Jalandhar News: मीटर लगाने को लेकर रिश्वत लेता PSPCL कर्मचारी गिरफ्तार

जालंधर, ENS: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा चलाए गए भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के दौरान पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के कार्यालय, गांव बडिंग, जालंधर छावनी में तैनात शिकायत प्रबंधन शाखा (सीएचबी) के सहायक चरणजीत सिंह को 2000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त आरोपी को सैनिक विहार, गांव ढिल्लवां, जिला जालंधर निवासी राकेश कुमार की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया है कि जालंधर रोज कालोनी बडिंग में अपने रिश्तेदार के घर पर घरेलू बिजली आपूर्ति के लिए नया मीटर लगाने के बदले संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) सुरजीत सिंह के लिए 5000 रुपये और खुद के लिए 500 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि उक्त आरोपी सीएचबी ने 31-01-2025 को उस घर में बिजली मीटर लगाते समय उससे 3500 रुपये ले लिए और शेष राशि बाद में देने को कहा था। अब उक्त आरोपी पीड़ित से बकाया राशि 2000 रूपये की मांग कर रहा है और धमकी दे रहा है कि नहीं तो वह मीटर को उतवा देंगा।

प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, जालंधर रेंज की विजिलेंस ब्यूरो टीम ने जाल बिछाया। जिसके दौरान आरोपी सीएचबी सहायक को 2 सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 2000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के जालंधर रेंज थाने में उक्त आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच के दौरान संबंधित जेई की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *