Jalandhar के नारी निकेतन में धूमधाम के साथ हुई बेटी की शादी, देखें वीडियो

जालंधर (Ens): नारी निकेतन में आज एक बेटी की शादी करवाई गई है। सुबह 11 बजे धूमधाम के साथ बारात पहुंची जिसके बाद नारी निकेतन में जश्न का माहौल बन गया। नारी निकेतन में रहने वाली काजल की शादी संगरुर के उधम सिंह के साथ हुई है। उधम सिंह मैकेनिक का काम करते हैं और काजल पार्लर का काम करती हैं। बारात संगरुर के गांव पट्टी खलील शेरपुर से गुरुद्वारा सिंह सभा माडल टाउन में दोपहर 12 बजे पहुंची। आनंद कारज करने के बाद नारी निकेतन के स्टाफ ने काजल की विदाई की। ट्रस्ट के पदाधिकारी की ओर से शादी की सभी रस्में की गई और उन्होंने नवविवाहित जोड़े को भी आशीर्वाद दिया। बता दें कि नारी निकेतन की ओर से करवाई जाने वाली यह पहली शादी नहीं है। इससे पहले भी नारी निकेतन से 4 साल पहले जसप्रीत नाम की लड़की की संगरुर में शादी हुई थी। जसप्रीत ने अपनी सहेली के रिश्ते की बात उधम सिंह के साथ करवाई। उधम सिंह के परिवार ने जब काजल को देखा तो उन्हें वो पसंद आ गई।

काजल की सहेली का रिश्तेदार है उधम सिंह

नारी निकेतन से 4 साल पहले भी जसप्रीत की संगरुर में शादी हुई थी। उधम सिंह का परिवार उनका रिश्तेदार है। जसप्रीत के संस्कारों को देखते ही उधम सिंह के परिवार ने उसे अपने जैसे लड़की ढूंढने के लिए कहा। इसके बाद उसने अपनी दोस्त काजल का नाम बताया। इसके बाद परिवार जालंधर नारी निकेतन में लड़की देखने पहुंचा। लड़की पसंद आने पर उन्होंने रिश्ता पक्का कर लिया।

नारी निकेतन में हो चुकी हैं 25 शादियां

नारी निकेतन के स्टाफ की सदस्य ज्योति ने बताया कि उनके आंगन में 25 लड़कियों की शादियां हो चुकी हैं। यहां पर आने वाली हर बच्ची को अच्छे संस्कार देने की कोशिश की जाती है। यहां से बच्चियां जवान होकर शादी करके अपना घर बसाती हैं। ट्रस्ट में रहने वाली लड़कियों के लिए जो भी रिश्ता आता है उसकी पहले अच्छे से जांच पड़ताल की जाती है। परिवार की अच्छे से जांच होने पर ही लड़कियों के लिए रिश्ता पक्का किया जाता है। इसी वजह से यहां से जाने वाली हर बच्ची अपने परिवार में खुश होकर रहती हैं।

2019 से नारी निकेतन में रह रही थी काजल

काजल 2019 में नारी निकेतन में आई थी। उस समय वह 10वीं तक पढ़ी थी। इसके बाद वहां पर रहते हुए उसने नारी निकेतन के स्कूल में 11वीं और 12वीं पास की। काजल को मेकअप आर्टिस्ट का काम बहुत पसंद था इसी वजह से नारी निकेतन ने उसके हुनर को निखारा और रोजगार के काबिल बनाया। इसके बाद उसने सैलून में नौकरी की।    

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *