Punjab News: लापता 22 वर्षीय युवक का कुएं से मिला गला सड़ा शव

Written by

in

मोहाली: गांव कुंभड़ा से 16 दिन पहले लापता 22 वर्षीय युवक अनिल चौहान का गला सड़ा शव चंडीगढ़ सेक्टर-53 के जंगल में बने एक 15-20 फीट गहरे कुएं से बरामद हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी हत्या का लग रहा है। सूत्रों के अनुसार, अनिल की हत्या एक युवती के भाई और उसके दोस्तों ने की, जिन्होंने कथित तौर पर उसे शराब पिलाकर गला रेत दिया और फिर शव को कुएं में फेंक दिया। शव पर गर्दन के पास चापड़ (चिकन काटने वाले हथियार) से वार के निशान मिले हैं। शव पानी में कई दिनों तक रहने के कारण काफी गला सड़ा मिला।

मोहाली के फेज-8 थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई उदेश चौहान के बयान पर पहले बीएनएस की धारा 127(4) (अगवा करना) और 3(5) (एक से अधिक व्यक्ति का अपराध में शामिल होना) के तहत मामला दर्ज किया था। मोहाली पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद सुराग मिला, जिन्होंने पूछताछ में हत्या का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से शव बरामद किया।

एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह प्रेम प्रसंग का मामला है। शव को पुलिस कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक अनिल चौहान मूल रूप से बुढलाड़ा, जिला मानसा का रहने वाला था। वह मोहाली के गांव कुंभड़ा में किराए पर अपने दोस्तों के साथ रहता था और फेज-9 के एक ब्लैंकेट स्टोर में काम करता था। परिवार के अनुसार, अनिल का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिवार को जब इसका पता चला तो उन्होंने उसे चेतावनी दी थी। कुछ समय के लिए संपर्क टूट गया था, लेकिन दोबारा बातचीत शुरू होने के बाद हालात इतने बिगड़े कि हत्या तक पहुंच गए।

अनिल के भाई उमेश चौहान ने बताया कि हम चार भाई हैं। अनिल मोहाली में अकेला रहता था। 19 अक्टूबर को वह घर से निकला था और शराब पी रखी थी। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मोबाइल भी बंद आ गया था। हमने 29 अक्टूबर को अगवा होने की शिकायत दी थी। पुलिस इस मामले पर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *