पटियाला: पंजाब के पटियाला शहर से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक पॉश इलाके में स्थित प्रसिद्ध प्राइवेट स्कूल, ओरो मीरा स्कूल में एक फिजिकल एजुकेशन टीचर ने 8 साल की मासूम बच्ची के साथ बार-बार यौन शोषण किया। मेडिकल जांच में बच्ची के साथ कई बार यौन शोषण की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और स्कूल प्रबंधन ने उसे निलंबित कर दिया है। 13 अक्टूबर को दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार, बच्ची के साथ स्कूल के भीतर बार-बार यौन शोषण किया गया।
ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:
ਪਟਿਆਲਾ – ਸਕੂਲ ਵਿੱਚ ਟੀਚਰ ਵੱਲੋਂ 8 ਸਾਲਾ ਬੱਚੀ ਨਾਲ ਜਿਨਸੀ ਸ਼ੋਸ਼ਣ, ਗਿਰਫ਼ਤਾਰ!
तीन दिन बाद आई मेडिकल जांच रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई कि बच्ची के साथ एक से अधिक बार यौन शोषण हुआ है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। शहर के एसपी पलविंदर चीमा ने बताया, पीड़िता की मेडिकल जांच में कई बार यौन शोषण की पुष्टि हुई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अब आरोपी का डीएनए सैंपल भी मेडिकल जांच के लिए भेजेगी ताकि साक्ष्यों को और पुष्ट किया जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या स्कूल में किसी अन्य बच्चे के साथ भी इस तरह का शोषण हुआ है। पुलिस सरकारी काउंसलरों और जिला बाल सुरक्षा कार्यालय की मदद ले रही है।
लाहौरी गेट के एसएचओ शिवराज सिंह ने कहा, हमारी टीमें साक्ष्य इकट्ठा करने और अधिकारियों से पूछताछ करने के लिए स्कूल परिसर का दौरा कर चुकी हैं। स्कूल से स्टाफ का विवरण जमा कराए जाने को कहा गया है। पुलिस ने अन्य माता-पिताओं और विद्यार्थियों से भी अपील की है कि यदि उनके पास ऐसी किसी घटना की जानकारी है तो वे आगे आएं। यह घटना शहर के एसएसटी नगर स्थित ओरो मीरा स्कूल की है। स्कूल की प्रिंसिपल चिन्मयी ने बताया कि उन्होंने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा, हम पुलिस और पीड़ित परिवार को पूरा सहयोग दे रहे हैं।

Leave a Reply