Punjab News: नशे में धुत कार चालक ने बुलेट मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, हुआ जमकर हंगामा, देखें वीडियो

पठानकोटः बीती रात पठानकोट के ढंगू रोड पर बिजली घर के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि उसे कुछ चोटें आई हैं। घायल युवक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बुलेट मोटरसाइकिल उसकी कार के नीचे फंस गई थी, जिसके चलते वाहन आगे नहीं बढ़ सका। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह गाड़ी का एक्सिलरेटर दबाकर बार-बार भागने की कोशिश करता रहा। इसी बीच स्थानीय लोगों ने जब देखा कि चालक किसी की जान को खतरे में डाल सकता है, तो उन्होंने गाड़ी को घेर लिया। कार सवार व्यक्ति गाड़ी से बाहर आने को तैयार नहीं था, जिसके बाद भीड़ ने गुस्से में आकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने चालक को गाड़ी से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया।

जांच में यह बात सामने आई है कि कार चालक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अपील की है कि लोग सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, ताकि ऐसे हादसों से जान-माल की हानि को रोका जा सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *