Jalandhar News: 40 हजार रिश्वत लेते पंजाब रोडवेज का सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार

जालंधर: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब रोडवेज डिपो-1 जालंधर में तैनात सुपरिंटेंडेंट बलवंत सिंह को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इसे लेकर उन्होंने जानकारी साझा की है। विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार यह कार्रवाई एक सेवानिवृत्त ड्राइवर की शिकायत के आधार पर की गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सुपरिंटेंडेंट बलवंत सिंह ने उसकी सेवानिवृत्ति से पहले बकाया ओवरटाइम बिल तैयार करने के बदले 50,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान उसने 40,000 रुपए में सौदा तय किया।

शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि लेबर कोर्ट में चल रहे एक मामले के दौरान आरोपी सुपरिंटेंडेंट पहले ही किस्तों में उससे 1,54,000 रुपए ले चुका था, लेकिन काम पूरा नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित ने विजिलेंस ब्यूरो से न्याय की गुहार लगाई।

शिकायत की पुष्टि होने पर विजिलेंस ब्यूरो जालंधर रेंज की टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में बलवंत सिंह को शिकायतकर्ता से 40,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। विजिलेंस द्वारा आरोपी के खिलाफ जालंधर रेंज में एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *