Punjab News: गायक व प्रोड्यूसर को मिली जान से मारने की धमकी, मांगे 1.20 करोड़

Written by

in

मोहालीः पंजाबी सिंगर, एक्टर और प्रोड्यूसर नीरज साहनी को पाकिस्तान में छिपे आतंकी हरविंदर रिंदा की तरफ से धमकी भरी कॉल आई है। इस कॉल में नीरज से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की मांग की गई है। पैसे न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। नीरज साहनी ने इस बारे में मोहाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। नीरज ने कॉल से जुड़े सारे सबूत भी पुलिस को सौंप दिए हैं।

बता देंकि मोहाली में इस तरह रंगदारी मांगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एक दवाई कंपनी के मालिक से पैसे मांगे गए थे। इसके बाद सोहाना में एक प्रॉपर्टी डीलर को धमकाया गया था। वहीं, एक आईटी कंपनी के मालिक से भी पैसे मांगे गए थे, लेकिन उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को काबू कर लिया था। 11 दिन पहले इस तरह की एक ऑडियो कॉल आई थी। उस मामले में सोहाना थाने में केस दर्ज हुआ।

सिंगर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह मोहाली के सेक्टर-88 में रहते हैं, जबकि उनकी कंपनी सेक्टर-75 में स्थित है। छह अक्टूबर को उनके फोन पर एक वीडियो कॉल आई। यह कॉल 3 बजकर 20 मिनट पर आई थी। आरोपी ने उसे कहा कि वह आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा है। उसे 1 करोड़ 20 लाख रुपए का इंतजाम करना होगा। अगर पेमेंट का इंतजाम नहीं कर पाया तो उसे व उसके परिवार को जान से मार देगा। आरोपी ने कहा कि यह पैसे दिलप्रीत को देने हैं। उसने एक अन्य व्यक्ति को भी वीडियो कॉल पर लिया था और कहा था कि इसे पैसे देने होंगे। रिंदा ने भी उसके परिवार को मारने की धमकियां दी हैं। गैंगस्टर रिंदा ने कहा कि उसका संबंध पाकिस्तान के आतंकियों के साथ है। “तेरे बारे में हमें सारी जानकारी है। तेरे घर पर हमला बोल देंगे। मुझे मेरे साथी गैंगस्टर बाबा और रिंदा ग्रुप के लोगों की कॉल आएगी।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *