Jalandhar News: कार-ऑटो की टक्कर में तीसरे व्यक्ति की भी हुई मौत

जालंधर, ENS: भोगपुर हाईवे पर गांव रायपुर के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार इनोवा ने आटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आटो पलट कर दूसरी तरफ रोड पर चला गया और दूसरी तरफ आ रही कार की चपेट में आ गया। हादसे में आटो में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और आटो चालक ने देर रात इलाज दौरान दम तोड़ दिया, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान प्रिंस, करण निवासी गांव शेर ढोला, शाहाबाद अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है।

वहीं आटो चालक रिषी नगर निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई हैं। घायलों की पहचान गांव शेर ढोला शाहाबाद के ही चितराम, खुशप्रीत, करमवीर और विक्की के रूप में हुई हैं। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमों ने घायलों को कैपिटोल अस्पताल में दाखिल करवाया। जानकारी के अनुसार आटो चालक सुनील कुमार सवारियां लेकर पठानकोट चौक से बल्लां की ओर जा रहा था। जब वह रायपुर के पास पहुंचा तो इनोवा ने आटो को पीछे से टक्कर मार दी।

मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआइ सतनाम सिंह टीम सहित पहुंचे। उन्होंने सड़क के बीच खड़े क्षतिग्रस्त आटो को साइड करवाया और जाम खुलवाया। बाद में आटो चालक ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची थाना मकसूदां की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने वाहन को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने जांच के बाद होशियारपुर के टांडा से इनोवा बरामद कर ली है। आरोपी चालक फरार चल रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *