Punjab News: 9.95 करोड़ रुपये की नकली करंसी बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

Written by

in

मोहालीः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर साहिबज़ादा अजित सिंह नगर पुलिस ने डेरा बस्सी में एक अंतरराष्ट्रीय नकली करंसी का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी हरमिंदर हंस ने बताया कि नकली मुद्रा अपराध में शामिल एक अंतरराष्ट्रीय सिंडीकेट से जुड़े दो संदिग्धों की गतिविधि के बारे में उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकली करंसी बरामद की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन निवासी भारत नगर, पेहोवा, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) और गुरदीप निवासी गुरुदेव नगर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी देहात मनप्रीत सिंह और डीएसपी डेरा बस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ की निगरानी में विशेष टीमों का गठन करके इंस्पेक्टर सुमित और इंस्पेक्टर मलकीत सिंह (इंचार्ज एंटी-नारकोटिक्स सेल) की अगुवाई में टीमों ने पुराना अंबाला-कालका हाईवे पर घघर पुल के पास एक नाका लगाया। इस दौरान सफेद रंग की स्कार्पियो-एएन (एचआर-41-एम-6974) में आ रही गाड़ी को रोककर तालाशी ली गई।

तालाशी के दौरान 11,05,000 रुपये की असली बंद मुद्रा और 9 करोड़ 88 लाख रुपये की डुप्लीकेट मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि पुराने 1000 रुपये के नोटों में 7,42,000 रुपये, पुराने 2000 रुपये के नोटों में 3,50,000 रुपये, नए 500 रुपये के नोटों में 13,000 रुपये बरामद किए गए। वहीं नकली मुद्रा में पुराने 1000 रुपये के नोटों के 80 बंडल (लगभग 80 लाख रुपये), नए 500 रुपये के नोटों के 60 बंडल (लगभग 30 लाख रुपये), 2000 रुपये के नोटों के 439 बंडल (लगभग 8 करोड़ 78 लाख रुपये) सहित कुल 9 करोड़ 88 लाख रुपये बरामद किए गए।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने लोगों को फर्जीवाड़ा करने के लिए इन नोटों के बाहर असली नोट छोड़ दिए थे और अंदर नकली नोट भर दिए। उन्होंने पंजाब और पड़ोसी राज्यों में कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की है और फर्जी मुद्रा तथा धोखाधड़ी के पहले मामलों में शामिल हैं।

2023 में मोहाली के एक निवासी से 7 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के सिलसिले में आईपीसी की धाराएं 406, 420, और 120-बी के तहत एफआईआर नंबर 248, तारीख 01/10/2025, पुलिस स्टेशन फेज-1 मोहाली में दर्ज की गई है और राजस्थान व अन्य राज्यों में भी इसी तरह के कई और मामले दर्ज किए गए हैं। डेरा बस्सी पुलिस स्टेशन की भारतीय दंड संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 178, 179, 180, और 182 के तहत एफ आई आर नंबर 327 तारीख 13.11.2025 के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है, और भी गिरफ्तारी की संभावना है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *