Punjab News: राजा गार्डन कॉलोनी में Gun Point पर महिला की चेन छीनकर लुटेरे फरार, हथियारों सहित 3 गिरफ्तार

कपूरथलाः राजा गार्डन कॉलोनी में धूप सेक रही महिला की गन प्वाइंट पर चेन छीनकर फरार हुए मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में फगवाड़ा पुलिस ने 3 बदमाशों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल व दातर सहित चोरी का सामान बरामद किया है।

आरोपियों की पहचान मधुर मग्गू उर्फ नन्नू , गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरव दोनों निवासी बलाचौर जिला शहीद भगत सिंह नगर तथा अफताब उर्फ सौरभ निवासी मोहल्ला लाल पैलेस फगवाड़ा के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम से खरीदी एक स्प्लेंडर बाइक, एक दातर, 32 बोर की एक पिस्टल, दो खिलौना पिस्टल, एक खंडा, फगवाड़ा से लूटी गई एक सोने की चेन तथा सोने की बालियां बरामद की हैं।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी फगवाड़ा रूपिंदर कौर भट्टी ने बताया कि 22 दिसंबर को राजा गार्डन कॉलोनी में एक महिला हरजीत कौर पत्नी हरेंद्र सिंह अपनी पड़ोसन के साथ घर के बाहर जब धूप सेक रही थी। इसी दौरान बाइक सवार लड़के उन्हें दातर दिखा कर सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। एसपी रविंदर कौर भट्टी ने बताया कि लूट की इस वारदात को हल करने के लिए डीएसपी भारत भूषण के नेतृत्व में थाना सतनामपुरा एसएचओ हरदीप सिंह, सीआईए इंचार्ज बिसमिन सिंह सहित पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीम ने लूट की इस वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों को शहीद भगत सिंह नगर नवांशहर के बलाचौर से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी भट्टी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने जिला होशियारपुर और जिला शहीद भगत सिंह नगर में पहले भी वारदात की हैं और उनके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में लूटपाट व NDPS के केस दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी नवांशहर, थाना आरपीएफ फगवाड़ा, डिवीजन नंबर 7 जालंधर, थाना रामा मंडी जालंधर, थाना कैंट जालंधर व थाना डिवीजन नंबर 5 जालंधर में विभिन्न केस दर्ज हैं तथा फगवाड़ा में वारदात करने से कुछ दिन पूर्व ही वे जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *