Jalandhar News: कांग्रेस पार्षद परमजीत कौर और हरपाल मिंटू आप पार्टी में हुए शामिल

जालंधर, ENS: राजनीति गलियारे में एक बार फिर पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में नेताओं का आने जाने का सिलसिला शुरू हो गया। वहीं आज वार्ड नंबर 23 की पार्षद परमजीत कौर और उनके पति हरपाल मिंटू ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की है। पार्षद परजीत कौर सुबह हलका इंचार्ज के आफिस में पार्टी में शामिल हो गईं थी, लेकिन उनके पति हरपाल मिंटू ने सीएम हाउस में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री आवास (सीएम हाउस) में पार्षद पति हरपाल मिंटू को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर राजबीर सिंह घुम्मण ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार स्वयं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा हरपाल मिंटू को पार्टी में शामिल कराया जाना था, लेकिन घने कोहरे (धुंध) के कारण वे सीएम हाउस नहीं पहुंच सके और उन्हें श्री फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना होना पड़ा। उन्होंने नए सदस्यों का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद पार्षद परमजीत कौर ने कहा कि आप पार्टी के कामों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय से वह हलके में हो रहे विकास कार्यों और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने वाली राजनीति को करीब से देख रही थीं। परमजीत कौर ने कहा कि आज राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने की आवश्यकता है और यह काम आम आदमी पार्टी बखूबी कर रही है। कांग्रेस पार्टी अब आम लोगों की उम्मीदों और ज़मीनी सच्चाइयों से दूर होती जा रही है, जबकि आम आदमी पार्टी बिना भेदभाव के हर नागरिक की समस्या को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुँच रहा है, यही कारण है कि लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। वहीं हरपाल मिंटू ने अपने संबोधन में कहा कि आज जनता को ऐसे नेतृत्व की ज़रूरत है जो दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि धरातल पर काम करे। आम आदमी पार्टी उसी सोच का प्रतीक है। अब हम पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी के साथ मिलकर वार्ड नंबर 23 के विकास के लिए काम करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *