Punjab News: बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाशों ने रियल एस्टेट कारोबारी पर की फायरिंग, देखें वीडियो

Written by

in

मोहालीः एयरपोर्ट रोड पर रियल एस्टेट कारोबारी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। मिली जानकारी के अनुसार गोलियां कार के बंपर पर लगीं। हालांकि कारोबारी की जान बच गई। कार चालक ने सीट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीमें गठित कर दी हैं। हालांकि पुलिस मानकर चल रही है कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।

सन्नी एनक्लेव निवासी धीरज शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह देसू माजरा रोड पर यूको बैंक के निकट बालाजी एस्टेट नामक रियल एस्टेट कंपनी चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त जसजीत सिंह के साथ आई-10 कार में पलहेड़ी गांव जा रहे थे। तभी सेक्टर-123 में उन पर फायरिंग हुई। फायरिंग करने वाले दो नकाबपोश थे। कारोबारी के मुताबिक, एक गोली सीधे उनकी कार की हेडलाइट के नीचे बंपर में लगी।

उन्होंने और उनके दोस्त ने सीटों के नीचे झुककर अपनी जान बचाई और गाड़ी आगे बढ़ा दी। सड़क पर अन्य वाहनों के आने पर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मुलांपुर की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।थाना सदर पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक कारतूस का खोल बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह हमला किसी पुरानी रंजिश या धमकी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के प्रयास में जुटी हैं। वारदात के तुरंत बाद एयरपोर्ट रोड–न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *