरथलाः केंद्रिय जेल में एक कैदी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कपूरथला के मोहल्ला मेहताबगढ़ निवासी राजिंदर सिंह पुत्र तरसेम लाल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद राजिंदर की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते अधिकारियों द्वारा राजिंदर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं राजिंदर सिंह की मौत को लेकर कपूरथला थाना कोतवाली की टीम ने जांच शुरू कर दी है, जल्द ही परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। दूसरी ओर सिविल अस्पताल में मौजूद डॉ. सिद्धार्थ बिंद्रा ने बताया कि सेंट्रल जेल में बंद राजिंदर सिंह नामक कैदी की तबीयत खराब होने पर उसे सिविल अस्पताल लाया गया था।

राजिंदर की तबीयत जेल में ही खराब होने के चलते उसे जेल में हल्का उपचार देने के बाद तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया। यहां उसका उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। उन्होंने बताया कि मृतक कैदी के शव को सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवा दिया गया है। साथ ही थाना कोतवाली की पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने परिजनों को भी सूचित कर दिया है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *